इंदौर-देवास बाईपास पर कार में सो रहे सेल्स मैनेजर और उसके साथी से लूट करने वाले गिरोह का एक आरोपी पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

HighLights
- कार में सो रहे लोगों से लूट
- पिस्टल के बट से किया हमला
- एक आरोपी पुलिस गिरफ्त में
डिजिटल डेस्क, नईदुनिया। इंदौर-देवास बाईपास पर राहगीरों को निशाना बनाकर लूटपाट करने वाले गिरोह के एक बदमाश को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरोह ने 10 जुलाई की तड़के डकाच्या ब्रिज के पास कार में आराम कर रहे एक टेलीकॉम कंपनी के सेल्स मैनेजर और उसके साथी पर हमला कर मोबाइल लूट लिए थे। घटना के अगले ही दिन गिरोह दोबारा वारदात की तैयारी में था, लेकिन इस बार पुलिस की सतर्कता के चलते एक आरोपी पकड़ लिया गया, जबकि उसके दो साथी फरार हो गए।
पिस्टल से फायर की कोशिश, फिर बट से किया हमला
शिप्रा थाने के एसआई योगेंद्र सिंह सोजतिया के अनुसार, फरियादी मिथिलेश सिंह (35) एक टेलीकॉम कंपनी में सेल्स मैनेजर हैं। गुरुवार देर रात वह अपने साथी दिलखुश के साथ देवास नाका से इंदौर-देवास बायपास पहुंचे थे। दोनों ने डकाच्या ब्रिज के पास कार खड़ी कर आराम करना शुरू किया।
इसी दौरान तीन बदमाश कार के पास पहुंचे। एक आरोपी ने देशी पिस्टल तानकर फायर करने की कोशिश की, लेकिन गोली नहीं चली। इसके बाद आरोपी ने पिस्टल के बट से मिथिलेश के सिर पर वार कर उन्हें घायल कर दिया। वारदात के दौरान बदमाश दोनों के मोबाइल फोन लूटकर मौके से फरार हो गए। घटना के बाद पीड़ितों ने शिप्रा थाने में शिकायत दर्ज कराई।
मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेरा
घटना के बाद पुलिस ने बदमाशों के हुलिये के आधार पर मुखबिरों को सक्रिय किया और तकनीकी जांच शुरू की। शुक्रवार रात सूचना मिली कि तीन संदिग्ध एक बाइक पर शिप्रा-उज्जैन बायपास पर मौजूद हैं और उनका हुलिया लुटेरों से मेल खाता है।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस को देखकर तीनों आरोपी भागने लगे। गिरफ्तारी के डर से वे बाइक छोड़कर भागे। इस दौरान पीछे बैठे दो आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि अमन कौशल को पुलिस ने मौके से गिरफ्तार कर लिया।
जल्दी पैसे कमाने के लिए बनाई थी लूट की योजना
पूछताछ में आरोपी अमन कौशल ने पुलिस को बताया कि उसने किस्त भरने और जल्दी पैसे कमाने के लिए साथियों के साथ मिलकर लूट की योजना बनाई थी। आरोपी ने यह भी स्वीकार किया कि लूटे गए मोबाइल फोन बेच दिए गए हैं।
पुलिस अब फरार आरोपियों की तलाश कर रही है। साथ ही गिरफ्तार आरोपी से अन्य वारदातों और गिरोह की गतिविधियों के बारे में पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि गिरोह के सदस्य उज्जैन के उन्हेल से इंदौर आते थे, रात में वारदात को अंजाम देते और फिर वापस लौट जाते थे।
Source link
#इदरदवस #बईपस #पर #पसटल #तनकर #लट #फयर #नह #हआ #त #बट #स #कय #हमल #अगल #ह #दन #पलस #क #हतथ #चढ #लटर


