राजस्थान के धौलपुर में रक्षाबंधन के अगले दिन दर्दनाक हादसे में चार भाई-बहनों की कुंड में डूबने से मौत हो गई। रवि को डूबता देखकर उसकी दो सगी और एक चचेरी बहन उसे बचाने के लिए गहरे पानी में कूद गईं, लेकिन चारों की जान चली गई।

भाई को बचाने कुंड में कूदीं तीन बहनें, चारों की हो गई मौत; रक्षाबंधन के बाद घर आया काल
रक्षाबंधन का त्योहार ठीक से गुजरा भी नहीं था कि राजस्थान के एक परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा। मामला धौलपुर का है। यहां एक झटके में चार भाई-बहनों की दर्दनाक मौत हो गई। जिस भाई की कलाई पर बहनों ने रक्षाबंधन पर राखी बांधी थी, उसी भाई को डूबता देखकर तीनों बहनें उसे बचाने के लिए गहरे कुंड में कूद गईं।
लेकिन पानी की गहराई ऐसी थी कि भाई के साथ तीनों बहनें भी बाहर नहीं निकल सकीं। हादसे में चारों भाई-बहनों की मौत हो गई। घटना धौलपुर जिले के आंगई थाना क्षेत्र में बिरजा गांव के पास स्थित हीरामन कुंड की है। रविवार को हुए इस हादसे के बाद परिवार में मातम पसर गया। एक साथ चार भाई-बहनों की मौत से गांव में भी शोक का माहौल है।
भाई को डूबता देख खुद कुंड में उतर गईं बहनें
पुलिस के अनुसार, रवि (21) शनिवार रात अपनी सगी बहनों मनोरमा (22) और बोटो (25) तथा चचेरी बहन कल्लो (18) के साथ बिरजा गांव स्थित हीरामन बाबा के मंदिर आया था। रविवार को चारों हीरामन कुंड पहुंचे और वहां नहाने लगे।
इसी दौरान रवि नहाते हुए गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। पास में मौजूद तीनों बहनों की नजर उस पर पड़ी। भाई को डूबता देखकर उन्होंने उसकी मदद के लिए कुंड में छलांग लगा दी। लेकिन पानी गहरा होने के कारण तीनों बहनें भी डूब गईं।
छह घंटे बाद बाहर निकाला गया भाई का शव
हादसे के बाद ग्रामीणों ने कुंड में उतरकर तीनों बहनों को बाहर निकाला, लेकिन तब तक उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची। रवि के शव को बाहर निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस के मुताबिक, घटना के करीब छह घंटे बाद उसका शव कुंड से बाहर निकाला जा सका।
रक्षाबंधन के अगले ही दिन हुए इस हादसे ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया। जिस त्योहार में भाई-बहन के रिश्ते और एक-दूसरे की रक्षा का संकल्प लिया जाता है, उसके ठीक बाद चार भाई-बहनों की एक साथ मौत ने पूरे परिवार और गांव को गम में डुबो दिया।
Source link
#जस #भई #क #कलई #पर #बध #रख #उस #बचन #कड #म #कद #बहन #चर #क #दरदनक #मत #Rajasthan #Hindi #News


