दीपावली के त्योहार पर जहां पूरा शहर रोशनी और खुशियों में डूबा था, वहीं इंदौर में आपसी विवाद, पुरानी रंजिश और मामूली बातों को लेकर कई गंभीर वारदात सामने आईं। इनमें सबसे चौंकाने वाला मामला राऊ थाना क्षेत्र की साईं विहार कॉलोनी का है। यहां पति-पत्नी के विवाद में एक हंसता-खेलता परिवार उजड़ गया। घर से कुछ दूरी पर गार्डन में खेल रहे 15 वर्षीय बेटे और 7 वर्षीय बेटी ने जब घर लौटकर देखा तो उनके माता-पिता की मौत हो चुकी थी। इस घटना के बाद से कॉलोनी में दीपावली के दो दिन बाद भी मातम और सन्नाटा पसरा हुआ है।
एसीपी निधि सक्सेना के मुताबिक, राऊ थाना क्षेत्र की साईं विहार कॉलोनी में रहने वाले पवन सोनी (40) और उनकी पत्नी वर्षा सोनी (35) के शव उनके घर में मिले थे। घटना के बाद से कॉलोनी के लोग दीपावली की खुशियों के बजाय दंपती की मौत और उनके दोनों मासूम बच्चों के भविष्य को लेकर चर्चा कर रहे हैं। कभी इसी गली में खेलते नजर आने वाले दोनों बच्चों के सिर से अब माता-पिता का साया उठ चुका है।
बताया जा रहा है कि पवन और वर्षा मूल रूप से रीवा के रहने वाले थे। दोनों ने करीब 17 साल पहले प्रेम विवाह किया था। शादी के बाद कुछ समय तक वे महाराष्ट्र के शिर्डी में रहे। इसके बाद रोजगार और बेहतर भविष्य की तलाश में इंदौर आकर बस गए। करीब दो साल पहले ही उन्होंने साईं विहार कॉलोनी में अपना घर लिया था। दोनों ने इस घर को काफी अच्छे से सजाया था, लेकिन इसी घर में दोनों के शव मिलने से परिवार और आसपास के लोग स्तब्ध रह गए।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, पवन और वर्षा के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसी दौरान पवन ने धारदार हथियार से वर्षा के गले पर वार कर दिया, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई। इसके बाद पवन ने भी फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली।
घटना के समय दंपती के दोनों बच्चे घर से कुछ दूरी पर स्थित गार्डन में खेल रहे थे। जब वे वापस घर पहुंचे तो माता-पिता को इस हालत में देखकर उनकी चीख-पुकार निकल गई। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस और एफएसएल की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए। इसके बाद दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। दंपती के मूल निवास रीवा में परिजनों को सूचना दी गई, जिसके बाद परिवार दोनों के शव लेकर रवाना हो गया।
पढे़ं: 21 नवंबर से लगेगा 100 साल पुराना गधों का मेला, सलमान-शाहरुख से लेकर पुष्पा तक नाम वाले पशु आएंगे
फैजान पर आत्महत्या के लिए उकसाने का केस
पुलिस ने मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू की है। वहीं, दंपती के सात वर्षीय बेटे के बयान के आधार पर वेल्डिंग का काम करने वाले फैजान (24), पिता वाजिद अली, निवासी कमल नगर के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने से संबंधित धाराओं में केस दर्ज किया गया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
बताया जा रहा है कि फैजान और वर्षा के बीच पिछले तीन से चार महीने से लगातार बातचीत हो रही थी। इसकी जानकारी पवन को लगने के बाद उसने कई बार पत्नी को समझाने का प्रयास किया था। इसी बात को लेकर पति-पत्नी के बीच विवाद बढ़ता जा रहा था। पुलिस इसी विवाद और घटनाक्रम के सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
घर से मिला वॉयस रिकॉर्डर, मोबाइल की भी होगी फोरेंसिक जांच
पुलिस को घटनास्थल से एक वॉयस रिकॉर्डर उपकरण भी मिला है। इसमें कई घंटे की रिकॉर्डिंग होने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने फिलहाल रिकॉर्डिंग में दर्ज बातों को लेकर कोई जानकारी सार्वजनिक नहीं की है। इसके अलावा मोबाइल फोन से भी महत्वपूर्ण जानकारियां मिलने की उम्मीद है। मोबाइल को फोरेंसिक जांच के लिए भेजा जाएगा। पुलिस बच्चों के बयान, परिजनों से पूछताछ और घटनास्थल से मिले अन्य साक्ष्यों के आधार पर जांच आगे बढ़ा रही है। मामले में पवन पर पत्नी की हत्या और स्वयं आत्महत्या करने के संबंध में भी मर्ग जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा सकती है।
Source link
#इदर #पतपतन #क #मत #स #उजड #हसतखलत #परवर #गरडन #स #लट #बचच #न #दख #मपत #क #शव #एक #गरफतर


