ग्वालियर5 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

मुरार थाना क्षेत्र स्थित आर्मी कैंट परिसर में रहने वाले एक सैन्यकर्मी के परिवार को साइबर ठगों ने लोन पर सरकारी सब्सिडी दिलाने का झांसा देकर 1 लाख 4 हजार रुपए की चपत लगा दी। बैंक पहुंचने पर महिला को ठगी का पता चला, जिसके बाद उन्होंने साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने शून्य पर प्रकरण दर्ज कर बिहार के संदिग्ध आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
परिचित के जरिए मिला था लोन एजेंट का नंबर
पुलिस के अनुसार पीड़िता मोनीगोंग चेंगो यापी जेनपेन अपने पति लिंगा जेनपेन, जो भारतीय सेना में पदस्थ हैं, के साथ मुरार स्थित आर्मी कैंपस में रहती हैं। घरेलू जरूरतों के लिए उन्हें ऋण की आवश्यकता थी। इसी दौरान एक परिचित ने उन्हें लोन दिलाने वाले व्यक्ति का मोबाइल नंबर दिया।
4.23 लाख का लोन स्वीकृत कराया
फोन पर संपर्क करने पर सामने वाले व्यक्ति ने अपना नाम रोहित कुमार और निवासी बिहार बताया। उसने आवश्यक दस्तावेज लेकर रांची स्थित एक बैंक शाखा से पीड़िता के नाम 4,23,896 रुपए का लोन स्वीकृत कराया। 17 जुलाई 2025 को यह राशि महिला के बैंक खाते में जमा भी हो गई, जिससे पीड़िता का उस पर भरोसा बढ़ गया।
सब्सिडी के नाम पर मांगे 99 हजार रुपए
लोन मिलने के बाद आरोपी ने महिला को फोन कर कहा कि इस ऋण पर सरकारी सब्सिडी मिलेगी, लेकिन उसे सक्रिय कराने के लिए 99 हजार रुपए सिक्योरिटी डिपॉजिट के रूप में जमा करने होंगे, जो छह महीने बाद वापस कर दिए जाएंगे।
आरोपी ने अपने कथित साथी चंदन कुमार का मोबाइल नंबर देकर गूगल-पे के माध्यम से राशि भेजने को कहा। महिला ने झांसे में आकर दो किश्तों में कुल 99 हजार रुपए ट्रांसफर कर दिए। इसके बाद आरोपियों ने प्रोसेसिंग फीस के नाम पर 5 हजार रुपए और जमा करा लिए।
बैंक पहुंचने पर खुली ठगी की पोल
जब लंबे समय तक सब्सिडी की राशि खाते में नहीं आई और आरोपी लगातार और पैसे मांगने लगे, तो महिला को संदेह हुआ। वह बैंक पहुंचीं, जहां अधिकारियों ने बताया कि बैंक की ओर से इस तरह की किसी सब्सिडी के लिए एडवांस राशि नहीं ली जाती।
इसके बाद पीड़िता ने तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930 पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर ट्रांजैक्शन रोकने की प्रक्रिया शुरू की गई और मुरार थाना पुलिस ने धोखाधड़ी एवं आईटी एक्ट की धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी।
बिहार के आरोपियों की तलाश
मुरार थाना प्रभारी मैना पटेल ने बताया कि सेना के जवान की पत्नी से लोन सब्सिडी के नाम पर 1.04 लाख रुपए की साइबर ठगी का मामला सामने आया है। जांच में बिहार के रोहित कुमार और चंदन कुमार के मोबाइल नंबर और बैंक खातों की जानकारी जुटाई जा रही है। साइबर सेल की मदद से तकनीकी साक्ष्य एकत्र किए जा रहे हैं और आरोपियों की लोकेशन ट्रेस की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपियों के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Source link
#गवलयर #म #फज #क #पतन #स #लख #क #ठग #लन #पर #सबसड #दलन #क #झस #दकर #बहर #क #ठग #न #ऐठ #रपए #FIR #Gwalior #News



