इंदौर की कृष्णबाग कॉलोनी में सोमवार को प्रशासन की रिमूवल कार्रवाई के बाद से इलाके में सन्नाटा और बेबसी का माहौल पसरा हुआ है। बुलडोजर की कार्रवाई में मकानों की दीवारें और छतें ढहा दी गईं, जिससे उन परिवारों के वर्षों के संघर्ष, यादें और सपने भी मलबे में दब गए, जिन्होंने पाई-पाई जोड़कर अपना घर तैयार किया था। सड़क पर रखा 1 सोफा, उसके पास बैठे परिवार के सदस्य और सामने ईंट-पत्थरों का ढेर अब इस कॉलोनी की नई तस्वीर बन चुका है। कुछ दूरी पर 1 महिला टूटे मकान के सामने चूल्हे पर चाय बनाती दिखी, जबकि आसपास बिखरा घरेलू सामान, टूटी दीवारें और छत के मलबे के बीच बच्चे खेलते नजर आए।
कार्रवाई के 2 दिन बाद भी मलबे के बीच जीवन
प्रशासन की कार्रवाई के करीब 2 दिन बाद भी जिन घरों में कभी रसोई चलती थी, वहां अब केवल मलबा पड़ा है और जिन कमरों में परिवार रात को सोते थे, वहां टूटी ईंटें व सरिए बिखरे हैं। रहवासी उसी मलबे के बीच अपना सामान समेटने में जुटे हैं। कई परिवारों के पास सिर छिपाने या कहीं और जाने का ठिकाना नहीं है, इसलिए वे टूटे घरों के सामने ही खाना पका रहे हैं और रात भी वहीं गुजार रहे हैं। मासूम बच्चे बार-बार अपने टूटे आशियाने को निहारते हैं और माता-पिता से पूछते हैं कि हमारा घर क्यों तोड़ दिया। माता-पिता बच्चों को समझाने का प्रयास करते हैं, लेकिन उनके पास भी इस सवाल का कोई जवाब नहीं है।
मजदूरी करके घर बनाया, अब खुले में गुजर रही रातें
कॉलोनी में किरण वैद्य अपने टूटे मकान के सामने चूल्हे पर चाय बनाती मिलीं। कभी इसी घर में उनका पूरा परिवार रहता था, लेकिन आज घर की जगह मलबा है और उन्हें बच्चों के लिए भोजन भी इसी के सामने बनाना पड़ रहा है। सीमा ने बताया कि वे 20 साल से यहां रह रही थीं। उन्होंने मजदूरी की, दूसरे लोगों के घरों में खाना बनाया और 1-1 पैसा जोड़कर घर खड़ा किया था। उन्होंने कहा कि अब उनके पास रहने के लिए कोई जगह नहीं है और इतने पैसे भी नहीं हैं कि दूसरा मकान खरीद सकें। मकान टूटने के बावजूद उन्होंने कहा कि वे यह जमीन नहीं छोड़ेंगी और यहीं रहकर किसी तरह जिंदगी गुजारेंगी।
पूरे परिवार ने एक-एक पैसा जोड़ा, टूट गया घर
राजाराम कहते हैं कि एक मकान खड़ा करने में किसी परिवार को कितना पसीना बहाना पड़ता है। वे मजदूरी करने के साथ एक नौकरी भी करते हैं। वे सुबह 6 बजे घर से निकलते हैं और कई बार रात 11 से 12 बजे लौटते थे। दिनभर काम करके जो रकम बचती, उसे वे अपने घर के निर्माण में लगाते रहे, लेकिन अब वही मकान मलबे में बदल चुका है। राजाराम के अनुसार उन्होंने करीब 11 से 12 साल पहले प्लॉट खरीदा था और बाद में मकान बनवाया। उनके पास रजिस्ट्री, संपत्ति कर की रसीदें, बिजली कनेक्शन और नगर निगम के नल कनेक्शन जैसे दस्तावेज मौजूद हैं। उन्होंने मकान बनाने के लिए बैंक से लोन भी लिया था, जिसकी किस्त आज भी जारी है। उनका कहना है कि अब समझ नहीं आ रहा कि बैंक की किस्त भरें, रहने का इंतजाम करें या परिवार का भरण-पोषण करें। उन्होंने अधिकारियों से कार्रवाई रोकने की गुहार लगाई थी, लेकिन किसी ने उनकी बात नहीं सुनी।
दस्तावेजों और बैंक लोन के बावजूद बेघर होने की पीड़ा
कॉलोनी के रहवासियों का कहना है कि उन्होंने जमीन खरीदने के बाद रजिस्ट्री कराई, मकान बनवाए, बिजली और नल कनेक्शन लिए तथा नगर निगम को संपत्ति कर और अन्य शुल्क भी अदा किए। कुछ परिवारों ने बैंक से लोन लेकर मकान बनाए थे और उनका कहना है कि बैंकों ने भी दस्तावेजों की जांच के बाद ही लोन स्वीकृत किया था। मकान टूटने के बाद अब रहवासियों के सामने बैंक की किस्त, परिवार का खर्च और रहने की व्यवस्था तीनों का संकट खड़ा हो गया है। मंगलवार को कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी कॉलोनी पहुंचे थे। रहवासियों के अनुसार उन्होंने उनकी कानूनी लड़ाई में मदद करने और अधिकार दिलाने का आश्वासन दिया है, जिससे परिवारों को उम्मीद जरूर बंधी है, लेकिन फिलहाल रोजमर्रा की जिंदगी का संकट बरकरार है।
Source link
#इदर #मलब #क #बच #चलह #जलन #क #मजबर #खल #आसमन #क #बच #गजर #रह #रत

