मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा।
.
विधायक ने उतारी विरोध वाली आरती सतना से कांग्रेस विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने एसडीएम की आरती उतारकर अनोखे अंदाज में विरोध जताया। दरअसल, प्रशासन की टीम एक इलाके में अतिक्रमण हटाने पहुंची थी। कार्रवाई से प्रभावित लोगों के पक्ष में विधायक भी मैदान में उतर आए। इस दौरान उनकी एसडीएम से बहस हो गई।
इसके बाद विधायक ने विरोध का ऐसा तरीका निकाला कि एसडीएम को भगवान ही बना दिया और आरती उतारने लगे। विधायक का आरोप है कि सतना के एसडीएम खुद को भगवान समझने लगे हैं। इसी तंज के साथ उन्होंने आरती उतारकर अपना विरोध दर्ज कराया।
अब विधायक का यह अनोखा विरोध चर्चा में है। अतिक्रमण हटाने की कार्रवाई के बीच आरती और सियासत का यह अंदाज भी सुर्खियां बटोर रहा है।

सतना में विधायक सिद्धार्थ कुशवाहा ने एडीएम की आरती उतारी।
मंच पर जगह नहीं मिली तो बिफरे पार्षद मुरैना के अंबाह में आयोजित जन विश्वास शिविर के मंच पर जगह नहीं मिलने से एक निर्दलीय पार्षद इस कदर नाराज हो गए कि भरी सभा में ही बिफर गए। उन्होंने मंच पर बैठे महिला पार्षदों के पतियों और नगर पालिका अध्यक्ष के पति को लेकर सवाल खड़े कर दिए।
पार्षद ने कहा कि जनता ने इन लोगों को नहीं, बल्कि इनकी पत्नियों को वोट देकर चुना है। उन्होंने खुद को निर्वाचित जनप्रतिनिधि बताते हुए कहा कि वे पार्षद होने के बावजूद नीचे बैठे हैं, जबकि बिना चुनाव जीते लोग मंच पर जगह घेरे हुए हैं।
इस दौरान पार्षद ने मंच पर बैठे लोगों को नीचे उतारने तक की बात कह दी। हालांकि, अपनी नाराजगी जाहिर करते-करते वे भाषा की मर्यादा भी भूल गए। उन्होंने मंच पर बैठे लोगों के लिए आपत्तिजनक टिप्पणियां करते हुए उन्हें महिलाओं के नाम पर तंज कसने का भी प्रयास किया।
पार्षद का यह वीडियो अब चर्चा में है। एक तरफ महिला सशक्तिकरण और महिलाओं को राजनीतिक रूप से मजबूत बनाने की बात होती है, वहीं दूसरी तरफ निर्वाचित महिला जनप्रतिनिधियों की जगह उनके पतियों के मंच पर बैठने का यह मामला कई सवाल खड़े कर रहा है।

मुरैना के अंबाह में मंच पर जगह नहीं मिलने से पार्षद ने हंगामा किया।
कांग्रेस ने शुरू कर दी बैटिंग की प्रैक्टिस मध्य प्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने हाल ही में दावा किया कि प्रदेश में अगली सरकार कांग्रेस की बनेगी। क्रिकेट की भाषा में उन्होंने कहा कि भाजपा की अब अंतिम पारी चल रही है। कांग्रेस की बैटिंग का समय आ गया है और 2028 में हर गेंद पर छक्का लगेगा।
उमंग सिंघार के इस बयान के बीच पूर्व नेता प्रतिपक्ष अजय सिंह राहुल भैया का क्रिकेट खेलते हुए वीडियो सामने आ गया। वे अपने विधानसभा क्षेत्र चुरहट में आयोजित एक क्रिकेट टूर्नामेंट में पहुंचे थे, जहां उन्होंने बल्लेबाजी में हाथ आजमाए।
अब इस वीडियो को उमंग सिंघार के बयान से जोड़कर लोग चुटकी ले रहे हैं। कह रहे हैं कि सिंघार ने कांग्रेस की बैटिंग आने का ऐलान किया और इधर राहुल भैया ने बल्ला थामकर प्रैक्टिस भी शुरू कर दी।
हालांकि, लोगों का कहना है कि कांग्रेस ने भले ही बैटिंग की तैयारी शुरू कर दी हो, लेकिन उसके सामने सबसे बड़ी चुनौती भाजपा को पवेलियन भेजने की होगी।

कांग्रेस विधायक अजय सिंह एक क्रिकेट टूर्नामेंट में बल्लेबाजी करते हुए।
और अब अंदर की बात..
रौब झाड़ने के चक्कर में फंसे विधायक सत्ता का रौब झाड़ने के चक्कर में निमाड़ के एक जिले से आने वाले भाजपा विधायक खुद ही मुश्किल में फंस गए। अब इस मुसीबत से निकलने के लिए माननीय अपनों का साथ तलाश रहे हैं।
दरअसल, विधायक जी ने हाल ही में अपने जिले के कलेक्टर को एक पत्र लिखकर कहा था कि किसी भी खदान की अनुमति देने से पहले उनसे चर्चा की जाए। उनका यह पत्र वायरल हो गया और सरकार तक भी पहुंच गया। खबर है कि इस पर सरकार ने नाराजगी जताई है।
सरकार की नाराजगी की भनक विधायक जी तक भी पहुंच गई। अब वे सफाई देने के लिए सरकार से मुलाकात करने को बेचैन हैं, लेकिन फिलहाल उन्हें मुलाकात का समय नहीं मिल पाया है।
ऐसे में नेता जी ने पार्टी दफ्तर के चक्कर लगाने शुरू कर दिए हैं। हालांकि, यहां से भी उन्हें यही सलाह मिल रही है कि अपनी बात सरकार के दरबार में ही रखें।
दरअसल, विधायक जी को चिंता इस बात की भी है कि विधानसभा का शीतकालीन सत्र शुरू होने वाला है। ऐसे में यह मामला सदन में उठ सकता है। लिहाजा, वे चाहते हैं कि समय रहते सत्ता और संगठन को भरोसे में ले लिया जाए, ताकि मुश्किल वक्त में पार्टी का साथ मिल सके।
बता दें कि ये वही विधायक हैं, जो पिछली सरकार के दौरान कांग्रेस छोड़कर भाजपा में आए थे। अब सत्ता में आने के बाद भी माननीय को अपनी ही सरकार के दरबार में हाजिरी लगाने की नौबत आ गई है।
इनपुट सहयोग – प्रशांत द्विवेदी (सतना), आशीष शर्मा (अंबाह), विजय सिंह बघेल (भोपाल)
ये भी पढ़ें – रामलीला के मंच पर.. मुझको राणा जी माफ करना: कांग्रेस नेता का VIDEO- टिकट दे देना, नहीं तो हरवा देंगे

खंडवा जिले के मांधाता से कांग्रेस के पूर्व विधायक राजनारायण सिंह पुरनी का एक पुराना वीडियो इन दिनों चर्चा में है। इसमें वे कांग्रेस विधायक जयवर्धन सिंह को टिकट के लिए खुली चेतावनी देते नजर आ रहे हैं। वे ये कहते सुनाई दे रहे हैं कि टिकट दे देना, नहीं तो कांग्रेस को हरवा देंगे। पूरी खबर पढ़ें
Source link
#कगरस #वधयक #न #एसडएम #क #उतर #आरत #पतय #न #घर #मच #परषद #न #खल #पल #शवरज #स #मलकर #चललय #यवक #म #म #मम #स #मल #गय #Madhya #Pradesh #News


