डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद क्रिप्टो से एक अरब डॉलर से अधिक रक़म बनाई

डोनाल्ड ट्रंप ने राष्ट्रपति बनने के बाद क्रिप्टो से एक अरब डॉलर से अधिक रक़म बनाई

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्हाइट हाउस के ओवल ऑफ़िस में

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप व्यापारिक सौदों में शामिल रहे हैं

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने 2025 के लिए अपनी अनिवार्य वित्तीय घोषणा (फ़ाइनेंशियल डिस्क्लोज़र) में बताया है कि उन्होंने पिछले साल क्रिप्टोकरेंसी से जुड़े कारोबार से एक अरब डॉलर से अधिक की कमाई की.

927 पन्नों की इस वित्तीय घोषणा में उन्होंने बताया कि ‘ट्रंप मीम कॉइन’ से उन्हें 63.5 करोड़ डॉलर की रॉयल्टी मिली. यह कॉइन उनके राष्ट्रपति पद संभालने से कुछ दिन पहले लॉन्च किया गया था, लेकिन उसके बाद इसकी क़ीमत में भारी गिरावट आई है.

उन्होंने यह भी बताया कि वर्ल्ड लिबर्टी फाइनेंशियल नाम की एक क्रिप्टोकरेंसी कंपनी से उन्हें 50 करोड़ डॉलर से अधिक की आय हुई.

इस कंपनी की स्थापना उनके बेटों और उनके विशेष दूत स्टीव विटकॉफ़ के बच्चों ने की थी.

ट्रंप ने रियल एस्टेट और ट्रंप ब्रांड से जुड़े सामानों की बिक्री से भी करोड़ों डॉलर की कमाई की.

हालांकि, व्हाइट हाउस ने इन आरोपों से इनकार किया कि ट्रंप राष्ट्रपति पद का इस्तेमाल निजी मुनाफ़े के लिए कर रहे हैं.

ट्रंप ने बिटकॉइन को एक समय कहा था ‘स्कैम’

2008 में बिटकॉइन नाम की क्रिप्टोकरेंसी बनी थी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, 2008 में बिटकॉइन नाम की क्रिप्टोकरेंसी बनी थी

ट्रंप की ताज़ा वित्तीय घोषणा में दिखाई गई कमाई पिछले वर्ष की तुलना में काफ़ी अधिक है.

2024 की वित्तीय घोषणा में ट्रंप ने 60 करोड़ डॉलर से अधिक की आय बताई थी.

लेकिन व्हाइट हाउस ने एक बार फिर कहा कि इसमें किसी तरह का हितों का टकराव नहीं है.

व्हाइट हाउस ने बार-बार कहा है कि ट्रंप ने अपने कारोबार को एक ट्रस्ट में रखा हुआ है, जिसका प्रबंधन उनके बेटे करते हैं.

व्हाइट हाउस की उप प्रेस सचिव एना केली ने कहा कि राष्ट्रपति ट्रंप ने गर्व के साथ अमेरिका को “दुनिया की क्रिप्टो राजधानी” बनाया है.

उन्होंने बयान में कहा, “न तो राष्ट्रपति और न ही उनके परिवार ने कभी हितों का टकराव किया है और न ही कभी करेंगे.”

उन्होंने आगे कहा, “राष्ट्रपति ट्रंप और उनका प्रशासन जो भी कदम उठाते हैं, वे अमेरिकी जनता के सर्वोत्तम हित में होते हैं. इसके विपरीत दावा करने वाले तथाकथित पत्रकार वही पुरानी और झूठी कहानी दोहरा रहे हैं, जिसे डेमोक्रेटिक पार्टी और पारंपरिक मीडिया पिछले एक दशक से फैलाते आ रहे हैं.”

खुद राष्ट्रपति ट्रंप भी कह चुके हैं कि उन पर संघीय स्तर के हितों के टकराव से जुड़े क़ानून लागू नहीं होते.

एक समय ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी की आलोचना की थी.

2021 में उन्होंने बिटकॉइन को “धोखाधड़ी (स्कैम)” और “भविष्य की एक बड़ी आपदा” बताया था.

लेकिन तीन साल बाद राष्ट्रपति चुनाव प्रचार के दौरान उन्होंने कहा कि वह अमेरिका को “पृथ्वी की क्रिप्टो राजधानी” बनाना चाहते हैं.

पिछले साल व्हाइट हाउस लौटने के बाद उनके शुरुआती फ़ैसलों में से एक क्रिप्टो उद्योग के “ज़िम्मेदाराना विकास को समर्थन” देने संबंधी कार्यकारी आदेश पर हस्ताक्षर करना था.

जॉर्ज डब्ल्यू बुश के राष्ट्रपति कार्यकाल में व्हाइट हाउस के मुख्य नैतिकता वकील रहे रिचर्ड पेंटर ने बीबीसी से कहा कि ट्रंप का क्रिप्टो से 1 अरब डॉलर कमाना “असाधारण” है.

उन्होंने कहा, “बिल्कुल यह हितों का टकराव है.”

रेमंड जेम्स वेल्थ मैनेजमेंट में निजी ग्राहकों के निदेशक विल वॉकर-अर्नॉट ने कहा, “पैसा कमाने के मामले में ट्रंप का तरीक़ा पिछले राष्ट्रपतियों से बिल्कुल अलग है.”

उन्होंने कहा, “जिमी कार्टर ने राष्ट्रपति बनने से पहले अपनी मूंगफली की खेती को ब्लाइंड ट्रस्ट में डाल दिया था और जॉर्ज डब्ल्यू. बुश ने राष्ट्रपति बनने से पहले टेक्सास रेंजर्स टीम में अपनी हिस्सेदारी बेच दी थी. लेकिन ट्रंप बिल्कुल अलग तरीके से काम कर रहे हैं और ऐसा लगता है कि वे अपने परिवार की इस क्रिप्टो कंपनी के ज़रिए काफ़ी पैसा कमा रहे हैं.”

ट्रंप ब्रांड की बाइबल, घड़ियां और परफ़्यूम

डोनाल्ड ट्रंप अपने ब्रांड नेम वाले जूतों के साथ

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, डोनाल्ड ट्रंप अपने ब्रांड नेम वाले जूतों के साथ

मंगलवार को जारी वित्तीय घोषणा से पता चलता है कि ट्रंप की क्रिप्टोकरेंसी से हुई कमाई उनके रियल एस्टेट कारोबार की आय से कहीं अधिक रही. यही रियल एस्टेट कारोबार उन्हें सबसे पहले प्रसिद्धि दिलाने वाला व्यवसाय था.

ट्रंप ने फ्लोरिडा स्थित अपने मार-ए-लागो क्लब से लगभग 7.7 करोड़ डॉलर की कमाई की.

फ्लोरिडा के डोरल स्थित अपने गोल्फ़ क्लब से उन्होंने 12.2 करोड़ डॉलर की आय अर्जित की.

इसके अलावा उन्होंने न्यू जर्सी के बेडमिंस्टर, फ्लोरिडा के जुपिटर और स्कॉटलैंड के टर्नबेरी स्थित अपने गोल्फ़ क्लबों से भी 3-3 करोड़ डॉलर से अधिक की कमाई की.

वित्तीय घोषणा के अनुसार, ट्रंप ने अपने अन्य कारोबारी उपक्रमों से भी करोड़ों डॉलर कमाए.

इनमें ट्रंप ब्रांड की घड़ियों से मिलने वाली 47 लाख डॉलर की रॉयल्टी भी शामिल है.

इसके अलावा ट्रंप ब्रांड की बाइबल, जूते, परफ़्यूम और गिटार की बिक्री से भी उन्हें आय हुई.

प्रथम महिला मेलानिया ट्रंप ने भी इस वित्तीय घोषणा में वर्ष 2025 की अपनी आय का ब्यौरा दिया है.

उन्होंने पिछले वर्ष रिलीज़ हुई अपनी डॉक्यूमेंट्री से जुड़े एक लाइसेंस समझौते के तहत 1.07 करोड़ डॉलर की कमाई की.

इसके अलावा एनएफटीज़ की बिक्री से उन्हें 60 लाख डॉलर की आय हुई. एनएफटी डिजिटल तस्वीरें या डिजिटल संपत्तियां होती हैं, जिन्हें ऑनलाइन ख़रीदा और बेचा जाता है.

राष्ट्रपति ट्रंप ने विभिन्न क़ानूनी मामलों में हुए समझौतों से 8.65 करोड़ डॉलर की आय भी घोषित की है.

इनमें एबीसी के ख़िलाफ़ मुक़दमे के समझौते से 1.6 करोड़ डॉलर शामिल हैं.

सीबीएस ब्रॉडकास्टिंग और सीबीएस इंटरएक्टिव से हुए समझौते से उन्हें 1.6 करोड़ डॉलर मिले. मेटा से 2.45 करोड़ डॉलर की आय हुई. यूट्यूब से 2.2 करोड़ डॉलर मिले जबकि एक्स से उन्हें 80 लाख डॉलर मिले.

हालांकि, व्हाइट हाउस का कहना है कि इस राशि का अधिकांश हिस्सा ट्रंप के प्रस्तावित राष्ट्रपति पुस्तकालय या वॉशिंगटन डीसी क्षेत्र के पार्कों के रखरखाव के लिए समर्पित एक गैर-लाभकारी संस्था को जाएगा.

राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर वाली बाइबल

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के हस्ताक्षर वाली बाइबल

दुनिया के सबसे अमीर लोगों की सूची तैयार करने वाली फ़ोर्ब्स पत्रिका के मुताबिक़, डोनाल्ड ट्रंप की अनुमानित कुल संपत्ति 6 अरब डॉलर है, जो 2024 में 2.3 अरब डॉलर थी.

वहीं, ब्लूमबर्ग बिलियनेयर्स इंडेक्स के मुताबिक़ ट्रंप की कुल संपत्ति 7.6 अरब डॉलर है.

व्हाइट हाउस लौटने के बाद ट्रंप ने क्रिप्टोकरेंसी उद्योग के प्रति सकारात्मक रुख़ अपनाया, जबकि उनके परिवार से जुड़ी कंपनियों ने भी डिजिटल टोकन जारी किए.

ट्रंप द्वारा नियुक्त अमेरिकी वित्तीय नियामक संस्था सिक्योरिटीज़ एंड एक्सचेंज कमीशन (एसईसी) के प्रमुख को भी क्रिप्टो उद्योग का समर्थक माना जाता है.

अप्रैल 2025 में पद संभालने के बाद से पॉल एटकिंस ने एसईसी की नीति में बदलाव किया और उनसे पहले रहे प्रमुख की सख्त प्रवर्तन-आधारित नियामक नीति से हटकर नया रुख़ अपनाया.

पिछले साल जुलाई में राष्ट्रपति ट्रंप ने जीनियस एक्ट पर हस्ताक्षर किए. उनका कहना था कि इसका उद्देश्य अमेरिका को “डिजिटल एसेट्स के क्षेत्र में दुनिया का निर्विवाद नेता बनाना है.”

900 से अधिक पन्नों वाली ट्रंप की वार्षिक वित्तीय घोषणा पिछले राष्ट्रपतियों की तुलना में कहीं अधिक विस्तृत है.

उदाहरण के लिए, जो बाइडन की राष्ट्रपति पद के अंतिम पूर्ण वर्ष की वित्तीय घोषणा केवल 11 पन्नों की थी.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

Source link
#डनलड #टरप #न #रषटरपत #बनन #क #बद #करपट #स #एक #अरब #डलर #स #अधक #रकम #बनई

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *