कभी दिव्यांशु, कभी आदित्य तो कभी पंकज बनकर लड़कियों को अपने जाल में फंसाना… पहले सोशल मीडिया और मैट्रिमोनियल साइट्स पर दोस्ती करना, फिर शादी का सपना दिखाकर होटल में बुलाना और बाद में न्यूड फोटो व वीडियो के जरिए ब्लैकमेल कर रुपए ऐंठना।
.
जबलपुर पुलिस ने ऐसे ही एक शातिर आरोपी को बेंगलुरु से गिरफ्तार किया है, जो देश के अलग-अलग राज्यों में युवतियों को अपना शिकार बना रहा था।
रविवार को एमपी पुलिस आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर जबलपुर लेकर पहुंची, जहां कोर्ट में पेश करने के बाद पूछताछ के लिए रिमांड पर लिया गया है। पुलिस के मुताबिक आरोपी मूल रूप से बिहार का रहने वाला है, लेकिन उसकी असली पहचान अब भी जांच का विषय बनी हुई है। अब उसने अपना नाम ओमप्रकाश बताया है।
वजह यह है कि आरोपी अलग-अलग दस्तावेजों में अलग-अलग नामों का इस्तेमाल करता था। आधार कार्ड में एक नाम, ड्राइविंग लाइसेंस में दूसरा और पैन कार्ड में तीसरा नाम दर्ज मिला है।

पुलिस गिरफ्त में शातिर आरोपी।
एमपी ही नहीं कई राज्यों में युवतियों को फंसाया
पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने सिर्फ मध्यप्रदेश ही नहीं, बल्कि अन्य राज्यों में भी इसी तरह युवतियों को फंसाकर ब्लैकमेलिंग और ठगी की वारदातों को अंजाम दिया है। पूछताछ में कई और मामलों का खुलासा होने की संभावना जताई जा रही है।
मामले की शुरुआत 20 मार्च 2026 को हुई, जब जबलपुर की एक युवती ने महिला थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। युवती ने पुलिस को बताया कि शादी डॉट कॉम के जरिए उसकी पहचान एक युवक से हुई थी, जिसने खुद को “आदित्य सिंह” और पेशे से बिजनेसमैन बताया था।
बातचीत के दौरान आरोपी ने युवती को शादी का भरोसा दिलाया और दोनों के बीच लगातार संपर्क बढ़ता गया।
पीड़िता के मुताबिक 14 मार्च को आरोपी जबलपुर आया और उसे शहर के एक होटल में मिलने बुलाया। वहां काफी देर तक बातचीत करने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया। बाद में आरोपी ने निजी तस्वीरों और वीडियो के जरिए उसे ब्लैकमेल करना शुरू कर दिया।
महिला थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। तकनीकी साक्ष्यों और लोकेशन ट्रैकिंग के आधार पर पुलिस आरोपी तक पहुंची और आखिरकार उसे बेंगलुरु से गिरफ्तार कर लिया।

दिव्यांशु राज नाम से आरोपी का आधार कार्ड।
जबलपुर के एक होटल ले गया था युवती को
अगले दिन आरोपी युवती को तिलवारा स्थित शुकून होटल ले गया। इसके बाद तीसरे दिन शहर के एक अन्य होटल में भी दोनों की मुलाकात हुई। लगातार तीन दिन तक साथ रहने और भरोसा जीतने के बाद आरोपी ने युवती से कहा कि वह जल्द ही अपने परिवार वालों से बात कर शादी करेगा। शादी के झांसे में आई युवती लगातार उससे संपर्क में बनी रही।
करीब एक सप्ताह बाद आरोपी ने व्हाट्सएप कॉल कर युवती को धमकाया कि उसके पास आपत्तिजनक फोटो और वीडियो हैं। उसने कहा कि अगर वह इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल होने से बचाना चाहती है तो जल्द रुपए का इंतजाम करे।
यह सुनकर युवती घबरा गई, लेकिन बदनामी के डर से उसने घर में किसी को कुछ नहीं बताया। इसके बाद कुछ दिनों तक आरोपी की ओर से कोई संपर्क नहीं हुआ।

आदित्य सिंह के नाम से आरोपी का आधार कार्ड।
युवती ने मां को बताई पूरी बात
अप्रैल में आरोपी ने फिर युवती को कॉल किया। इस बार उसने अपना नाम पंकज और दिव्यांशु बताते हुए कहा कि वह मथुरा घूमने जा रहा है और चाहे तो वह भी साथ चल सकती है। इसी दौरान युवती ने पहली बार अपने परिवार वालों को आरोपी के बारे में बताया और उसकी फोटो भी दिखाई।
8 अप्रैल को आरोपी ने युवती को फोन कर कहा कि वह किसी मीटिंग के सिलसिले में कटनी आ रहा है। चूंकि आरोपी के पास युवती की निजी तस्वीरें थीं, इसलिए उसने अपनी मां को यह बात बताई कि युवक ने उसकी चोरी-छिपे फोटो ले ली थी।
मामले की जानकारी जब युवती के भाई को लगी तो वह अपने कुछ साथियों के साथ महाकौशल एक्सप्रेस से कटनी के लिए रवाना हो गया। उस समय तक परिवार को केवल फोटो और ब्लैकमेलिंग की जानकारी थी। युवती के साथ दुष्कर्म होने की बात किसी को पता नहीं थी।

जबलपुर पुलिस थाना परिसर।
आरोपी को कटनी में पुलिस ने पकड़ा था, नोटिस देकर छोड़ा
युवती एस-4 कोच में सफर कर रही थी, जबकि आरोपी आदित्य सिंह बी-4 कोच में मौजूद था। सिहोरा स्टेशन के पास आरोपी युवती के कोच में पहुंचा और उसे अपने साथ ले जाने लगा। इसी दौरान युवती का भाई अपने साथियों और जीआरपी पुलिस के साथ कोच में पहुंच गया।
इसके बाद आरोपी को कटनी स्टेशन पर ट्रेन से उतार लिया गया और वहां से जबलपुर लाकर महिला थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
महिला थाना पुलिस ने प्रारंभिक शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर आरोपी को नोटिस देकर छोड़ दिया। आरोपी इतना शातिर निकला कि उसने पुलिस को जो आधार कार्ड दिया था, वह फर्जी था। इतना ही नहीं, नोटिस में दर्ज मोबाइल नंबर भी गलत निकला।
करीब डेढ़ महीने बाद 28 मई 2026 को युवती दोबारा महिला थाने पहुंची। इस बार उसने पुलिस को बताया कि डर और बदनामी की वजह से उसने कई अहम बातें पहले छिपाई थीं। युवती ने खुलासा किया कि दो माह पहले शादी डॉट कॉम पर दोस्ती होने के बाद आरोपी ने शादी का झांसा देकर उसके साथ दुष्कर्म किया था। बाद में उसे पता चला कि आरोपी पहले से शादीशुदा है।

आधार और मोबाइल नंबर दोनों फर्जी निकले
युवती के नए बयान के बाद पुलिस ने आरोपी के खिलाफ पहले से दर्ज प्रकरण में बीएनएस की धारा 69 और 319 का इजाफा किया और उसकी तलाश शुरू कर दी।
जांच के दौरान महिला थाना पुलिस के पास मौजूद आदित्य सिंह का आधार कार्ड और मोबाइल नंबर दोनों फर्जी निकले। इसी बीच पुलिस को जानकारी मिली कि इसी तरह का एक मामला वर्ष 2022 में जबलपुर के गोराबाजार थाने में भी दर्ज हुआ था।
पुलिस ने जब पुराने केस की फोटो का मिलान किया तो सामने आया कि वही आरोपी वहां दिव्यांशु सिंह बनकर युवती को शादी का झांसा देकर दुष्कर्म और ब्लैकमेलिंग कर चुका था। उस मामले में आरोपी ने पीड़िता से रुपए भी मांगे थे।
पुलिस जांच में यह भी सामने आया कि उस केस में आरोपी की पत्नी रेणू भी सहआरोपी थी। बाद में दोनों को कोर्ट से जमानत मिल गई थी। पुलिस जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने 10वीं और 12वीं की पढ़ाई जबलपुर के गढ़ा क्षेत्र में रहकर की थी।
बेंगलुरु में रह रहा था आरोपी
महिला थाना पुलिस साइबर टीम की मदद से आरोपी आदित्य उर्फ दिव्यांशु की तलाश में जुटी हुई थी। जांच के दौरान पुलिस को जानकारी मिली कि आरोपी बेंगलुरु में रहकर काम कर रहा है। इसके बाद एसपी से अनुमति लेकर सीएसपी आशीष जैन के नेतृत्व में टीम गठित की गई।
पुलिस टीम बेंगलुरु रवाना हुई, जहां स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

ये खबर भी पढ़ें…
जबलपुर में पिस्टल लहराकर डांस करने वाला बदमाश गिरफ्तार

जबलपुर में दोस्तों के साथ पार्टी के बाद बीच बाजार में पिस्टल लहराकर डांस करना एक बदमाश को भारी पड़ गया। आरोपी ने हथियार के साथ डांस करते हुए वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर वायरल भी कर दिया। इंस्टाग्राम पर वीडियो सामने आने के बाद एसपी संपत उपाध्याय ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए, जिसके बाद कैंट थाना पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।पूरी खबर पढ़ें
www.bhaskar.com
#आधर #म #एक #नम #पन #म #दसर #लइसस #म #तसर #कभ #आदतय #कभ #दवयश #त #कभ #पकज #शद #क #झस #दकर #रप #नयड #फट #स #करत #थ #बलकमलग #Jabalpur #News


