नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। स्वतंत्रता दिवस 2026 के अवसर पर आज घोषित किए गए राष्ट्रपति पुलिस पदक की सूची में इंदौर से एकमात्र नाम सहायक पुलिस आयुक्त (जूनी इंदौर) विजय चौधरी का शामिल है।
करीब 37 वर्षों की पुलिस सेवा में अलग-अलग महत्वपूर्ण और चुनौतीपूर्ण जिम्मेदारियां निभाने वाले चौधरी को उनकी सराहनीय सेवाओं के लिए राष्ट्रपति पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा। हालांकि पदक की घोषणा आज हुई है, लेकिन इसका औपचारिक सम्मान 15 अगस्त 2027 को भोपाल में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा किया जाएगा।
उप निरीक्षक से एसीपी तक का सफर
विजय चौधरी ने 14 जुलाई 1990 को मध्यप्रदेश पुलिस में उप निरीक्षक के पद पर भर्ती होकर अपने पुलिस सेवाकाल की शुरुआत की थी। करीब 37 वर्षों के सेवाकाल में उन्होंने पुलिस विभाग की अलग-अलग महत्वपूर्ण शाखाओं में जिम्मेदारियां निभाईं।
उनके सेवा रिकार्ड में करीब 20 वर्ष थाना प्रभारी के रूप में काम करने का अनुभव शामिल है। इस दौरान उन्होंने कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण और गंभीर अपराधों की जांच से जुड़ी जिम्मेदारियां संभालीं।
नक्सल प्रभावित बालाघाट में भी संभाला मोर्चा
चौधरी ने बालाघाट जिले में करीब दो वर्ष नक्सल विरोधी अभियान में भी सेवाएं दीं। चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों वाले नक्सल प्रभावित क्षेत्र में पुलिसिंग का अनुभव उनके लंबे सेवा करियर का अहम हिस्सा रहा।
इसके बाद उन्होंने आर्थिक अपराध शाखा (ईओडब्ल्यू) में करीब पांच वर्ष सेवाएं दीं। आर्थिक अपराधों और जटिल वित्तीय मामलों की जांच से जुड़ी जिम्मेदारियों के बाद वे लोकायुक्त संगठन में करीब सात वर्ष पदस्थ रहे।
पुलिस मुख्यालय से जूनी इंदौर तक
विजय चौधरी ने पुलिस मुख्यालय की प्रोविजनिंग शाखा में करीब दो वर्ष सेवाएं दीं। इसके बाद जून 2025 से वे सहायक पुलिस आयुक्त, जूनी इंदौर के पद पर पदस्थ हैं। थाना प्रभारी के रूप में लंबी पारी, नक्सल विरोधी अभियान, आर्थिक अपराध शाखा और लोकायुक्त जैसे महत्वपूर्ण संगठनों में सेवाओं का अनुभव उनके करियर की खास पहचान रहा है।
Source link
#इदर #क #ACP #वजय #चधर #हग #सममनत #सल #क #पलस #सव #पर #रषटरपत #पदक #क #लगग #महर #शहर #स #एकमतर #नम #शमल

