श्रेयस अय्यर को क्यों चुना गया टी-20 टीम का कप्तान, क्या वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे सचिन का रिकॉर्ड

श्रेयस अय्यर को क्यों चुना गया टी-20 टीम का कप्तान, क्या वैभव सूर्यवंशी तोड़ पाएंगे सचिन का रिकॉर्ड

श्रेयस अय्यर और वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर को भारतीय पुरुष टी-20 टीम का कप्तान चुना गया है और वैभव सूर्यवंशी को भी टी-20 टीम में जगह दी गई है

प्रकाशित

पढ़ने का समय: 6 मिनट

भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने शनिवार को आयरलैंड, इंग्लैंड और एशियन गेम्स 2026 के लिए टी-20 टीम का एलान कर दिया है.

हाल ही में भारत को टी-20 वर्ल्ड कप में जीत दिलाने वाले कप्तान सूर्यकुमार यादव को टीम से बाहर किया गया है. श्रेयस अय्यर अब टी-20 टीम की अगुवाई करते हुए नज़र आएंगे.

आईपीएल के 19वें सीज़न में सबसे ज़्यादा रन बनाने वाले 15 साल के युवा बल्लेबाज़ वैभव सूर्यवंशी को पहली बार भारतीय टी-20 टीम में जगह मिली है.

तिलक वर्मा को टीम का उप कप्तान बनाया गया है. वहीं हार्दिक पंड्या तीनों ही टूर्नामेंट में टीम का हिस्सा नहीं होंगे.

भारतीय टीम की घोषणा चयन समिति के अध्यक्ष अजीत अगरकर और बीसीसीआई सचिव देवजीत सैकिया ने एक प्रेस कांफ़्रेंस में की.

वहीं अफ़ग़ानिस्तान के ख़िलाफ़ वनडे सिरीज़ से चोट की वजह से बाहर हुए विराट कोहली की जगह यशस्वी जायसवाल को जगह दी गई है. तीन वनडे मैचों की सिरीज़ 13 जून से शुरू होगी.

श्रेयस अय्यर

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, श्रेयस अय्यर अब भारतीय टी-20 टीम के कप्तान होंगे

हार्दिक पांड्या को लेकर क्या कहा?

इन सभी टूर्नामेंट से हार्दिक पांड्या बाहर रहेंगे. बीसीसीआई सेक्रेटरी देवजीत सेकिया ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस के दौरान कहा कि “हार्दिक पांड्या सीओई (सेंटर ऑफ़ एक्सिलेंस) बेंगलुरु में हैं. वह एक रिहैबिलिटेशन प्रोग्राम से गुज़र रहे हैं.”

“वह जल्द ही फ़ाइनल टेस्ट के लिए जाएंगे, और वह क्लियरेंस के प्रोसेस में होंगे. रोहित भी अगले दो से तीन दिनों में सीओई जाएंगे. हम उनके फ़ाइनल फ़िटनेस क्लियरेंस का इंतज़ार कर रहे हैं.”

सूर्यकुमार यादव की जगह श्रेयस अय्यर को टी-20 का कप्तान बनाए जाने पर मुख्य चयनकर्ता अजीत अगरकर ने प्रेस कॉन्फ़्रेंस में कहा, “हमने देखा है कि उन्होंने पिछले कुछ सालों में अलग-अलग फ्रेंचाइज़ी को लीड करते हुए क्या किया है. उन्होंने एक बार (आईपीएल टाइटल) जीता, शानदार शुरुआत के बाद इस साल उनका सीज़न और भी मुश्किल रहा. उन्होंने वह सब कुछ देखा है जो एक कप्तान देख सकता है.”

इसके अलावा अजीत अगरकर ने कहा, “उनका अपना परफ़ॉर्मेंस भी बहुत अच्छा रहा है. वह टी-20 वर्ल्ड कप टीम में भी जगह बनाने के काफ़ी क़रीब थे, लेकिन सूर्या अभी भी टीम में हैं, उनके लिए कोई जगह नहीं थी. मेरी राय में वह अब काफी एक्सपीरियंस के साथ एक “स्टैंड-आउट कैंडिडेट” हैं. यह ज़ाहिर तौर पर एक अलग चैलेंज होगा.”

सचिन तेंदुलकर को छोड़ पाएंगे पीछे?

वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, वैभव सूर्यवंशी ने हालिया आईपीएल सीज़न में ऑरेंज कैप भी जीता था (फ़ाइल फ़ोटो)

वहीं 15 साल के वैभव सूर्यवंशी के भारतीय सीनियर टीम में चुने जाने की चर्चा हर जगह है. सूर्यवंशी भारतीय पुरुष टीम में चुने जाने वाले सबसे युवा खिलाड़ी बन गए हैं. उनसे पहले ये ख़िताब सचिन तेंदुलकर के नाम था.

वैभव सूर्यवंशी ने हालिया आईपीएल सीज़न में 237.30 के स्ट्राइक रैट से 776 रन बनाए थे.

आयरलैंड और इंग्लैंड के टी-20 दौरे से पहले सूर्यवंशी श्रीलंका और अफ़ग़ानिस्तान के खिलाफ़ ट्राई सिरीज़ में 9 से 21 जून तक भारत-ए टीम के लिए खेलेंगे.

अगर सूर्यवंशी आयरलैंड या इंग्लैंड में डेब्यू करते हैं, तो वो 16 साल की उम्र से पहले इंटरनेशनल डेब्यू करने वाले पहले भारतीय खिलाड़ी बन जाएंगे. तेंदुलकर ने 16 साल और 205 दिन की उम्र में टेस्ट डेब्यू किया था और 16 साल और 238 दिन की उम्र में वनडे डेब्यू किया था.

वॉशिंगटन सुंदर भारत के सबसे कम उम्र में टी-20 अंतरराष्ट्रीय डेब्यू करने वाले खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 18 साल और 80 दिन की उम्र में उस फॉर्मेट में अपना पहला मैच खेला था.

भारत 26 और 28 जून को बेलफ़ास्ट में आयरलैंड के साथ दो टी-20 मैच खेलेगा, इसके बाद 1 से 11 जुलाई तक इंग्लैंड में पांच टी-20 मैच खेलेगा.

वैभव सूर्यवंशी के सीनियर टीम में चुने जाने पर बधाइयों का सिलसिला जारी है. बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने एक्स पर लिखा है, “बिहार के युवा क्रिकेट प्रतिभा वैभव सूर्यवंशी जी को मात्र 15 वर्ष 71 दिन की आयु में भारतीय क्रिकेट टीम में चयनित होने पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ. यह ऐतिहासिक उपलब्धि उनकी प्रतिभा, कठिन परिश्रम और समर्पण का परिणाम है.”

“वैभव ने पूरे बिहार को गौरवान्वित किया है. मुझे विश्वास है कि वे भारतीय टीम के लिए उत्कृष्ट प्रदर्शन कर देश और राज्य का नाम और ऊँचा करेंगे. उनके उज्ज्वल भविष्य के लिए अनंत शुभकामनाएँ.”

वैभव सूर्यवंशी को क्यों चुना गया?

वैभव सूर्यवंशी

इमेज स्रोत, Getty Images

इमेज कैप्शन, बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने वैभव सूर्यवंशी को बधाई दी है

वैभव की टीम इंडिया में एंट्री पर वरिष्ठ खेल पत्रकार अयाज़ मेमन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर एक वीडियो पोस्ट कर कहा, “वैभव सूर्यवंशी के लिए आईपीएल का सीज़न बहुत ही शानदार रहा. उन्होंने 700 से ज़्यादा रन बनाए. खास बात ये थी कि उन्होंने जिस स्टाइल के साथ वो रन बनाए. ये उम्मीदों से बढ़कर था.”

“उन्होंने उम्र को लेकर उठ रहे सब सवालों का जवाब दे दिया. सुनील गावस्कर, रवि शास्त्री, माइकल क्लार्क जैसे दिग्गजों का मानना था कि उन्हें टी-20 के लिए टीम इंडिया में लाया जाना चाहिए. ये सही फैसला है. अगर दो-तीन साल बाद ये फैसला होता तो वो निराश हो सकते थे. वैभव का इंटरनेशनल क्रिकेट में स्वागत है.”

अयाज़ मेमन ने सूर्यकुमार की कप्तानी जाने और श्रेयस अय्यर को कमान मिलने के बारे में भी सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर बात की.

उन्होंने कहा, “अगर आप टीम में अपनी जगह नहीं बना पा रहे हैं, तो आपको कप्तान कैसे बनाए रखा जा सकता है. सूर्यकुमार यादव रन नहीं बना पा रहे थे, चाहे वर्ल्ड कप हो, या उससे पहले और अब आईपीएल. प्रतिस्पर्धा को देखिए, वैभव सूर्यवंशी, संजू सैमसन, ईशान किशन, अभिषेक शर्मा और तिलक वर्मा. और अब श्रेयस अय्यर जो कप्तान भी बन गए हैं.”

“श्रेयस के सामने कप्तानी के लिए संजू सैमसन, ईशान किशन और तिलक वर्मा की चुनौती भी थी. लेकिन उन्होंने आईपीएल खिताब जीता है. उनमें कप्तानी की क्षमता है और वो डिजर्व करते थे.”

एशियन गेम्स के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, जसप्रीत बुमराह, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती और वैभव सूर्यवंशी

इंग्लैंड और आयरलैंड दौरे के लिए भारतीय टीम

श्रेयस अय्यर (कप्तान), तिलक वर्मा (उप कप्तान), रवि बिश्नोई, अभिषेक शर्मा, नीतीश कुमार रेड्डी, मोहम्मद सिराज, संजू सैमसन, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, ईशान किशन, वॉशिंगटन सुंदर, अर्शदीप सिंह, शिवम दुबे, वरुण चक्रवर्ती, प्रिंस यादव और वैभव सूर्यवंशी

बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.

Source link
#शरयस #अययर #क #कय #चन #गय #ट20 #टम #क #कपतन #कय #वभव #सरयवश #तड #पएग #सचन #क #रकरड

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *