
The Great Indian Kapil Show: कॉमेडियन जाकिर खान (Zakir Khan) जब भी कुछ बोलते हैं तो अपनी बातों से महफिल लूट लेते हैं. इस बार भी कुछ ऐसा ही हुआ है. नेटफ्लिक्स के मशहूर शो 'द ग्रेट इंडियन कपिल शो' (The Great Indian Kapil Show) के नए एपिसोड में जाकिर खान, अभिनेता पंकज त्रिपाठी (Pankaj Tripathi) और शिक्षक डॉ. विकास दिव्यकीर्ति (Dr. Vikas Divyakirti) एक साथ नजर आने वाले हैं. शो के प्रोमो में तीनों की मजेदार बातचीत देखने को मिल रही है. इसी बीच जाकिर ने विकास दिव्यकीर्ति को लेकर ऐसी बात कह दी कि वहां बैठे लोग हंसने लगे.
विकास दिव्यकीर्ति को लेकर जाकिर ने क्या कहा?
आपको बता दें कि शो में बातचीत के दौरान पंकज त्रिपाठी बताते हैं कि उनकी मुलाकात विकास दिव्यकीर्ति से एक क्लासरूम में हुई थी. पंकज कहते हैं कि एक समय उनके मन में भी UPSC की तैयारी करने का ख्याल था. इस पर कपिल शर्मा भी चुटकी लेते हुए कहते हैं कि UPSC की तैयारी तो हर कोई करना चाहता है.
इसी बातचीत में जाकिर खान भी अपनी बात रखने पहुंच जाते हैं. वह कहते हैं, 'यह सुनने में थोड़ा अजीब लग सकता है, लेकिन मैं विकास सर के साथ बहुत सोया हूं.' जाकिर की यह बात सुनते ही वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं. दरअसल, जाकिर ने यह बात अपने मजाकिया अंदाज में कही, जिसने बातचीत का रंग ही बदल दिया.
सिद्धू की बात पर जाकिर ने ली चुटकी
ऐसे में प्रोमो में नवजोत सिंह सिद्धू (Navjot Singh Sidhu) और जाकिर खान के बीच भी मजेदार नोकझोंक देखने को मिलती है. विकास दिव्यकीर्ति कॉमेडियन की तारीफ करते हुए कहते हैं कि उनका दिमाग काफी तेजी से काम करता है. इस पर सिद्धू भी अपनी बात रखते हैं और कहते हैं कि कॉमेडियन को कुछ ही सेकंड में जवाब देना पड़ता है. फिर वह मजाक में क्रिकेटरों को भी इसी बात से जोड़ देते हैं.
सिद्धू की बात सुनकर जाकिर कहां चुप रहने वाले थे. उन्होंने तुरंत चुटकी लेते हुए कहा कि कॉमेडियन की तारीफ हो रही थी, लेकिन सिद्धू से दो मिनट भी बर्दाश्त नहीं हुआ. जाकिर का यह जवाब सुनकर वहां मौजूद लोग हंसने लगते हैं.
पिछले एपिसोड में पहुंचे थे शाहिद कपूर
इससे पहले शो में अभिनेता शाहिद कपूर अपनी पत्नी मीरा राजपूत और भाई ईशान खट्टर के साथ पहुंचे थे. तीनों ने कपिल के साथ खूब मस्ती की थी. अब नए प्रोमो में पंकज त्रिपाठी, विकास दिव्यकीर्ति और जाकिर खान की तिकड़ी दिखाई दे रही है. तीनों के अलग-अलग अंदाज को देखकर लग रहा है कि इस बार भी शो में हंसी-मजाक की खूब महफिल जमने वाली है.
ये भी पढ़ें: ‘पगली देखावे अगरबत्ती…’ गाने ने भोजपुरी में उड़ाया गर्दा, नीलकमल सिंह ने मचाई धूम
The post 'मैं विकास सर के साथ बहुत सोया हूं', पंकज त्रिपाठी के सामने जाकिर ने कह दी चौंकाने वाली बात appeared first on Prabhat Khabar.


