Indore News: महिला को स्वाइन फ्लू, 3 अस्पतालों ने इलाज से मना किया, इसी सप्ताह एक की जान गई

इंदौर में स्वाइन फ्लू H1N1 के मामले सामने आने से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया है। उज्जैन निवासी एक वृद्धा की मौत के बाद अब शहर में दूसरा मरीज मिलने की पुष्टि हुई है। वर्तमान में पीड़ित को शहर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां विशेषज्ञ डॉक्टरों की देखरेख में उसका उपचार जारी है।

उज्जैन की वृद्धा की मौत के बाद दूसरा मामला 

हाल के दिनों में उज्जैन निवासी करीब 60-62 वर्षीय महिला की H1N1 जांच रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। उनका इंदौर के एक निजी चिकित्सा संस्थान में इलाज चल रहा था। लगभग 16 दिन तक अस्पताल में भर्ती रहने के बाद 18 अगस्त को परिजन उन्हें लामा यानी मेडिकल सलाह के विरुद्ध छुट्टी लेकर उज्जैन ले गए थे। वहां अगले ही दिन उनकी मृत्यु हो गई। इस दुखद घटना के बाद स्वास्थ्य विभाग ने संबंधित अस्पताल से संपूर्ण मेडिकल रिकॉर्ड और दस्तावेज तलब किए हैं। पूरे घटनाक्रम की जांच के लिए विशेषज्ञों की एक विशेष टीम गठित कर दी गई है।

दूसरे केस के बाद संक्रमण की पहचान का संकट बढ़ा 

पहला मामला सामने आने के ठीक बाद दूसरा मरीज मिलने से स्वास्थ्य महकमे की चुनौतियां काफी बढ़ गई हैं। अब नए संक्रमितों की त्वरित पहचान, उनके प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष संपर्क में आए लोगों की ट्रेसिंग और संक्रमण फैलने के मुख्य स्रोत का पता लगाना विभाग के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण हो गया है।

संक्रमण के मूल स्रोत की तलाश जारी

स्वास्थ्य विभाग पहले मामले में भी महिला के संक्रमित होने के कारणों की पड़ताल कर रहा था। परिजनों के मुताबिक मृतका अमूमन घर पर ही रहती थीं और कभी-कभी ही पास के पार्क में टहलने जाती थीं। अब दूसरा केस दर्ज होने के बाद अधिकारी दोनों मामलों में कोई संभावित लिंक या एक ही जगह से संक्रमण फैलने के पहलू की गंभीरता से पड़ताल कर रहे हैं।

भर्ती कराने में परिजनों को झेलनी पड़ी मशक्कत

स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार नए मरीज को अस्पताल में दाखिल कराने के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। परिजनों ने शहर के 3 प्रमुख अस्पतालों में संपर्क किया, लेकिन संक्रमण के भय से उन्होंने स्वाइन फ्लू मरीज को भर्ती करने से साफ मना कर दिया। अंततः गीता भवन स्थित एक निजी अस्पताल में मरीज को जगह मिली। डॉक्टरों के मुताबिक फिलहाल मरीज की हालत स्थिर है और उन्हें रविवार तक डिस्चार्ज किए जाने की संभावना है।

अलर्ट जारी 

शहर में H1N1 के 2 मरीज मिलने के बाद शासकीय एमवाय अस्पताल प्रबंधन ने अलर्ट जारी कर दिया है। अस्पताल के अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने बताया कि स्वाइन फ्लू से बचाव और उपचार से जुड़ी सभी आवश्यक व्यवस्थाएं पूरी कर ली गई हैं। संदिग्ध और पुष्ट मरीजों के लिए एक विशेष पृथक वार्ड तैयार रखा गया है, जहां जांच, दवाएं और 24 घंटे मॉनिटरिंग की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।

लक्षणों की पहचान इस तरह करें

चिकित्सकों के अनुसार स्वाइन फ्लू के शुरुआती लक्षणों में सामान्यतः तेज बुखार, सूखी या बलगम वाली खांसी, गले में खराश, बदन दर्द और अत्यधिक शारीरिक कमजोरी शामिल हैं। यदि मरीज को सांस लेने में कठिनाई हो रही हो या अन्य कोई गंभीर लक्षण दिखाई दें, तो बिना समय गंवाए तुरंत नजदीकी अस्पताल में जाकर डॉक्टर से परामर्श लेना आवश्यक है।

Source link
#Indore #News #महल #क #सवइन #फल #असपतल #न #इलज #स #मन #कय #इस #सपतह #एक #क #जन #गई

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *