पुटमैन परिवार सिखा रहा- व्यस्तताओं में रिश्ते कैसे निभाएं:हर साल मिल रहे फैमिली मेंबर्स; रजिस्टर में सुनहरी यादें दर्ज, जिद- जुड़े रहो, जोड़ते रहो




न्यूयॉर्क राज्य के शांत कस्बे, मोरिसटाउन में बीते वीकेंड ऐतिहासिक हॉल में 50 से ज्यादा लोग जमा हुए। हॉल के भीतर का माहौल उत्सव से कम नहीं था। कोई हाथ से बनी ब्राउनी और कुकीज की प्लेट सजा रहा था, तो कोई पुरानी ब्लैक-एंड-वाइट तस्वीरों के एलबम पलटकर पूर्वजों की मुस्कान में खुद को तलाश रहा था। मौका था ‘पुटमैन परिवार’ के 100वें सालाना पारिवारिक सम्मेलन का। अलग-अलग पीढ़ियों के लोग जमा हुए तो हवा में बरसों पुरानी यादें हिलोरे लेने लगीं। यह सिर्फ पारिवारिक गेट-टुगेदर नहीं था, बल्कि 102 सालों का अटूट सफर है, जो युद्ध व महामारी के थपेड़ों के बावजूद कभी नहीं रुका। पुटमैन परिवार के लिए यह सम्मेलन महज औपचारिकता नहीं, बल्कि खूबसूरत परंपरा है। हर साल बेटियों के साथ आने वालीं 71 वर्षीय किम गुडमोंडसन कहती हैं,‘सम्मेलन के लिए परिवार के सदस्य हाथ से खूबसूरत रजाई तैयार करते हैं। फिर इस रजाई के लिए टिकट बांटे जाते हैं। लॉटरी में जीतने वाले को ये रजाई दे दी जाती है। टिकटों से जमा राशि से अगले साल के आयोजन की तैयारियां की जाती हैं। समय के साथ परिवार के कई युवा बेहतर कॅरियर की तलाश में सिलिकॉन वैली या आर्कांसस जैसे दूर-दराज के इलाकों में जाकर बस गए हैं, पर जब इस सालाना जश्न का वक्त आता है, तो दूरियां भी बेअसर हो जाती हैं। 46 साल की ट्रिशिया छोटे बच्चों को फ्लाइट से यहां लेकर आईं, ताकि वे यह सीख सकें कि रिश्ते कैसे निभाए जाते हैं। कुछ अनूठी रस्में भी हैं, जैसे- सबसे बुजुर्ग पुरुष व महिला का सम्मान (इस बार 86 वर्ष के डोनाल्ड और उनकी पत्नी शर्ली विजेता रहे) होता है। सबसे दूर से यात्रा करके आने वाले रिश्तेदार को पुरस्कार दिया जाता है। परिवार के सबसे छोटे बच्चे का स्वागत होता है। उद्देश्य एक ही है… किसी भी तरह जुड़े रहें।आयोजन में शराब प्रतिबंधित है। सभी सदस्य अपनों के हाथों से बनाए पकवान और व्यंजनों का स्वाद लेते हुए एक दूसरे से बातें करते हैं। आने वाले वर्षों में सम्मेलन के स्वरूप पर 78 वर्षीय सिल्विया बाउंड्स कहती हैं,‘जब हम 150वें साल पर पहुंचेंगे, तब शायद यह और भी बड़ा और भव्य जश्न होगा!’ परिवार का लोकतंत्र 1923 से यह परंपरा शुरू हुई। हर साल परिवार का अध्यक्ष, सचिव चुना जाता है। परिवार का अपना बजट होता है। उनके पास 1925 से लेकर आज तक का एक रजिस्टर है, जिसमें सुंदर लिखावट में हर साल की यादें और सदस्यों की जानकारी दर्ज की जाती हैं।



Source link

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *