![]()
किसानों को लेकर रीवा के भाजपा सांसद जनार्दन मिश्रा के विवादित बयान के विरोध में शनिवार को खंडवा में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया। शहर और किसान कांग्रेस के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने गांधी भवन से विरोध रैली निकाली। बॉम्बे बाजार होते हुए रैली केवलराम पेट्रोल पंप चौराहे पहुंची, जहां सांसद जनार्दन मिश्रा का पुतला दहन किया गया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सांसद के खिलाफ नारेबाजी करते हुए उनसे इस्तीफे की मांग की। कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि सांसद ने अपने बयान पर माफी नहीं मांगी तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। शनिवार शाम करीब 5 बजे बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता गांधी भवन में एकत्रित हुए थे। यहां से रैली के रूप में सभी बॉम्बे बाजार होते हुए पुतला दहन स्थल पहुंचे। प्रदर्शन के दौरान ‘जनार्दन मिश्रा इस्तीफा दो’, ‘किसानों के सम्मान में कांग्रेस मैदान में’ और ‘जो किसानों से टकराएगा, सत्ता से दूर हो जाएगा’ जैसे नारे लगाए गए। प्रतिभा रघुवंशी बोलीं- किसान दिन-रात मेहनत कर देश का पेट भरता है शहर कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा रघुवंशी ने कहा कि भाजपा के एक निर्वाचित सांसद द्वारा किसानों को केवल तीन महीने काम करने और बाकी समय नशे में रहने वाला बताना बेहद शर्मनाक है। किसान दिन-रात खेतों में मेहनत करता है और अपनी उपज से पूरे देश का पेट भरता है। ऐसे अन्नदाता के लिए इस तरह की भाषा का इस्तेमाल किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं किया जा सकता। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार गेहूं और धान के समर्थन मूल्य को लेकर बड़े-बड़े वादे करती है, लेकिन प्रदेश का किसान आज खाद, बीज और यूरिया की परेशानी से जूझ रहा है। खाद के लिए किसानों को भटकना पड़ रहा है और उनकी समस्याओं पर सुनवाई नहीं हो रही। ऐसे समय में किसानों की मेहनत पर सवाल उठाने के बजाय उनकी समस्याओं का समाधान किया जाना चाहिए। रघुवंशी ने चेतावनी दी कि सांसद ने सार्वजनिक रूप से माफी नहीं मांगी तो कांग्रेस सांसदों और विधायकों के घरों का घेराव करेगी। सांसद खंडवा आएंगे तो किसान करेंगे उग्र विरोध किसान कांग्रेस नेता सोनू गुर्जर ने कहा कि किसानों को नशेड़ी बताने वाले सांसद जब खंडवा आएंगे तो किसान उनके खिलाफ और उग्र विरोध करेंगे। पुतला दहन कर विरोध दर्ज कराया गया है, लेकिन इस तरह की बयानबाजी दोबारा हुई तो खंडवा से लेकर भोपाल तक आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से भी ऐसे सांसद का इस्तीफा लेने की मांग की। किसान बोले- तीन खेतों में पानी चलाकर देखें सांसद प्रदर्शन में शामिल किसान राजाराम पटेल ने कहा कि किसान की मेहनत का अंदाजा वही लगा सकता है, जो खेत में काम करता है। सांसद को तीन खेतों में पानी चलाकर देखना चाहिए, तब उन्हें पता चलेगा कि खेती करना कितना मुश्किल काम है। उन्होंने कहा कि वर्तमान में किसान यूरिया के लिए टोकन लेने और खाद की व्यवस्था करने के लिए परेशान हो रहे हैं। ऐसे हालात में किसानों के प्रति इस तरह की टिप्पणी करना दुर्भाग्यपूर्ण है। ये कांग्रेस नेता रहे मौजूद प्रदर्शन में हेमलता पालीवाल, जितेंद्र सिंह धारकवाड़ी, श्याम यादव, गजेंद्रसिंह सोलंकी, विकास व्यास, आशाराम ठाकुर, विशाल जैन, प्रेमांशु जैन, मुल्लू राठौर, डॉ. शरद हरणे, विनोद यादव, शहजाद पवार, सागर पवार, कादर खान, यशवंत सिलावट, मनोज मंडलोई, शब्बीर कादरी, दशरथ सिरसोटे और मुजाहिद कुरैशी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।
Source link
#कसन #क #नशड #बतन #पर #रव #ससद #क #पतल #फक #खडव #म #कगरस #नत #बल #मफ #नह #मग #त #ससदवधयक #क #घर #क #करग #घरव #Khandwa #News


