31 मिनट पहले
- कॉपी लिंक

एक्ट्रेस संचिता उगले के सुसाइड केस पर एक्टर और सांसद रवि किशन ने रिएक्शन दिया है। उन्होंने आत्महत्या को सबसे बड़ा पाप कहा है। इसी बीच AICWA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट ने एक्ट्रेस के सुसाइड मामले पर महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस से हाई-लेवल जांच की मांग की है।
रवि किशन बोले- सुसाइड से मोक्ष भी नहीं मिलता
रवि किशन ने पीटीआई से बातचीत में संचिता उगले केस पर कहा, ‘आज कल बच्चे बहुत सुसाइडल हो जाते हैं। कल एक हमारी कलाकार थीं 22 साल की उन्होंने सुसाइड कर लिया। इसलिए अध्यात्म, पूजापाठ जरूरी है। सुख-दुख आते रहेंगे। कोई व्यक्ति नहीं जिसे चिंतन नहीं, लेकिन जिंदा भी रहना है ना। सुसाइड सबसे बड़ा पाप है, मोक्ष भी नहीं मिलता। जो भी आत्महत्या करता है उसकी आत्मा यहीं भटकती रहती है। क्योंकि उसने अपने निर्धारित समय पर प्राण नहीं त्यागा। वही आत्मा बनकर प्रेत-पिशाच बनकर घूमते हैं।’

फिल्म एसोसिएशन ने की हाई-लेवल जांच की मांग
AICWA (ऑल इंडिया सिने वर्कर्स एसोसिएशन) के प्रेसिडेंट सुरेश श्यामलाल गुप्ता ने महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस को एक लेटर लिखकर संचिता उगले सुसाइड केस में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन टीम बनाकर हाई-लेवल जांच की मांग की है।

दोस्त का दावा- पिछले 6 महीने से सुसाइड की बात कर रही थीं एक्ट्रेस
संचिता की दोस्त गीतांजलि ने दावा किया है कि एक्ट्रेस पिछले 6 महीनों से आत्महत्या की बात कर रही थीं। उन्होंने टेली टॉक्स से बातचीत में कहा है, अगर कोई इंसान कई महीनों से कह रहा है कि उसकी मौत सुसाइड से होगी, तो ये अचानक नहीं है। पिछले 6 महीनों से वो कह रही थी कि वो मरना चाहती है और जीना नहीं चाहती।
आगे उन्होंने कहा, वो डिप्रेशन में थी, ‘मेरे ख्याल से ये जनवरी से शुरू हुआ। वो 5-5 दिन नहीं सोती थी।’
को-स्टार मेघा शर्मा ने डिप्रेशन की पुष्टि की
संचिता की को-स्टार मेघा शर्मा ने भी बताया कि संचिता पिछले कुछ समय से डिप्रेशन से जूझ रही थीं और उनका इलाज चल रहा था। हालांकि पुलिस ने साफ किया है कि फिलहाल इन चैट्स को सीधे तौर पर सुसाइड से जोड़कर देखना जल्दबाजी होगी। पुलिस अधिकारी संचिता के करीबी लोगों और सह-कलाकारों के बयान दर्ज कर रहे हैं।
पिता बोले- पैसे के लिए टॉर्चर किया गया
वहीं इस मामले में संचिता के पिता मच्छिंद्र उगले ने कहा कि उनकी बेटी को टॉर्चर किया जा रहा था। उस पर पैसे को लेकर दबाव बनाया गया, इसके बाद डिप्रेशन में थी।
टीवी सीरियल कुमकुम भाग्य में दिया का किरदार निभाकर घर-घर मशहूर हुईं संचिता उगले का शव रविवार रात सीलिंग फैन से लटका मिला था। एक्ट्रेस के पिता ने NDTV से कहा कि
वह अक्सर परेशान रहती थी। उसने कभी हमें इसकी वजह नहीं बताई। बस इतना पता था कि वह अंदर ही अंदर परेशान रहती थी। कई बार वह बिल्कुल ठीक और खुश नजर आती थी, लेकिन अचानक डिप्रेशन में चली जाती थी। ये बात हमारे ध्यान में आई थी और इसी के लिए हम उसके साथ रोज आना-जाना करते थे।

उन्होंने कहा- बस उतना ही वक्त, समझो कि आधा घंटा हम उसके साथ नहीं थे, वो हमारी गलती समझो, लेकिन वो इतने डिप्रेशन में चली गई, ये हमें मालूम नहीं था कि वो ऐसा कदम उठा लेगी।

मीडिया से बातचीत करते वक्त संचिता के पिता मच्छिंद्र उगले की आंखों से आंसू आ गए।
पिता ने कहा- संचिता को टॉर्चर किया जा रहा था
संचिता के पिता ने यह भी दावा किया कि उसे कोई न कोई पैसे लेकर या किसी न किसी बात को लेकर मांग करके, उसे टॉर्चर और हैमरिंग कर ही रहा था। प्रशासन से मांग बस एक ही है कि मेरी बेटी के साथ जो भी गलत हुआ है, उसे न्याय मिलना चाहिए। मेरी बेटी क्या, भारत की सभी बेटियों को न्याय मिलना चाहिए।
घर में अकेली थी, बेडरूम में फांसी लगाई
संचिता अपने माता-पिता के साथ महाराष्ट्र के पालघर में रहती थीं। रविवार शाम करीब 5:30 बजे उनकी बहन अंजली घर से बाहर गई थी। इसी दौरान संचिता ने अपने बेडरूम के सीलिंग फैन से साड़ी के सहारे फांसी लगा ली।
परिवार संचिता को महानगरपालिका के तुलिंज अस्पताल लेकर गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

टीवी शो ‘वागले की दुनिया’ में संचिता उगले ने रूचिता जेटली का किरदार निभाया था।

संचिता ने टीवी शो ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में सुकून का रोल निभाया था।
कई टीवी शोज और फिल्मों का हिस्सा रहीं
संचिता उगले ने कई टीवी शो और फिल्मों में काम किया। वे लोकप्रिय टीवी शो ‘कुमकुम भाग्य’, ‘वागले की दुनिया’ जैसे कई शो का हिस्सा रह चुकी थीं। आखिरी बार वे दंगल टीवी चैनल के शो ‘साजन घर में’ नजर आई थीं। वे पॉपुलर शो ‘दिलवाली दूल्हा ले जाएगी’ में सौरभ बेदी के साथ लीड रोल में नजर आ चुकी हैं।
संचिता ने फिल्म ‘छावा’ में भी काम किया था। इसमें वे ताराबाई के किरदार में नजर आई थीं। फिल्म मुख्य भूमिकाओं में विक्की कौशल और अक्षय खन्ना नजर आए थे।
इसके अलावा संचिता ने मनोज बाजपेई के साथ ‘साइलेंस 2: द नाइट आउल बार शूटआउट’ में भी काम किया था।

मौत से कुछ घंटों पहले वीडियो पोस्ट किया
संचिता के निधन से ठीक कुछ घंटों पहले ही उनके आधिकारिक इंस्टाग्राम अकाउंट से एक रील पोस्ट की गई थी। वीडियो में एक्ट्रेस ‘डफली वाले, डफली बजा’ गाने पर लिपसिंक करती दिखी थीं। इस वीडियो के कैप्शन में एक्ट्रेस ने लिखा था, ‘मैं नाचूं, तू नचा।’
कमेंट सेक्शन में एक्ट्रेस के फैंस उन्हें श्रद्धांजलि दे रहे हैं। एक्ट्रेस सोशल मीडिया पर बेहद एक्टिव थीं और लगातार पोस्ट करती रहती थीं। उनके इंस्टाग्राम पर 1 लाख 39 हजार फॉलोअर्स हैं।

संचिता का आखिरी वीडियो।
चचेरा भाई बोला- सुशांत की तरह इंडस्ट्री ने दबाया
संचिता के चचेरा भाई आकाश उगले ने मीडिया से बातचीत में दावा किया है कि संचिता को फिल्म इंडस्ट्री द्वारा दबाया जा रहा था। उन्होंने सुशांत सिंह राजपूत से जुड़ा सोशल मीडिया का एक वीडियो दिखाते हुए दावा किया है कि ये संचिता की फर्जी आईडी से पोस्ट किया गया है, जिसमें लिखा था, ‘आज फिर 14 जून है’।

संचिता की फर्जी आईडी से पोस्ट किए गए वीडियो में लिखा था- आज फिर 14 जून है। सुशांत ने इसी तारीख में आत्महत्या की थी।

चचेरे भाई ने दावा किया है कि ये आईडी संचिता की थी।
भाई ने मीडिया से बातचीत में कहा, मेरी बहन बहुत डर गई थी। इंडस्ट्री दबा देती है, धमकी देती है। जैसा सुशांत के साथ किया, उसे अंदर से खोखला कर दिया। इसमें बड़े-बड़े लोगों का हाथ होता है। यहां पावर गेम होता है। हमारे जैसे मिडिल क्लास के लोग आगे जाते हैं, तो उसे दबा दिया जाता है।

आकाश उगले, संचिता के चचेरे भाई।
चचेरे भाई द्वारा बताए गया इंस्टाग्राम अकाउंट संचिता उगले के फैन पेज की तरह दिखता है। हालांकि भाई ने दावा किया है कि ये अकाउंट संचिता खुद चलाती थीं। ये अकाउंट 2 जून को बनाया गया है। पेज के सभी वीडियो संचिता के थे, हालांकि 14 जून को पोस्ट किया गया आखिरी वीडियो सुशांत सिंह राजपूत का था। कथित तौर पर इस वीडियो के पोस्ट किए जाने के बाद संचिता ने आत्महत्या की है।
को-स्टार ने रिलेशन कि अफवाह को नकारा
संचिता की मौत के बाद सोशल मीडिया पर उनके ‘साजन घर’ के को-स्टार उज्ज्वल शर्मा के साथ नाम जुड़ने की अफवाहें चल रही हैं, लेकिन उज्ज्वल ने इन खबरों को गलत बताया है। टेलीचक्कर से बातचीत में उज्ज्वल ने साफ किया कि वे दोनों कभी रिलेशनशिप में नहीं थे। उज्ज्वल ने बताया कि संचिता किसी और को डेट कर रही थीं और उसके साथ लिव-इन में रह रही थीं।

टीवी शो ‘साजन घर’ में संचिता ने पूजा और उज्ज्वल शर्मा ने कबीर का रोल प्ले किया था।
वे पिछले दो से ढाई महीने से अपने होमटाउन में हैं और संचिता से उनका कोई संपर्क नहीं था। उज्ज्वल के मुताबिक, संचिता अपने एक्स-बॉयफ्रेंड से ब्रेकअप के बाद काफी मुश्किल समय का सामना कर रही थीं और मानसिक तनाव के लिए डॉक्टरी मदद भी ले रही थीं। संचिता की सेहत को ठीक रखने के लिए प्रोडक्शन हाउस ने भी सपोर्ट किया था और इलाज में मदद की थी।

यह खबर भी पढ़ें…
‘किसी के साथ सोओगे नहीं तो रिप्लेस कर देंगे’:संचिता उगले सुसाइड केस के बाद एक्ट्रेस आंचल खुराना ने टीवी इंडस्ट्री पर उठाए सवाल

22 साल की टीवी एक्ट्रेस संचिता उगले के सुसाइड मामले के बाद एक्ट्रेस आंचल खुराना ने टीवी इंडस्ट्री पर सवाल उठाए हैं। पूरी खबर यहां पढ़ें…


