कंगना रनौत ने बाबा रामदेव पर कहा कि रामदेव का जब स्वेदशी वाला चला था, तब सरकार ने भी बहुत सपोर्ट किया था। सनातनी विचारधारा एक वक्त के बाद कैपिटलिज्म से भी क्लैश करने लगती है।
भारतीय जनता पार्टी (BJP) सांसद और एक्ट्रेस कंगना रनौत और योग गुरु बाबा रामदेव कई दिनों से एक-दूसरे पर हमलावर हैं। कंगना रनौत के गटर वाले बयान के बाद शुरू हुआ पूरा विवाद अबतक थमने का नाम नहीं ले रहा है। एक्ट्रेस ने अब नया हमला बोला है। उन्होंने पूछा है कि क्या बाबा रामदेव मेरे कमरे में चमगादड़ बनकर लटके हुए थे? उन्होंने क्या देखा, यह बताना चाहिए।
डीडी न्यूज से बात करते हुए कंगना रनौत ने बाबा रामदेव पर कहा, ”रामदेव का जब स्वेदशी वाला चला था, तब सरकार ने भी बहुत सपोर्ट किया था। सनातनी विचारधारा एक वक्त के बाद कैपिटलिज्म से भी क्लैश करने लगती है। सुप्रीम कोर्ट से उन्हें फटकार लगती है। आयुर्वेद, योग से बढ़कर अब वे बनियान, अंडरगार्मेंट्स बना रहे। एक तरह से वे बिजनेसमैन बन गए। वे मुझे कहते हैं कि क्या उनका बचपन और जवानी देखी है? क्या बाबा रामदेव मेरे कमरे में चमगादड़ बनकर लटके हुए थे? उसने क्या देखा, यह बताना चाहिए था।”
दरअसल, सीजेपी प्रोटेस्ट के दौरान कंगना रनौत के जेन जी जेनरेशन को लेकर दिए गए गटर जेनरेशन वाले बयान पर काफी विवाद मचा था। हालांकि, बाद में उन्होंने सफाई दी कि उन्होंने पूरी जेनरेशन को नहीं, बल्कि कुछ प्रदर्शनकारियों के लिए ऐसा कहा था, जिन्होंने अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया। इस पर बाबा रामदेव से जब एक कार्यक्रम में सवाल पूछा गया तो उन्होंने जमकर हमला बोला।
रामदेव ने कहा था- बचपन और जवानी कैसी रही
टीवी-9 से बात करते हुए रामदेव ने कहा था कि उनका (कंगना रनौत) बचपन कैसा रहा, जवानी कैसी रही, पहले के कारनामे कैसे रहे हैं। मैं ऐसे लोगों के बारे में बात नहीं करना चाहता। यह बिगड़े हुए दिमाग की निशानी है। उनके बयान पर उनकी पार्टी को संज्ञान लेना चाहिए।
‘बाबा जी, मेरी जवानी के सपने मत देखो’
इसके बाद, कंगना रनौत ने भी हमला बोला था और इंस्टाग्राम स्टोरी लगाकर कहा था कि बाबा जी, मेरी जवानी के सपने मत देखो। कंगना ने कहा था, ”मेरी जवानी या बेडरूम के बारे में दिन में सपने मत देखो। कम से कम मुझे झूठे और धोखाधड़ी वाले मेडिकल असर के दावों पर सुप्रीम कोर्ट से तो फटकार नहीं लगी है।” इसके बाद, बाबा रामदेव ने भी जवाब दिया और कहा कि वह ओछे लोगों के बारे में कमेंट नहीं करना चाहते हैं।


