इंदौर के प्रतिष्ठित सयाजी होटल में खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने निरीक्षण के दौरान कई गंभीर अनियमितताएं पकड़ी हैं। दिल्ली की खाद्य विभाग की टीम के साथ इंदौर खाद्य विभाग के अधिकारियों ने होटल के किचन, स्टोरेज एरिया और खाद्य सामग्री की जांच की। जांच के दौरान करीब 66 किलो नॉनवेज खाद्य सामग्री बिना पैकिंग डेट के मिली। इसके अलावा खाद्य सामग्री के रखरखाव और स्वच्छता को लेकर भी कई खामियां सामने आईं।
वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि होटल में खाद्य सामग्री का निर्धारित तापमान मेंटेन नहीं किया जा रहा था। वेज और नॉनवेज खाद्य सामग्री को एक ही कोल्ड स्टोरेज में रखा गया था। सी-फूड, चिकन और मटन को भी एक साथ स्टोर किया गया था। उबले हुए आलू पर एक्सपायरी डेट की टैगिंग मिली, जबकि कुछ टेट्रापैक लीक मिले, जिससे खाद्य सामग्री के दूषित होने की आशंका जताई गई। टीम को पैक्ड कुल्फी भी मिली, जिस पर मैन्युफैक्चरिंग डेट, एक्सपायरी डेट और बैच नंबर दर्ज नहीं था। वहीं, स्टोर में फ्रोजन डेजर्ट रखा मिला, जबकि होटल के मेन्यू में उसे आइसक्रीम के रूप में दर्शाया गया था। कई खाद्य उत्पाद बिना लेबल के भी पाए गए।
किचन और स्टोरेज एरिया में भी मिली खामियां
स्वच्छता व्यवस्था की जांच के दौरान ड्राई स्टोरेज और नॉनवेज स्टोरेज में जंग लगी सामग्री मिली। फूड प्रिपरेशन प्लेटफॉर्म पर भी जंग और रस्ट पाया गया। किचन और स्टोरेज एरिया में कॉकरोच और चूहों की लीद मिलने के साथ ही चूहे भी पाए गए। ड्राई स्टोरेज की दीवार और फर्श में दरारें मिलीं। स्टोर में सड़े हुए टमाटर और आलू तथा मूंगफली में फंगस भी पाया गया। जांच में यह भी सामने आया कि कई खाद्य सामग्री दीवार से सटाकर और बड़ी मात्रा में सामग्री बिना पैलेट के सीधे जमीन पर रखी गई थी। पैलेट के नीचे गंदगी मिली। ग्रेवी को रूम टेम्परेचर पर स्टोर किया गया था। डस्टबिन में गीले और सूखे कचरे को अलग-अलग रखने की व्यवस्था भी नहीं मिली।
ये भी पढ़ें- MP में बारिश का ‘रौद्र रूप’: उफान पर नर्मदा-मंदाकिनी, 16 जिलों में आज मूसलाधार बारिश का अलर्ट
लाइसेंस को लेकर भी सामने आईं आपत्तियां
लाइसेंस से जुड़ी कई आपत्तियां भी सामने आईं। होटल के लाइसेंस में नॉनवेज शामिल नहीं होने के बावजूद नॉनवेज खाद्य सामग्री रखी मिली। लाइसेंस में बेकरी और स्वीट्स शामिल नहीं होने के बावजूद होटल में इन-हाउस बेकरी और मिठाई तैयार की जा रही थी। फाइव स्टार श्रेणी के होटल के सेंट्रल लाइसेंस को लेकर भी टीम ने जांच की। इसके अलावा इस्तेमाल किए गए जले हुए तेल को सीधे ड्रेनेज में डालने की बात भी निरीक्षण में सामने आई।
खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
खाद्य विभाग की टीम ने मौके से पनीर, रॉ नॉनवेज, पैक्ड पनीर, सौंफ, ड्राई फ्रूट्स सहित अन्य खाद्य सामग्री के सैंपल लिए हैं। फिलहाल टीम की जांच जारी है और निरीक्षण रिपोर्ट के आधार पर होटल प्रबंधन के खिलाफ आगे की कार्रवाई की जा सकती है।
Source link
#इदर #क #बड #हटल #म #खदय #वभग #क #छप #बन #पकग #डट #क #ननवज #मल #कचन #म #ककरचचह #भ #मल


