इंदौर: फिर बदला इंदौर का मौसम, दिन में तेज धूप, रात का तापमान फिर बढ़ा

इंदौर में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है। तीन दिनों तक हल्की बारिश और बूंदाबांदी के कारण तापमान में आई गिरावट के बाद गुरुवार से पारे में बढ़ोतरी होने लगी। रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया, वहीं दिन में भी गर्मी का असर बना रहा। शुक्रवार सुबह आसमान साफ रहा और तेज धूप निकलने से लोगों को फिर से गर्मी महसूस हुई। मौसम विभाग के अनुसार, 25 अक्टूबर के बाद शहर में ठंडक बढ़ने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रहने के भी आसार हैं।


 

सुबह से ही तेज धूप, पंखों की जरूरत महसूस हुई


शुक्रवार सुबह शहर में मौसम साफ रहा। सुबह साढ़े आठ बजे तापमान 25 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। इस दौरान हवा की गति भी काफी कम रही, जिससे वातावरण में गर्मी का अहसास बढ़ गया। गुरुवार की तुलना में शुक्रवार सुबह तापमान अधिक रहने के कारण लोगों को एक बार फिर घरों में पंखों की जरूरत महसूस हुई। सुबह से ही तेज धूप निकलने के चलते दिन में गर्मी बढ़ने के आसार रहे।


सामान्य से एक डिग्री अधिक रहा दिन का तापमान


गुरुवार को इंदौर में दिन का अधिकतम तापमान 33.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से एक डिग्री अधिक था। वहीं, हवाओं की गति करीब 22 किलोमीटर प्रति घंटा रही। पिछले कुछ दिनों में हुई हल्की बारिश के कारण तापमान में गिरावट आई थी, लेकिन मौसम साफ होने के बाद एक बार फिर गर्मी का असर बढ़ने लगा है। शुक्रवार को भी दिन का तापमान सामान्य से अधिक रहने की संभावना जताई गई।


पिछले 24 घंटे में 1.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज


मौसम विभाग के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान शहर में 1.1 मिलीमीटर वर्षा दर्ज की गई। इस दौरान इंदौर के कुछ इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि कई स्थानों पर केवल काले बादल छाए रहे। शहर के आसपास के क्षेत्रों में भी हल्की बारिश दर्ज की गई। बारिश और बूंदाबांदी के कारण कुछ समय के लिए मौसम में ठंडक घुल गई थी, लेकिन गुरुवार से आसमान साफ होने और धूप निकलने के कारण तापमान में फिर बढ़ोतरी होने लगी।



25 अक्टूबर के बाद बदल सकता है मौसम


मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार, 25 अक्टूबर के बाद इंदौर में ठंडक बढ़ने की संभावना है। इस दौरान आसमान में बादल छाए रह सकते हैं, जिससे मौसम में बदलाव देखने को मिल सकता है। फिलहाल दिन के समय धूप और बढ़ते तापमान के कारण गर्मी का असर बना हुआ है, जबकि आने वाले दिनों में मौसम में होने वाले बदलाव से लोगों को राहत मिलने की उम्मीद है।





Source link
#इदर #फर #बदल #इदर #क #मसम #दन #म #तज #धप #रत #क #तपमन #फर #बढ

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *