![]()
बेंगलुरु में कन्नड़ एक्ट्रेस कृषी थापांडा के फ्लैट में उनके 45 वर्षीय दोस्त का शव फंदे से लटका मिला। न्यूज एजेंसी PTI के मुताबिक, पुलिस ने बताया कि मृतक की पहचान बिजनेसमैन वैषाक के रूप में हुई है और शुरुआती जांच में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पुलिस ने बताया कि घटना का पता गुरुवार सुबह उस समय चला, जब वैषाक का शव राजराजेश्वरिनगर स्थित एक्ट्रेस के फ्लैट में छत के पंखे से लटका मिला। उस समय एक्ट्रेस फ्लैट पर मौजूद नहीं थीं। शुरुआती जांच के अनुसार, वैषाक डिप्रेशन से जूझ रहे थे। उनके पास एक्ट्रेस के फ्लैट की चाबी थी और वह अक्सर वहां आते-जाते थे। बुधवार रात भी वह फ्लैट पर अकेले थे, जहां उन्होंने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। घटना से पहले एक्ट्रेस को किया था फोन पुलिस को घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट नहीं मिला है। जांच में यह भी सामने आया कि घटना से पहले वैषाक ने एक्ट्रेस को फोन कर आत्महत्या करने की बात कही थी। इसके बाद एक्ट्रेस ने तुरंत उनके परिवार को सूचना दी। जब परिवार के सदस्य फ्लैट पहुंचे, तो उन्हें वैषाक की डेड बॉडी मिली। पुलिस के मुताबिक, वैषाक को पहले एक कारोबारी को कथित तौर पर धमकी देने के मामले में गिरफ्तार किया गया था। बाद में उन्हें जमानत मिल गई थी। कृषी कन्नड़ फिल्मों की फेमस एक्ट्रेस हैं कृषी थापांडा कन्नड़ फिल्म इंडस्ट्री की जानी-मानी एक्ट्रेस और मॉडल हैं। एक्टिंग की दुनिया में आने से पहले उन्होंने एक मॉडल के रूप में पहचान बनाई। साल 2014 में उन्होंने मिस कर्नाटक का खिताब जीता, जिसके बाद ग्लैमर इंडस्ट्री में उनकी लोकप्रियता बढ़ी। मॉडलिंग से पहले वह अमेरिकी कंपनी इंटरकॉल में असिस्टेंट मैनेजर के पद पर भी काम कर चुकी हैं। 2016 में एक्टिंग करियर शुरू किया कृषी ने साल 2016 में कन्नड़ फिल्म ‘अकीरा’ से अपने एक्टिंग करियर की शुरुआत की। पहली ही फिल्म में उनकी एक्टिंग को काफी सराहना मिली और उन्हें SIIMA अवॉर्ड्स में बेस्ट डेब्यू एक्ट्रेस के लिए नॉमिनेशन मिला। इसी साल उनकी फिल्म ‘कही’ भी रिलीज हुई, जिसे क्रिटिक्स ने खूब पसंद किया और फिल्म को कर्नाटक राज्य पुरस्कार में बेस्ट स्क्रिप्ट का सम्मान मिला। इसके बाद कृषी ने ‘इराडू कनासु’, ‘दलपति’, ‘कन्नडक्कागी ओंदन्नू ओत्ती’, ‘इरा’, ‘भाराते’, ‘लंके’, ‘ब्लैंक’, ‘रुपयी’ और ‘गणा’ जैसी कई फिल्मों में काम किया। फिल्मों के अलावा कृषी ‘बिग बॉस कन्नड़ सीजन 5’ में भी नजर आईं।
Source link


