Jana Nayagan: विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ देखने मां-बाप अपने बच्चों के साथ गए थे, लेकिन पुलिस ने आकर फिल्म बीच में ही रोक दी। जानिए क्या थी वजह।
तमिलनाडु के मुख्यमंत्री विजय थलापति की फिल्म ‘जन नायकन’ के कुछ शोज अचानक रोक दिए गए। क्यों? दरअसल, ये घटना रविवार की है। थिएटर में मौजूद एक फैन के मुताबिक, सुबह लगभग 9:35 बजे फिल्म को बीच में ही रोक दिया गया। ऐसा इसलिए हुआ क्योंकि पुलिस अधिकारियों ने सिनेमाघर के अंदर बच्चों को देखा। बता दें, ‘जन नायकन’ ‘A’ रेटिंग वाली फिल्म है।
इसके बाद आगे क्या हुआ?
फैन ने थिएटर के अंदर का एक वीडियो शेयर करते हुए बताया, ‘पुलिस आई और उन्होंने बच्चों के साथ आए माता-पिता को बाहर निकाला। इस घटना की वजह से शो लगभग एक घंटे तक रुका रहा। इस दौरान थिएटर के मैनेजर ने इंतजार कर रही ऑडियंस को कोई जानकारी नहीं दी। ऐसे में दर्शक भड़क गए और इंतजार करते रहे। आखिर में, मैनेजमेंट ने रिफंड की घोषणा की और बच्चों के साथ आए लोगों के जाने के बाद शो फिर से शुरू किया। इस पूरी स्थिति को काफी बेहतर तरीके से संभाला जा सकता था।’
‘A’ सर्टिफिकेट का मतलब क्या होता है?
सेंट्रल बोर्ड ऑफ फिल्म सर्टिफिकेशन (CBFC) ने फिल्म में कई बदलाव करवाए थे और इसे ‘A’ सर्टिफिकेट दिया था। ‘A’ सर्टिफिकेट का मतलब है कि कानूनन ये फिल्म केवल 18 वर्ष या उससे अधिक उम्र के लोग ही देख सकते हैं। छोटे शहरों के कुछ सिनेमाघरों में भले ही ढील दी गई हो, लेकिन चेन्नई के मल्टीप्लेक्स नियमों का सख्ती से पालन कर रहे हैं, जिससे ये हंगामा हुआ।
‘A’ सर्टिफिकेट मिलने पर जताई थी निराशा
निर्माता वेंकट के. नारायण ने सेंसर बोर्ड के इस फैसले पर निराशा जताई थी। उनका कहना था कि ये फिल्म चाइल्ड एम्पावरमेंट को बढ़ावा देती है और इसे पूरे परिवार को ध्यान में रखकर बनाया गया है।
‘जन नायकन’ से जुड़ी खास बातें
निर्देशक: एच. विनोद
भारत नेट कलेक्शन (4 दिनों में) – 124.75 करोड़ रुपये
भारत ग्रॉस कलेक्शन (4 दिनों में) – 145.98 करोड़ रुपये
विदेशों में किया गया कलेक्शन (4 दिनों में) – 71.50 करोड़ रुपये
वर्ल्डवाइड ग्रॉस कलेक्शन (4 दिनों में) – 217.48 करोड़ रुपये
‘जन नायकन’ क्यों है विजय की आखिरी फिल्म?
दरअसल, विजय थलापति अब तमिलनाडु के मुख्यमंत्री बन गए हैं। ऐसे में उन्होंने एक्टिंग से संन्यास ले लिया है।



