नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। दो साल पहले तक रेवती रेंज की पथरीली पहाड़ी पर दूर-दूर तक केवल पत्थर दिखाई देते थे। रविवार को उसी पहाड़ी पर हरियाली की ऐसी तस्वीर सामने आई, जिसने इंदौर के पौधारोपण अभियान को एक और उपलब्धि से जोड़ दिया। 14 जुलाई 2024 को एक ही दिन में रोपे गए 12 लाख 41 हजार पौधों और उसके बाद लगातार जारी पौधारोपण के परिणामस्वरूप अब रेवती रेंज पर 13 लाख 10 हजार 12 पेड़ जीवित मिले हैं।
एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम ने गिनती और स्थल निरीक्षण के बाद इसे विश्व कीर्तिमान के रूप में दर्ज किया। रविवार को आयोजित कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय और भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष ने इसका प्रमाणपत्र प्राप्त किया। रेवती रेंज को हरियाली से भरते देख कैलाश विजयवर्गीय भावुक हो गए।
लाखों पौधे रोपना अपने आप में बड़ी चुनौती थी, लेकिन उससे भी बड़ी चुनौती इन पौधों को जीवित रखकर पेड़ बनाना था। नगर निगम ने इसके लिए रेवती रेंज पर नर्सरी तैयार की। जो पौधे सूख गए या नष्ट हो गए, उनके स्थान पर नए पौधे लगाए गए। पानी और देखभाल की व्यवस्था भी की गई।
एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की करीब 100 सदस्यीय टीम ने सात अगस्त से रेवती रेंज पर पौधों की गिनती और स्थल निरीक्षण शुरू किया। टीम ने यह देखा कि 2024 में रोपे गए पौधों में से कितने पौधे सुरक्षित हैं और अब पेड़ का रूप ले चुके हैं। इसके बाद 13,10,012 पेड़ों की संख्या दर्ज की गई।
रविवार को फिर रोपे 51 हजार पौधे
विश्व कीर्तिमान का प्रमाणपत्र मिलने के साथ ही रेवती रेंज पर पौधारोपण अभियान भी जारी रहा। रविवार को विभिन्न समाजों और सामाजिक संस्थाओं के सहयोग से 51 हजार पौधे रोपे गए। नगर निगम ने इनके लिए पहले से 51 हजार गड्ढे तैयार किए थे। अभियान में करीब 400 श्रमिकों ने काम किया। छह ट्रैक्टर, दो पोकलेन और चार जेसीबी मशीनों की सहायता ली गई। जनकार्य प्रभारी राजेंद्र राठौर के अनुसार इस वर्ष रेवती रेंज पर एक लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है।
12 हजार से अधिक लोगों ने लिया भाग
रविवार के अभियान में भाजपा के राष्ट्रीय संगठन मंत्री बीएल संतोष, कैबिनेट मंत्री कैलाश विजयवर्गीय, केंद्रीय महिला एवं बाल विकास राज्य मंत्री सावित्री ठाकुर, विधायक मधु वर्मा, महेंद्र हार्डिया, रमेश मेंदोला, भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, ग्रामीण अध्यक्ष श्रवण चावड़ा, इंदौर प्रभारी रविंद्र रावत सहित जनप्रतिनिधि और विभिन्न सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि शामिल हुए। स्कूल-कालेजों के विद्यार्थियों सहित 12 हजार से अधिक लोगों ने पौधारोपण किया।
यह भी जानें
- 51 हजार नए पौधे रविवार को लगाए गए
- 400 श्रमिक लगे पौधारोपण में
- 12 हजार से अधिक लोग रविवार के अभियान में हुए शामिल
- 100 सदस्यीय एशिया बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड की टीम रही उपस्थित
रेवती रेंज पर तैयार हो रही पीएम की तस्वीर
रेवती रेंज पर पौधों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी की तस्वीर भी तैयार की जा रही है। इसे ड्रोन और हेलिकाप्टर से देखा जा सकेगा। निगम ने यहां बड़ी संख्या में फलदार पौधे भी लगाए हैं। आने वाले वर्षों में तैयार होने वाले फल उद्यान से निगम को आय प्राप्त होने की संभावना है।
हरित क्रांति का संदेश देगा इंदौर
इस वर्ष इंदौर में 21 लाख पौधे लगाने का संकल्प लिया है। हर व्यक्ति अपने जन्मदिन पर एक पौधा लगाए। पौधारोपण को जनआंदोलन बनाकर हम प्रदूषण के विरुद्ध इंदौर से पूरे देश को हरित क्रांति का संदेश दे सकते हैं। – कैलाश विजयवर्गीय, कैबिनेट मंत्री
‘क्लीन’ के बाद ‘ग्रीन’ बनेगा इंदौर
रेवती रेंज की पथरीली जमीन का हरियाली में बदलना इंदौर की बड़ी उपलब्धि है। स्वच्छता के बाद अब इंदौर को हरित और प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में काम हो रहा है। रेवती रेंज पर्यावरण संरक्षण का उदाहरण बनेगा।- बीएल संतोष, राष्ट्रीय संगठन मंत्री, भाजपा
नौ से 14 प्रतिशत होगा हरित क्षेत्र
इंदौर के हरित क्षेत्र को नौ से बढ़ाकर 14 प्रतिशत करने का संकल्प लिया है। इसके लिए हर वर्ष पौधारोपण का लक्ष्य बढ़ाया जा रहा है। पांच वर्षों में एक लाख से बढ़ाकर 21 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य रखा गया है। – पुष्यमित्र भार्गव, महापौर
रेवती रेंज का अगला लक्ष्य
रेवती रेंज को केवल पौधारोपण स्थल के रूप में विकसित करने के बजाय इसे बड़े हरित क्षेत्र के रूप में विकसित करने की योजना है। यहां फलदार पौधे, तालाब और अन्य पर्यावरण अनुकूल सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। लक्ष्य यह है कि दो वर्ष पहले लगाए गए पौधों की तरह नए पौधे भी आने वाले वर्षों में पेड़ बनें और शहर के हरित क्षेत्र में वास्तविक बढ़ोतरी दिखाई दे।
Source link
#पथरल #पहड #पर #उगए #लख #पड #इदर #क #नम #एक #और #वरलड #रकरड


