Stone Pelting At Khesari Lal Yadav Show: भोजपुरी स्टार खेसारी लाल यादव का एक कार्यक्रम हंगामे की भेंट चढ़ गया। बिहार के नालंदा जिले के इस्लामपुर स्थित शेखअल्ली गांव में उनके स्टेज शो के दौरान जमकर बवाल हुआ। दर्शकों के बीच पत्थरबाजी शुरू हो गई। हालात बिगड़ने पर पुलिस को लाठीचार्ज करना पड़ा। इसके बाद गुस्साए लोगों ने कार्यक्रम स्थल पर रखी कुर्सियां तोड़ दीं और उनमें आग लगा दी।

तिलक समारोह में बुलाए गए थे खेसारी
दरअसल, गांव में चंद्रशेखर प्रसाद के बेटे के तिलक समारोह में सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया था। इसमें खेसारी लाल यादव को परफॉर्म करने के लिए बुलाया गया था। कार्यक्रम के दौरान अचानक भीड़ बेकाबू हो गई और लोगों ने एक-दूसरे पर पत्थर फेंकने शुरू कर दिए।
खेसारी ने की शांति बनाए रखने की अपील
हंगामा बढ़ता देख खेसारी लाल यादव ने मंच से लोगों को शांत रहने की अपील की। उन्होंने दर्शकों से पत्थर फेंकने के बजाय फूल बरसाने को कहा। हालांकि, उनकी अपील का कोई खास असर नहीं हुआ। पुलिस और सुरक्षाकर्मियों ने स्थिति संभालने के लिए लाठीचार्ज किया। इसके बाद कुछ लोगों ने कुर्सियों में आग लगा दी।
पुलिस के मुताबिक, मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। वीडियो फुटेज के आधार पर हंगामा और तोड़फोड़ करने वालों की पहचान की जा रही है।


