सलमान खान के 1998 के ब्लैकबक पोचिंग (काले हिरण के शिकार) केस पर बनी फिल्म ‘काला हिरन’ को लेकर विवाद हर मिनट गहराता जा रहा है। फिल्म में वकील का रोल प्ले कर रहे एक्टर गोविंद नामदेव ने हाल ही में दावा किया था कि उन्हें फिल्म की असली कहानी के बारे में अंधेरे में रखा गया। अब फिल्म के प्रोड्यूसर अमित जानी ने इन दावों को पूरी तरह खारिज करते हुए एनडीटीवी से बातचीत में बड़ा खुलासा किया है। अमित जानी ने बताया कि गोविंद नामदेव ने न सिर्फ पहली फिल्म की स्क्रिप्ट पूरी तरह समझकर साइन की थी, बल्कि वह इसके सीक्वल ‘काला हिरन 2’ के लिए भी एग्रीमेंट साइन कर चुके हैं।
प्रोड्यूसर अमित जानी का गोविंद नामदेव पर पलटवार
अमित जानी ने गोविंद नामदेव के दावों पर हैरानी जताते हुए कहा, “इतने बड़े सीनियर एक्टर को पूरी स्क्रिप्ट दी गई थी। उन्होंने पहले सिनॉप्सिस पढ़ा, फिर कैरेक्टर स्केच देखा और उसके बाद पूरी स्क्रिप्ट पढ़ी।” अमित जानी ने आगे कहा कि गोविंद नामदेव शूटिंग के दौरान लगातार पांच दिनों तक होटल के कमरे और वैनिटी वैन में बैठकर स्क्रिप्ट पढ़ते रहे। जब वह कोर्ट रूम के सीन में बिश्नोई समाज के वकील बनकर खड़े थे, तो क्या उन्हें नहीं पता था कि वह किसके खिलाफ केस लड़ रहे हैं और किसे सजा दिलाना चाहते हैं? वहां ब्रेसलेट पहनकर खड़ा कैरेक्टर ‘अयान खान’ आखिर कौन है?
इसे भी पढ़ें: Alpha Trailer Review: Alia-Sharvari के जोरदार एक्शन से फैंस खुश, पर कुछ लोगों को पसंद नहीं आया ट्रेलर
धमकी या पैसे का चक्कर?
अमित जानी ने आशंका जताई कि गोविंद नामदेव ने मुंबई जाकर जो बयान बदला है, उसके पीछे सलमान खान के करीबियों या शेरा-पेरा की तरफ से मिली कोई धमकी हो सकती है। उन्होंने कहा, “या तो उन्हें फोन पर धमकाया गया है कि बेटा बहुत उछल रहे हो, या फिर उन्हें लगा कि फिल्म से तो पेमेंट और चेक मिल ही चुका है, अब सलमान खान की गुड बुक्स में आकर अपना फायदा करा लेता हूं।” जानी ने याद दिलाया कि एग्रीमेंट के मुताबिक नामदेव को डबिंग, बची हुई शूटिंग और 5 दिनों के मीडिया प्रमोशन (पॉडकास्ट और इंटरव्यू) में शामिल होना ही पड़ेगा। एग्रीमेंट में यह भी साफ लिखा है कि वह प्रोडक्शन हाउस की इमेज खराब करने वाला कोई बयान नहीं दे सकते, लेकिन उन्होंने इसके बिल्कुल उल्टा किया।
इसे भी पढ़ें: Karan Johar की Malayalam Cinema में Grand Entry, Prithviraj संग Odiyan से करेंगे बड़ा धमाका
‘काला हिरन 2’ भी हो चुकी है साइन
अमित जानी ने खुलासा किया कि फिल्म की कहानी एक पार्ट में खत्म नहीं हो सकती थी, क्योंकि यह सिर्फ कोर्ट रूम ड्रामा नहीं बल्कि एक क्राइम थ्रिलर भी है। जब उन्होंने नामदेव से कहा कि 1998 से 2018 तक बिश्नोई समाज की इस 20 साल लंबी कानूनी लड़ाई को दिखाने के लिए ‘काला हिरन 2’ बनाई जाएगी, तो गोविंद नामदेव काफी एक्साइटेड हो गए थे। उन्होंने कहा था, “अगर सलमान खान को सजा होती है, तो सजा दिलाने वाला वकील मैं ही बनूंगा।” इसके बाद उन्होंने सीक्वल के लिए भी एग्रीमेंट साइन किया और चेक ले लिया। अब मुंबई जाकर उनका यह कहना कि उन्हें कुछ पता ही नहीं था, बेहद गैर-जिम्मेदाराना है।
क्या था गोविंद नामदेव का बयान?
इससे पहले गोविंद नामदेव ने ‘अमर उजाला’ से बात करते हुए कहा था कि ट्रेलर देखने के बाद वह पूरी तरह हिल गए थे। उन्होंने दावा किया, “मुझे जो कहानी बताई गई थी, यह फिल्म उससे बिल्कुल अलग है। मुझे कभी नहीं बताया गया कि इसमें सलमान खान जैसा कोई कैरेक्टर इस तरह दिखाया जाएगा। मुझे अंधेरे में रखकर इस्तेमाल किया गया है।” नामदेव के मुताबिक, उन्हें फिल्म का नाम ‘संभल’ बताया गया था और कहा गया था कि यह सिर्फ कोर्ट की ऑन-रिकॉर्ड कार्यवाही पर बेस्ड एक नॉर्मल कोर्ट रूम ड्रामा है।
50 लाख का लीगल नोटिस और सलमान खान का कोर्ट का रुख
इस बयान के बाद प्रोड्यूसर अमित जानी ने गोविंद नामदेव को एक लीगल नोटिस भेजा है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर इसकी जानकारी देते हुए उन्होंने लिखा कि नामदेव को 7 दिनों के भीतर पब्लिकली माफी मांगनी होगी और प्रोडक्शन हाउस को 50 लाख रुपये का जुर्माना देना होगा, वरना कानूनी कार्रवाई की जाएगी। दूसरी तरफ, सुपरस्टार सलमान खान ने भी इस फिल्म पर रोक लगाने के लिए दिल्ली हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है। सलमान का कहना है कि यह फिल्म उनके ‘पर्सनैलिटी राइट्स’ का उल्लंघन करती है। इस मामले की अगली सुनवाई 19 जून को होने वाली है।



