![]()
शाजापुर में रेलवे कर्मचारियों के बीच हुए विवाद में चाकूबाजी और मारपीट का मामला सामने आया है। सोमवार शाम रेलवे स्टेशन रोड पर हुई इस घटना में पुलिस ने दो आरोपियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। मुख्य आरोपी शाहरुख मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि उसका साथी राजा फरार है और उसकी तलाश जारी है। पुलिस को दी गई जानकारी के अनुसार, रेलवे कॉलोनी निवासी वरिष्ठ टेक्नीशियन शैलेन्द्र शर्मा ने बताया कि सोमवार शाम वे अपने साथी हेमराज बोड़ाना और बलराम राजोरिया के साथ रेलवे यार्ड के पास खड़े थे। इसी दौरान रेलवे कर्मचारी शाहरुख मंसूरी वहां आया और पुराने विवाद को लेकर गाली-गलौज करने लगा। जब शैलेन्द्र ने इसका विरोध किया, तो शाहरुख ने उनके साथ थप्पड़ और मुक्कों से मारपीट की, जिससे उन्हें गाल और पसली में चोटें आईं। शिकायत में बताया गया है कि जब हेमराज बोड़ाना बीच-बचाव करने पहुंचे, तो शाहरुख ने उनके साथ भी जातिसूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इसी दौरान शाहरुख का साथी राजा भी मौके पर आ गया। दोनों ने मिलकर हेमराज पर हमला कर दिया। आरोप है कि शाहरुख ने लोहे के पाइप से हेमराज के सिर और पैर पर वार किया, जिससे उनके सिर से खून बहने लगा। राजा ने चाकू से हमला किया, जिसमें बचाव करते समय हेमराज की बाएं हाथ की उंगली में गंभीर चोट आई। घटना के दौरान बलराम राजोरिया ने बीच-बचाव करने का प्रयास किया। आरोप है कि हमला करने के बाद दोनों आरोपियों ने जान से मारने की धमकी भी दी। घायल हेमराज को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। कोतवाली थाना प्रभारी संतोष वाघेला ने जानकारी दी कि शिकायत के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ मारपीट, जानलेवा हमला, धमकी और अनुसूचित जाति-जनजाति अत्याचार निवारण अधिनियम सहित विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने मुख्य आरोपी शाहरुख मंसूरी को गिरफ्तार कर लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। फरार आरोपी राजा की तलाश जारी है और मामले की आगे की जांच चल रही है।
Source link
#रलव #करमचरय #क #ववद #म #चकबज #मखय #आरप #शहरख #गरफतर #दसर #आरप #फरर #shajapur #News


