Indore News: मानसून मेहरबान, लग रहा ट्रैफिक जाम, बारिश में बह गए प्रशासन के दावे

Indore News: मानसून मेहरबान, लग रहा ट्रैफिक जाम, बारिश में बह गए प्रशासन के दावे

इंदौर में गुरुवार को भी झमाझम बारिश हुई। लगातार चौथे दिन इंदौर में मानसून ने मेहरबानी की और गर्मी उमस से लोगों को राहत मिली। हालांकि शुरुआती तेज बारिश ने ही शहर के करोड़ों रुपए के विकास कार्यों, ड्रेनेज व्यवस्था और प्रशासनिक तैयारियों की पोल खोल दी। पिछले चार दिन से कई प्रमुख चौराहों पर जलभराव और घंटों ट्रैफिक जाम की स्थिति बन रही है। लोग घंटों जाम में फंसे हैं और पुलिस और जिम्मेदार अधिकारी सड़कों से नदारद हैं। 

दो दिशाओं से एक साथ आया मानसून

मौसम विभाग के अनुसार इस बार मध्य प्रदेश में मानसून ने अरब सागर और बंगाल की खाड़ी दोनों शाखाओं के जरिए एक साथ प्रवेश किया है। ऐसा संयोग करीब बीस साल बाद देखने को मिला है। हालांकि मानसून सामान्य तिथि 18 जून की तुलना में 6 दिन की देरी से प्रदेश में पहुंचा है। मौसम वैज्ञानिक अजय शुक्ला के मुताबिक जबलपुर और मंडला क्षेत्र में बंगाल की खाड़ी से बना सिस्टम सक्रिय है, जबकि मालवा क्षेत्र में अरब सागर का प्रभाव बना हुआ है। दोनों सिस्टम के सक्रिय होने से प्रदेशभर में अगले कुछ दिनों तक अच्छी बारिश की संभावना है।

सप्ताह भर चलेगा बारिश का दौर

मौसम विभाग ने अगले पांच दिनों तक बारिश का दौर जारी रहने का अनुमान जताया है। गुरुवार सुबह मौसम साफ रहा, लेकिन दोपहर से बारिश का दौर का शुरू हुआ और रात तक चलता रहा। इस दौरान इंदौर के कई क्षेत्रों में रुक रुककर बारिश होती रही। 

प्रमुख चौराहों पर जलभराव और भारी जाम

मानसून की शुरुआती तेज बारिश में शहर के कई प्रमुख चौराहों पर लगातार जाम लग रहा है। रोबोट चौराहा, बंगाली चौराहा, निपानिया, देवास नाका, रेडिसन, विजय नगर समेत बीस से अधिक प्रमुख स्थानों पर घंटों ट्रैफिक जाम लग रहा है। कई क्षेत्रों में दो से तीन फीट तक पानी भर रहा है। सड़कें तालाब जैसी नजर आने लगी हैं और वाहन चालक लंबे समय तक जाम में फंसे रहते हैं। 

करोड़ों के विकास कार्यों की खुली पोल

शहर में जलभराव रोकने के लिए स्टॉर्म वाटर लाइन, सीवरेज नेटवर्क और ड्रेनेज सुधार के कई काम चल रहे हैं। इसके बावजूद हर साल की तरह इस बार भी बारिश में हालात बिगड़ गए हैं। जहां-जहां सड़कों की खुदाई चल रही थी, वहां की स्थिति सबसे खराब रही है। कई जगह कीचड़ फैल गया है और लोगों का पैदल निकलना तक मुश्किल हो गया है। 

रिंग रोड और सर्विस लेन पर रेंग रहे वाहन

रिंग रोड पर बंगाली चौराहा से खजराना और खजराना से रोबोट चौराहा तक वाहनों की लंबी कतारें लग रही हैं। सर्विस रोड पूरी तरह वाहनों से भर रही है और कई जगह वाहन रेंगते हुए आगे बढ़ते नजर आते हैं। खजराना चौराहे पर करीब दो फीट तक पानी भर रहा है। मेट्रो, फ्लाईओवर, ब्रिज, पानी और ड्रेनेज लाइन प्रोजेक्ट के कारण शहर के कई हिस्सों में सड़कें पहले से खुदी हुई हैं। बारिश ने इन इलाकों की परेशानी और बढ़ा दी। 

आगामी चौबीस घंटों में भी बारिश के आसार

मौसम विभाग के अनुसार अरब सागर और बंगाल की खाड़ी से लगातार नमी आने के कारण अगले चौबीस घंटे में भी इंदौर और आसपास के क्षेत्रों में गरज-चमक के साथ अच्छी बारिश होने की संभावना है। कुछ स्थानों पर तेज बारिश भी हो सकती है। मौसम विभाग का अनुमान है कि मानसून के सक्रिय रहने से अगले कुछ दिनों तक तापमान में बड़ी बढ़ोतरी नहीं होगी और बारिश का सिलसिला जारी रह सकता है।

Source link
#Indore #News #मनसन #महरबन #लग #रह #टरफक #जम #बरश #म #बह #गए #परशसन #क #दव

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *