केंद्रीय गृह एवं सहकारिता मंत्री अमित शाह ने गुरुवार को नई दिल्ली में आयोजित दो दिवसीय आतंकवाद-रोधी सम्मेलन के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए कहा, अब दहशतगर्दों के पूरे नेटवर्क पर एक साथ प्रहार करना होगा। आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के बाद पूरा कश्मीर भारत में पैदा हुए आतंकवादियों की मौजूदगी से मुक्त हो गया है। यह सफलता आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में मील का पत्थर साबित होगी। आतंकवाद, संगठित अपराध और ड्रग्स की समस्याओं को जड़ से खत्म करने के लिए विदेश में बैठे दोषियों को भारत लाना जरूरी है। 2019 से अब तक 36 देशों से 303 भगोड़ों को वापस लाया गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने कहा, एक ही रात में 11 राज्यों की पुलिस और केंद्रीय एजेंसियों ने मिलकर पीएफआई की रीढ़ तोड़ दी, जो आज पूरी दुनिया के लिए एक केस स्टडी है। गृह मंत्री ने राष्ट्रीय जांच एजेंसी द्वारा प्रकाशित ‘Fail-Safe Investigation’ का विमोचन किया। साथ ही, उन्होंने चंडीगढ़ के एनआईए कार्यालय परिसर की आधारशिला रखी। दिल्ली के मैदानगढ़ी में बने एनआईए आवासीय परिसर का उदघाटन किया। इसके अलावा गृह मंत्री ने एनआईए के ‘पुष्टि’ पोर्टल का ई-लॉन्च किया और राष्ट्रीय जांच एजेंसी के सात अधिकारियों और कर्मियों को सम्मानित किया।
एक समान रणनीति पर काम
शाह ने कहा कि भारत आतंकवाद का शिकार रहा है। हम लंबे समय से आतंकवाद का सामना करते आए हैं। विभिन्न राज्यों की पुलिस ने अलग-अलग प्रकार के प्रयास किए, मगर एक समन्वित प्रयास की कमी नजर आती थी। समय के साथ धीरे-धीरे अनेक सरकारों के कार्यकाल में इन कमियों को दूर करने के प्रयास हुए और अंततः हम संतोष के साथ कह सकते हैं कि इस बड़े देश में कश्मीर से कन्याकुमारी और द्वारिका से कामाख्या तक हम एक ऐसी व्यवस्था बना रहे हैं जिसमें आतंकवाद का सामना करने के लिए हर पुलिस थाने के स्तर तक एकसमान रणनीति पर काम होगा।
’35 साल के बाद यह स्थिति आई है’
अमित शाह ने कहा कि हाल ही में आतंकवाद के खिलाफ कुछ सफल कार्रवाई हुई है, जिससे हमारे देश का विश्वास बढ़ा है। उन्होंने कहा कि कल ही हमने आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई में एक मजबूत मील का पत्थर हासिल किया है। लश्कर के आतंकवादी लतीफ भट के मारे जाने के बाद पूरा कश्मीर भारत में पैदा हुए आतंकवादियों की मौजूदगी से मुक्त हो गया है। अमित शाह ने कहा कि 35 साल के बाद यह स्थिति आई है। शहजाद भट्टी नेटवर्क को गैर-कानूनी गतिविधि रोकथाम अधिनियम के तहत आतंकवादी संगठन घोषित किया गया है। देशभर में इसके लगभग 40 से अधिक मॉड्यूल नष्ट किए जा चुके हैं। इस नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के तहत 100 से अधिक मामले दर्ज हुए और 271 से अधिक गिरफ्तारी हुई। एक सफल एजेंसी का काम है कि आतंकवादी घटना को अंजाम देने से पहले ही वह आतंकवादियों को पकड़ कर जेल की सलाखों के पीछे डाल दे। उन्होंने कहा कि हर राज्य की पुलिस को इस मॉडल का विश्लेषण करना चाहिए और इसे स्वीकार कर अपने यहां लागू करना चाहिए।