राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका और उनकी टीम के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, AAP नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा है
राजस्थान के जयपुर में सरकारी स्कूल का जायजा लेने पहुंचे कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के नेता आशुतोष रांका और उनकी टीम के साथ कथित मारपीट का वीडियो सामने आने के बाद दिल्ली के पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल, AAP नेता मनीष सिसोदिया और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने बीजेपी पर निशाना साधा है। तीनों नेताओं ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए घटना की निंदा की और शिक्षा के मुद्दे पर सवाल उठाए।
केजरीवाल बोले- ‘बच्चे पढ़-लिख गए तो बीजेपी को क्या तकलीफ?’
अरविंद केजरीवाल ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा, “ये सब क्या हो रहा है देश में? बीजेपी के गुंडों ने CJP के वॉलंटियर्स पर बुरी तरह से हमला कर दिया। मार-पीट की, कपड़े फाड़े और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए।”
केजरीवाल ने आगे सवाल उठाते हुए कहा, “ये सब सिर्फ इसलिए कि वे बच्चों को अच्छी शिक्षा देने के लिए आवाज़ न उठा सकें? बच्चे पढ़-लिख गए, तो इससे बीजेपी को क्या तकलीफ़ है? ये हमारे बच्चों को अनपढ़ क्यों रखना चाहते हैं?”
संजय सिंह ने पूछा- ‘क्या अच्छे स्कूल मांगना पाप है?’
संजय सिंह ने भी घटना का वीडियो साझा करते हुए बीजेपी पर हमला बोला। उन्होंने लिखा, “क्या अपने बच्चों के लिए अच्छे स्कूल माँगना पाप है?” उन्होंने आरोप लगाया कि पूरे देश में बीजेपी ‘गुंडागर्दी’ पर उतर आई है। संजय सिंह ने लिखा कि राजस्थान के जयपुर में गांव का स्कूल देखने गए CJP नेता आशुतोष रांका और उनके साथियों के साथ बीजेपी के लोगों ने मारपीट की। संजय सिंह ने अपने पोस्ट में लिखा, “BJP राज में स्कूल माँगने पर लाठी मिलेगी” और इसके बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए एक नारा लिखा।
सिसोदिया बोले- ‘देश में शिक्षा क्रांति शुरू हो चुकी है’
मनीष सिसोदिया ने भी वीडियो पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने लिखा, “देश में शिक्षा क्रांति शुरू हो चुकी है… तानाशाह मोदी की सेना, ख़राब स्कूल की सत्ता बनाए रखने के लिए, शिक्षा-क्रांतिकारियों के ऊपर हमले कर रही है।” सिसोदिया ने आगे CJP कार्यकर्ताओं की तारीफ करते हुए लिखा, “शानदार काम कर रहे है- बहादुर शिक्षा क्रांतिकारी। हमें गर्व है आप पर।”
जानिए CJP पर हुए हमले की क्या कहानी है?
दरअसल, CJP की टीम शुक्रवार को जयपुर के बगरू विधानसभा क्षेत्र के रामपुरा-कंवरपुरा गांव स्थित सरकारी प्राथमिक विद्यालय का जायजा लेने पहुंची थी। टीम का कहना था कि वह स्कूल भवन की स्थिति देखने और छात्रों व शिक्षकों से बातचीत करने गई थी। इस दौरान टीम को स्थानीय लोगों के विरोध का सामना करना पड़ा। आरोप है कि कार्यकर्ताओं के साथ मारपीट की गई, उनके कपड़े फाड़े गए और वाहनों के शीशे तोड़ दिए गए।
CJP नेता आशुतोष रांका ने बाद में दावा किया कि घटना में उनकी टीम के छह-सात लोगों को चोटें आई हैं। उन्होंने एक व्यक्ति के फ्रैक्चर होने और एक महिला साथी के कंधे पर चोट लगने का भी दावा किया। रांका ने आरोप लगाया कि हमले के दौरान पत्थर भी फेंके गए और यह पूरी घटना सुनियोजित थी।
रांका ने पुलिस पर भी गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा है कि पुलिस से मदद मांगी गई तो पुलिस ने कहा, “ये आपका मुद्दा है, हम इसमें नहीं पड़ेंगे।” हालांकि, पुलिस की ओर से इन आरोपों की पुष्टि नहीं हुई है।
वहीं, बगरू के पुलिस उपाधीक्षक धर्मेंद्र शर्मा ने पहले कहा था कि उन्हें ऐसी किसी घटना की जानकारी नहीं है। इस मामले को लेकर CJP की ओर से राजनीतिक आरोप लगाए जा रहे हैं, जबकि स्थानीय निवासियों और बीजेपी कार्यकर्ताओं का कहना है कि स्कूल की मरम्मत स्थानीय प्रयासों से कराई जा सकती है और सरकार इसके लिए पहले ही धन मंजूर कर चुकी है।
Source link
#आशतष #रक #क #पटई #वल #वडय #दखकर #कय #बल #कजरवल #ससदय #और #सजय #सह #Ncr #Hindi #News


