प्रशांत किशोर कितने अमीर हैं और उनकी पत्नी की संपत्ति कितनी है

प्रशांत किशोर कितने अमीर हैं और उनकी पत्नी की संपत्ति कितनी है

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, @jansuraajonline

इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर ने सोमवार को बांकीपुर उपचुनाव में अपना नामांकन किया था

पटना के अंटा घाट सब्ज़ी मंडी के बगल में स्थित कलेक्ट्रेट ऑफिस में सोमवार को प्रशांत किशोर के पहुंचने से पहले उनकी पत्नी जाह्नवी दास पहुंची हुई थीं.

हल्के रंग के सलवार सूट में जाह्नवी दास जब सफ़ेद कुर्ता पायजामा पहने अपने बेटे के साथ कलेक्ट्रेट ऑफ़िस पहुंचीं तो मीडिया के कैमरे उनकी तरफ़ मुख़ातिब हुए. चेहरे पर मुस्कान लिए जाह्नवी से मैंने पूछा कि प्रशांत किशोर के बांकीपुर उपचुनाव लड़ने पर वो क्या सोचती हैं?

जाह्नवी दास ने इस सवाल का जवाब दिए बिना सिर्फ़ बीबीसी न्यूज़ हिन्दी से इतना कहा, “प्रशांत को आप लोगों की शुभकामनाओं की ज़रूरत है.”

बांकीपुर उपचुनाव के लिए नामांकन के बाद सोमवार शाम को प्रशांत किशोर का एफ़िडेविट सार्वजनिक हुआ है.

भारत की चुनावी राजनीति में चुनावी रणनीतिकार के तौर पर स्थापित प्रशांत किशोर ने 2 अक्तूबर 2024 को जनसुराज को एक पार्टी के तौर पर लॉन्च किया था. एक सवाल ये भी बरक़रार था कि आख़िर जनसुराज पार्टी का आर्थिक संचालन कैसे होता है?

सितंबर 2025 में प्रशांत किशोर ने एक प्रेस कांफ्रेंस करके बताया था, “मैंने बीते तीन साल में व्यक्तिगत और मुझसे जुड़ी संस्थाओं ने कंसलटेंसी के तौर पर 241 करोड़ रुपये लिए हैं. जिसमें से 30.95 करोड़ रुपये जीएसटी और 20 करोड़ आयकर के तौर पर चुकाए गए हैं. मैंने जनसुराज को 98.75 करोड़ रुपये का दान दिया है.”

अब चुनावी मैदान में पहली बार उतरे प्रशांत किशोर का एफ़िडेविट आम लोगों की उत्सुकता का विषय बना हुआ है. इस एफ़िडेविट के मुताबिक़ प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास उनसे ज़्यादा अमीर हैं.

प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास
इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास

कौन हैं जाह्नवी दास?

49 साल के प्रशांत किशोर के एफ़िडेविट के मुताबिक़ उनकी पत्नी जाह्नवी दास के पास उनसे ज़्यादा चल-अचल संपत्ति है. साल 2024 में अपनी पार्टी जनसुराज लॉन्च करने से पहले पटना के बापू सभागार में आयोजित महिला संवाद में पहली बार प्रशांत किशोर की पत्नी जाह्नवी दास सामने आई थीं.

प्रशांत किशोर ने उनका परिचय कराते हुए बताया था कि वो पेशे से डॉक्टर हैं. उन्होंने कहा था, “ये असम की रहने वाली हैं और हिन्दी नहीं बोल पाती हैं.”

एफ़िडेविट के मुताबिक़, जाह्नवी दास नई दिल्ली के अपोलो इंद्रप्रस्थ हॉस्पिटल में सीनियर एडवाइज़र स्पेशल प्रोजेक्ट्स हैं.

मूल रूप से रोहतास के कोनार गांव के रहने वाले प्रशांत किशोर की चल संपत्ति 22.19 करोड़ रुपये है जबकि जाह्नवी दास की चल संपत्ति 89.51 करोड़ रुपये है.

चल संपत्ति में प्रशांत किशोर के पास 65,570 रुपये, वहीं जाह्नवी के पास 1.95 लाख रुपये नकद हैं. फ़िक्सड डिपॉज़िट की बात करें तो प्रशांत किशोर के पास 7.36 करोड़ और जाह्नवी के पास 67 लाख का फ़िक्सड डिपॉज़िट है.

अचल संपत्ति की बात करें तो प्रशांत किशोर के पास 73.87 करोड़ रुपये हैं वहीं जाह्नवी दास के पास 12.42 करोड़ रुपये हैं. यानी कुल मिलाकर प्रशांत किशोर क़रीब 96 करोड़ रुपये और जाह्नवी 102 करोड़ रुपये के मालिक हैं.

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, Jan Suraaj

इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर की चल संपत्ति 22.19 करोड़ रुपये है

पति-पत्नी के पास कितना सोना है?

प्रशांत किशोर के पास 0.6 ग्राम की एमरलैंड गोल्ड रिंग है. वहीं जाह्नवी के पास 475 ग्राम सोना और 200 ग्राम चांदी है. गोल्ड रिंग की बाज़ार क़ीमत 1.35 लाख रुपये है वहीं जाह्नवी के पास मौजूद सोने-चांदी की कीमत 64.58 लाख रुपये है.

अचल संपत्ति की बात करें तो पति-पत्नी में किसी के पास भी खेती योग्य भूमि नहीं है.

लेकिन प्रशांत किशोर के पास 3 एकड़ 21 डिसमिल ज़मीन है जिस पर नष्ट हो चुकी राइस मिल चलती थी. इसके अलावा प्रशांत किशोर के पास पटना, दिल्ली, ग़ाज़ियाबाद में ज़मीन और अपार्टमेंट है.

इसके अलावा बक्सर, रोहतास और ग़ाज़ियाबाद में भी प्रशांत किशोर के पास अपनी मां इंदिरा पांडेय और दादा रघुवीर पांडेय के नाम पर पैतृक संपत्ति है.

जाह्नवी दास के पास भी असम के दिसपुर और गुवाहाटी में अपार्टमेंट है. उनका एक अपार्टमेंट नोएडा में भी है जिसका क़ब्ज़ा अभी उन्हें नहीं मिला है.

प्रशांत किशोर

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, प्रशांत किशोर के पास मौजूद गोल्ड रिंग की बाज़ार क़ीमत 1.35 लाख रुपये है

प्रशांत किशोर पर 5.77 करोड़ का क़र्ज़

साल 2024-25 में जनसुराज को 10 करोड़ का चंदा सेक्शन 80 जीजीसी के तहत देने के बाद प्रशांत किशोर की 58.45 लाख रुपये आय हुई थी. इनकम टैक्स एक्ट 1961 के सेक्शन 80 जीजीसी के तहत, कोई व्यक्ति या करादाता किसी रजिस्टर्ड राजनीतिक दल को चंदा देता है तो वो अपनी कुल कर योग्य आय में 100 फ़ीसदी कटौती का दावा कर सकता है.

साल 2024-25 में प्रशांत किशोर की कंपनी वेदास वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड ने जनसुराज को 85 करोड़ रुपये और जनसुराज फांउडेशन को 50 लाख रुपये दान दिए थे. वहीं साल 2023-24 में जॉय ऑफ गिविंग ग्लोबल फांउडेशन को 2.75 करोड़ रुपये दान दिए.

प्रशांत किशोर पर 5 करोड़ 77 लाख रुपये का क़र्ज़ है. वहीं जाह्नवी पर 55 लाख रुपये का क़र्ज़ है.

साल 2020-21 से 2024-25 तक प्रशांत किशोर ने आयकर के तौर पर 4.45 करोड़ रुपये चुकाए हैं वहीं पत्नी जाह्नवी दास ने इसी समयावधि में 32.02 लाख रुपये आयकर के तौर पर चुकाए हैं. वहीं जीएसटी के तौर पर प्रशांत किशोर ने साल 2021-22 से 2025-26 के बीच 5.58 करोड़ रुपये चुकाए हैं.

प्रशांत किशोर पर 8 आपराधिक मामले दर्ज हैं. ये मामले पटना, सहरसा, बेतिया और मुज़फ़्फ़रपुर में दर्ज है. इसमें से किसी भी मामले में आरोप तय नहीं हुए हैं.

प्रशांत किशोर ने बक्सर से दसवीं पास की और पटना साइंस कॉलेज से बारहवीं उत्तीर्ण की. उन्होंने 1996-1999 में लखनऊ यूनिवर्सटी से बीबीए किया. जिसके बाद उन्होंने साल 2001-2003 में कॉलेज ऑफ़ इंडिया, हैदराबाद से हेल्थकेयर मैनेजमेंट में मास्टर डिग्री ली.

नीरज कुमार सिन्हा

इमेज स्रोत, Bihar BJP

इमेज कैप्शन, बीजेपी ने अभिषेक कुमार की जगह नीरज कुमार सिन्हा (तस्वीर में) को प्रत्याशी बनाया है

नीरज लखपति तो रेखा करोड़पति

बांकीपुर उपचुनाव में प्रशांत किशोर का मुक़ाबला आरजेडी उम्मीदवार रेखा गुप्ता और बीजेपी के नीरज कुमार सिन्हा से है.

रेखा गुप्ता जहां व्यवसायी हैं वहीं नीरज कुमार सिन्हा बीजेपी के बूथ स्तर के कार्यकर्ता हैं.

32 साल के नीरज, मगध विश्वविद्यालय से स्नातक हैं. वो अविवाहित हैं और उनके पास 70 हज़ार रुपये कैश है. उन पर कोई लोन नहीं है. उनकी चल-अचल संपत्ति 20.28 लाख रुपये है. नीरज कुमार सिन्हा पर कोई आपराधिक मामला लंबित नहीं है.

पटना के मीठापुर बी एरिया में रहने वाले नीरज के पास 48 हज़ार रुपये की चांदी और 1.85 लाख रुपये का सोना है.

वहीं 46 वर्षीय रेखा गुप्ता की बात करें तो वो पटना के दलदली रोड में रहती हैं. उनके पास 6.27 करोड़ रुपये की चल-अचल संपत्ति है. उन पर संपत्ति से जुड़ा एक मामला लंबित है.

रेखा गुप्ता के पास 67 लाख की क़ीमत का सोना और 3.67 लाख रुपये की डेढ़ किलो चांदी है.

बांकीपुर विधानसभा क्षेत्र से जनशक्ति जनता दल की वीणा मानवी भी अपनी किस्मत आज़मा रही हैं. इसके अलावा ट्रांसजेंडर प्रिया, सोशलिस्ट (इंडिया) से ऑटो चालक नवीन तिवारी सहित कई प्रत्याशी चुनाव लड़ रहे हैं.

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

Source link
#परशत #कशर #कतन #अमर #ह #और #उनक #पतन #क #सपतत #कतन #ह

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *