उर्फी जावेद के अस्पताल में भर्ती होने की खबरे हैं। अभी उर्फी या उनकी टीम की तरफ से इस बात की कोई जानकारी नहीं दी गई है। हालांकि, उर्फी के अस्पताल में भर्ती होने की खबर ने उनके फैंस को चिंतित कर दिया है।
उर्फी जावेद को लेकर उनकी फैंस की चिंता बढ़ गई है। दरअसल, उर्फी जावेद को लेकर खबर है कि डिजिटल कंटेंट क्रिएटर और फैशन इंफ्लुएंसर को अस्पताल में भर्ती कराया गया है। सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें भी वायरल हैं जिसमें उर्फी जावेद को अस्पताल के बेड पर बैठा देखा जा सकता है। हालांकि, उर्फी या उनकी टीम की तरफ से अभी उर्फी के अस्पताल में भर्ती होने को लेकर कोई जानकारी सामने नहीं आई है।
क्या अस्पताल में भर्ती हुई हैं उर्फी जावेद?
सोशल मीडिया पर कुछ तस्वीरें वायरल हो रही हैं। ये तस्वीरें उर्फी की इंस्टा स्टोरी के स्क्रीनशॉट्स लग रहे हैं। हालांकि, उर्फी की इंस्टा स्टोरी पर अभी ये स्टोरीज दिखाई नहीं पड़ रही हैं। मुमकिन है कि या तो ये स्टोरी डिलीट कर दी गई हैं या इन स्टोरीज को 24 घंंटे से ज्यादा हो गए हैं।
अस्पताल बेड पर नजर आईं उर्फी जावेद
द फ्री प्रेस जर्नल ने उर्फी की स्टोरी के स्क्रीनशॉट शेयर किए हैं। एक तस्वीर में उर्फी जावेद अस्पताल के बेड पर बैठी नजर आ रही हैं। इस तस्वीर के साथ उन्होंने कैप्शन लिखा- अस्पताल में सालाना दाखिला।
उर्फी के हाथ में लगा आईवी कैनुला
वहीं, एक दूसरी तस्वीर में उर्फी ने अपने हाथ की तस्वीर शेयर की है। इस तस्वीर में उनके हाथ में आईवी कैनुला लगा हुआ नजर आ रहा है। इस तस्वीर के साथ उन्होंने लिखा- सबसे बुरी बात। उर्फी तीसरी तस्वीर में अस्पताल बेड पर लेटी नजर आईं। इस तस्वीर पर उर्फी ने लिखा- एनेस्थीसिया के अलग मजे हैं भाई।
बता दें, ये पहली बार नहीं है जब उर्फी जावेद अस्पताल में भर्ती हुई हैं। साल 2024, जनवरी में भी उर्फी जावेद अस्पताल में भर्ती हुई थीं। तब उन्होंने ऑक्सीजन मास्क पहने हुए अस्पताल से अपनी तस्वीर शेयर की थी।
उर्फी की ड्रेस की हो रही तारीफ
बता दें, उर्फी जावेद अपने इंस्टाग्राम पर काफी एक्टिव रहती हैं। उनकी लेटेस्ट वीडियो की बात करें तो उन्होंने बीयर कैन से बनी ड्रेस पहनी। उर्फी वीडियो में ड्रेस बनाते हुए भी नजर आईं। इस वीडियो पर बहुत सारे यूजर्स ने लाइक और कमेंट किया है। वीडियो को लेकर उर्फी जावेद की क्रिएटिविटी की तारीफ हो रही है। एक यूजर ने लिखा- उर्फी की क्रिएटिविटी और कड़ी मेहनत को सलाम। एक दूसरे यूजर ने लिखा- मैं ये ड्रेस कहां से खरीद सकती हूं, ये बहुत ही खूबसूरत है। एक ने लिखा- आपको फैशन डिजाइनर होना चाहिए। एक ने लिखा- उर्फी बहुत ही ज्यादा टैलेंटेड हैं।


