![]()
अलीराजपुर जिले के आम्बुआ थाना क्षेत्र से में मंगलवार दोपहर करीब 1 बजे एक तालाब में डूबने से तीन मासूम बच्चों की मौत हो गई। हादसे में 9 साल के विजय, 7 साल के इकेश और 8 साल की महिमा की जान चली गई है। जानकारी के मुताबिक, विजय और इकेश अपनी मां के साथ अपने ननिहाल आए हुए थे। मंगलवार को वे दोनों अपने मामा की बेटी (ममेरी बहन) महिमा के साथ गांव के ही एक तालाब में नहाने के लिए गए थे। इन तीनों बच्चों के माता-पिता बेहद गरीब हैं और खेती-मजदूरी कर अपना गुजारा करते हैं। नहाते समय तीनों बच्चे पानी में खेलते-खेलते अचानक गहरे हिस्से की तरफ चले गए। पानी गहरा होने के कारण बच्चे खुद को संभाल नहीं पाए और एक-दूसरे को बचाते हुए तीनों की पानी में डूबने से मौके पर ही मौत हो गई। मासूमों की पहचान और अधूरी रह गई पढ़ाई हादसे का शिकार हुए बच्चों के बारे में जब जानकारी सामने आई तो हर किसी की आंखें नम हो गईं। विजय (पिता राजू भीलाला, उम्र 9 वर्ष) मूल रूप से ग्राम काठी का रहने वाला था और कक्षा दूसरी में पढ़ाई करता था। इकेश (पिता राजू भीलाला, उम्र 7 वर्ष) विजय का छोटा भाई था। कागजी दस्तावेज न बन पाने के कारण अभी स्कूल में इसका ऑफिशियल दाखिला (नाम) नहीं हो पाया था, लेकिन पढ़ाई के शौक के चलते यह रोज अपने भाई के साथ स्कूल जाता था। महिमा (पिता पप्पू भिलाला, उम्र 8 वर्ष) आम्बुआ थाने के ग्राम कोटबु वास्कल फलिया की रहने वाली थी, जिसके घर दोनों भाई मेहमान बनकर आए थे। इस हादसे के बाद से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है और पीड़ित परिवारों का रो-रोकर बुरा हाल है।
Source link
#आलरजपर #म #तलब #म #डब #तन #बचच #ननहल #आए #द #सग #भई #और #ममर #बहन #क #मत #खलतखलत #गहर #पन #म #गए #alirajpur #News


