आज बुधवार को 21 अक्तूबर को अश्विन माह के शुक्ल पक्ष की दशमी/एकादशी तिथि है। देश में आज कई अहम घटनाक्रम तय हैं। पोलैंड के प्रधानमंत्री डोनाल्ड टस्क आज भारत आ रहे हैं। इसके अलावा राष्ट्रीय पुलिस ध्वज दिवस और पुलिस स्मृति दिवस के मौके पर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह नई दिल्ली स्थित राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करेंगे।
आइये जानते हैं आज के बड़े घटनाक्रम…
1. गुवाहाटी में 8 दिवसीय ‘शिल्प समागम मेला’ का आयोजन
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्रालय द्वारा असम के गुवाहाटी में फार्म गेट, खानापारा में आठ दिवसीय शिल्प समागम मेला आयोजित किया जा रहा है। इस मेले में देशभर के 75 शिल्पकार, जिनमें 31 महिलाएं शामिल हैं हिस्सा लेकर लगभग 40 प्रकार के हथकरघा और हस्तशिल्प उत्पादों को प्रदर्शित कर रहे हैं। इसका मुख्य उद्देश्य अनुसूचित जाति, अन्य पिछड़ा वर्ग, सफाई मित्रों और विमुक्त जनजातियों के कारीगरों को बाजार तक सीधी पहुंच प्रदान करना और भारत-ट्यूलिप कार्यक्रम को बढ़ावा देना है। यह मेला राष्ट्रीय निगमों के माध्यम से कारीगरों की आजीविका को मजबूत करने का कार्य करेगा। इससे पूर्व पहला संस्करण मैसूरु में संपन्न हुआ था।