Dausa Bus Accident : इंदौर जा रही बस में  लगी आग, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा,आठ की मौत; पांच जिंदा जले

Dausa Bus Accident : इंदौर जा रही बस में लगी आग, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा,आठ की मौत; पांच जिंदा जले

राजस्थान के दौसा जिले में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर मंगलवार देर रात एक भीषण सड़क हादसा हो गया। ऋषिकेश से इंदौर जा रही एक स्लीपर बस आगे चल रहे ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस और ट्रक दोनों में आग लग गई। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि 24 लोग घायल हुए हैं।

दौसा एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि हादसा कोलवा थाना क्षेत्र के तनावड़ स्थित जीरो पॉइंट पर रात करीब 2:30 बजे हुआ। मृतकों में छह लोगों की मौत आग में झुलसने से हुई, जबकि दो लोगों ने सिर में गंभीर चोट लगने के कारण दम तोड़ दिया। घायलों का इलाज दौसा जिला अस्पताल में चल रहा है। बस में तेजी से फैली आग पुलिस के अनुसार हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, जिससे अंदर फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में काफी परेशानी हुई।

प्रत्यदर्शियों के मुताबिक बस करीब एक घंटे तक जलती रही और इसी दौरान स्थानीय लोगों ने आग और धुएं के बीच फंसे यात्रियों को बाहर निकालने की कोशिश की। हादसे में कई बच्चे भी घायल हुए हैं। जिला अस्पताल में भर्ती घायलों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। एक महिला अपने घायल बच्चे के इलाज के लिए डॉक्टरों से गुहार लगाती नजर आई।

हादसे से जुड़ी पल-पल की अपडेट देखें-  Dausa Bus Accident Live: ऋषिकेश से इंदौर जा रही बस ट्रक से टकराकर धधकी, आठ की मौत; सीएम भजनलाल ने जताया दुख

बस में सिगरेट के पैकेट होने का दावा

स्थानीय लोगों ने यह भी दावा किया है कि बस के स्टोरेज बॉक्स में सिगरेट के पैकेट भरे हुए थे। उनका मानना है कि इसी वजह से आग ने तेजी से विकराल रूप ले लिया। हालांकि पुलिस ने अभी इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है और मामले की जांच जारी है।

अब तक 9 घायलों की पहचान

एसपी पीयूष दीक्षित ने बताया कि अब तक घायलों में से केवल 9 लोगों की पहचान हो सकी है। अन्य यात्रियों की पहचान और उनके परिजनों से संपर्क करने का प्रयास किया जा रहा है।

क्या बोलीं दौसा कलेक्टर ?

दौसा कलेक्टर सौम्या झा ने बताया कि मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने के लिए सभी शवों के सैंपल आज ही फोरेंसिक जांच के लिए भेजे जाएंगे। उम्मीद है कि आज देर रात या बुधवार सुबह तक सभी मृतकों की पहचान हो जाएगी। अभी तक तीन मृतकों की पहचान हो चुकी है, लेकिन प्रशासन सभी मृतकों के नामों की आधिकारिक सूची एक साथ जारी करेगा।

जांच कमेटी गठित

दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर कोलवा के पास हुए भीषण बस-ट्रेलर हादसे के बाद जिला प्रशासन ने मामले की विस्तृत जांच के लिए उच्चस्तरीय समिति का गठन किया है। जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा ने दुर्घटना के सभी पहलुओं की गहन जांच कर जल्द से जल्द विस्तृत रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।आदेश के अनुसार जांच समिति में अतिरिक्त जिला मजिस्ट्रेट (लालसोट), अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (दौसा), प्रादेशिक परिवहन अधिकारी (दौसा), उपखंड मजिस्ट्रेट (बांदीकुई), उपखंड मजिस्ट्रेट (बसवा), अधीक्षण अभियंता, सार्वजनिक निर्माण विभाग (सदस्य सचिव, सड़क सुरक्षा समिति), मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (दौसा) तथा प्रभारी iRAD, एनआईसी दौसा को सदस्य बनाया गया है।

प्रशासन का कहना है कि समिति दुर्घटना के तकनीकी, प्रशासनिक और सुरक्षा संबंधी सभी पहलुओं की जांच करेगी। हादसे के कारणों, राहत एवं बचाव कार्य की समीक्षा के साथ-साथ भविष्य में इस तरह की घटनाओं की रोकथाम के लिए आवश्यक सुझाव भी रिपोर्ट में शामिल किए जाएंगे। जिला कलेक्टर ने समिति को निर्देश दिए हैं कि जांच पूरी कर विस्तृत प्रतिवेदन यथाशीघ्र प्रस्तुत किया जाए।

Dausa Bus Accident : इंदौर जा रही बस में  लगी आग, दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसा,आठ की मौत; पांच जिंदा जले


जांच कमेटी ने किया घटनास्थल का निरीक्षण

जिला कलक्टर डॉ. सौम्या झा के निर्देशानुसार गठित जांच दल ने मंगलवार को बांदीकुई तहसील के ग्राम कोलवा क्षेत्र में दिल्ली–मुंबई एक्सप्रेस-वे पर घटनास्थल का निरीक्षण किया है। दल ने दुर्घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण करते हुए सड़क की स्थिति, यातायात व्यवस्था, दुर्घटना के संभावित कारणों, सुरक्षा मानकों तथा अन्य तकनीकी एवं प्रशासनिक पहलुओं का परीक्षण किया। जांच के दौरान दल ने घटनास्थल से गुजरने वाले ट्रक एवं अन्य भारी वाहनों के चालकों से भी बातचीत कर उनकी राय और अनुभव जाने, ताकि दुर्घटना से जुड़े व्यावहारिक एवं तकनीकी पहलुओं का समग्र आकलन किया जा सके।

इसके अतिरिक्त जांच दल ने भांडारेज स्थित कंट्रोल रूम पहुंचकर एक्सप्रेस-वे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की रिकॉर्डिंग का अवलोकन किया तथा दुर्घटना के समय के वीडियो फुटेज का गहन विश्लेषण किया। जांच दल दुर्घटना के सभी पहलुओं का विस्तृत विश्लेषण कर अपनी जांच रिपोर्ट जिला कलेक्टर को प्रस्तुत करेगा। दुर्घटना के कारणों और घटनाक्रम की वैज्ञानिक जांच के लिए जयपुर से आई फॉरेंसिक साइंस लेबोरेटरी (एफएसएल) की टीम भी मौके पर पहुंची है, जिसने आवश्यक वैज्ञानिक साक्ष्य एकत्रित कर जांच संबंधी कार्रवाई की।

बस में 39 लोग थे सवार

दौसा बस हादसे की जांच कर रहे एएसआई समूदर सिंह ने बताया कि बस नंबर AR-11P-6565 में चालक और परिचालक सहित कुल 39 लोग सवार थे। हादसे में अब तक आठ लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि कई यात्री गंभीर रूप से घायल हैं।

घायल यात्रियों की सूची


  • याचिका (7), पुत्री दीपक तंवर, ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • नेहा (26), ओंकारेश्वर के पास, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • दिशा (19), पुत्री संजय, नंदा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • सुवानंद (25), पुत्र राजेश, सुदामा नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • प्रदीप (26), पुत्र नरेंद्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • महक (22), पुत्री महेश, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • योगानी (21), पुत्री सेलेन्द्र, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • जितेंद्र पांडे (45), दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी

  • अभिनव पांडे (13), पुत्र जितेंद्र, दशहरा मैदान, पटेल कॉलोनी

  • विशुलाल (65), पुत्र बलवंत सिंह, भिलसेड़ी (मध्य प्रदेश)

  • शिखा (31), नीम का थाना, सीकर (राजस्थान)

  • चंद्रप्रकाश (66), पुत्र हीरालाल, डबरा (मध्य प्रदेश)

  • दिव्या (25), पुत्री दीपक, बड़वाह (मध्य प्रदेश) – हालत गंभीर

लापता यात्रियों की तलाश जारी


  • निर्मला, पत्नी चंद्रप्रकाश, इंदौर

  • प्रियंका (33), पत्नी जितेंद्र पांडे, बड़वाह (मध्य प्रदेश)

  • भूमि (20), पुत्री भारत भोर, बजरंग नगर, इंदौर (मध्य प्रदेश)

  • दीपू (60), पुत्र नरवत सिंह, रामपुरा कला, सीहोर (मध्य प्रदेश)

मृतकों की पहचान में आ रही मुश्किल

जिला अस्पताल के पीएमओ डॉ. आर.के. मीणा ने बताया कि सभी आठ लोगों की मौत अस्पताल पहुंचने से पहले ही हो चुकी थी। उन्होंने कहा कि 13 घायलों की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है। हादसा इतना भीषण था कि चार शव बुरी तरह क्षत-विक्षत हो गए, जिससे उनकी पहचान करना मुश्किल हो रहा है। ऐसे में डीएनए जांच की भी आवश्यकता पड़ सकती है।

 विधायक दीनदयाल बैरवा बोले- इमरजेंसी गेट नहीं खुलने के कारण यात्री नहीं बच सके

दौसा बस हादसे को लेकर विधायक दीनदयाल बैरवा ने बड़ा दावा किया है। उनका कहना है कि हादसे के बाद बस में आग तेजी से फैल गई, लेकिन इमरजेंसी गेट नहीं खुलने के कारण यात्री समय रहते बाहर नहीं निकल सके। उनके अनुसार यदि आपातकालीन निकास द्वार खुल जाता, तो कई यात्रियों की जान बचाई जा सकती थी। विधायक ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर बस की सुरक्षा व्यवस्था की भी पड़ताल कराने की मांग की है।

मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने संवेदना व्यक्त की

सीएम भजनलाल शर्मा ने सड़क हादसे पर दुख व्यक्त करते हुए लिखा कि दौसा में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हुई सड़क दुर्घटना में जनहानि का समाचार पीड़ादायक है। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्री चरणों में स्थान दें तथा शोकाकुल परिजनों को यह अपार दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की प्रार्थना करता हूँ।

 

अशोक गहलोत ने जताया दुख

पूर्व सीएम अशोक गहलोत ने दिल्ली – मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क हादसे पर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए दुख जताया। उन्होंने लिखा कि दौसा जिले में दिल्ली – मुंबई एक्सप्रेस वे पर हुई एक भीषण सड़क दुर्घटना में कई लोगों की मृत्यु होने का समाचार बेहद दुखद है। इस हादसे में मारे गए लोगों के परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं व्यक्त करता हूं। ईश्वर उन्हें इस कठिन समय में संबल प्रदान करें एवं दिवंगतों की आत्मा को शांति प्रदान करें। घायलों के शीघ्र स्वास्थ्य लाभ की कामना करता हूं।

सांसद मुरारी लाल मीणा बोले- मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका

सांसद मुरारी लाल मीणा ने बताया कि बस में 37 यात्रियों ने ऑनलाइन बुकिंग करवाई थी। मृतकों की संख्या बढ़ने की आशंका है। उन्होंने प्रशासन को यात्रियों और उनके परिजनों की सहायता के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी करने के निर्देश दिए हैं। फिलहाल सभी शवों की शिनाख्त की प्रक्रिया जारी है। कई शव बुरी तरह झुलस गए हैं, ऐसे में उनकी पहचान के लिए डीएनए सैंपलिंग की आवश्यकता पड़ सकती है।

Source link
#Dausa #Bus #Accident #इदर #ज #रह #बस #म #लग #आग #दललमबई #एकसपरसव #पर #हदसआठ #क #मत #पच #जद #जल

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *