नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर। पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि के मौके पर रविवार (16 अगस्त) को इंदौर को 60 करोड़ रुपये से अधिक के विकास कार्यों का उपहार मिला। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने तीन अलग-अलग कार्यक्रमों में ये उपहार इंदौर की जनता को समर्पित किए। एयरपोर्ट से वे सबसे पहले कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय पहुंचे। यहां उन्होंने साढ़े चार करोड़ रुपये की लागत से तैयार देश के पहले वर्चुअल चिड़ियाघर 14डी थिएटर का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री यहां से दशहरा मैदान पहुंचे। उन्होंने 1.97 करोड़ रुपये की लागत से स्थापित की जाने वाली अटल बिहारी वाजपेयी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा का भूमिपूजन किया। मुख्यमंत्री यहां से ‘अटल पथ’ पहुंचे और इसे लोकार्पित किया। 16.61 करोड़ रुपये की लागत से तैयार यह सड़क अन्नपूर्णा रोड को रिंग रोड से जोड़ती है।
इसी कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने वर्चुअली कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी किया। ‘अटल पथ’ पर कार्यक्रम स्थल पहुंचने से पहले मुख्यमंत्री का रोड शो भी निकला। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अटलजी के राष्ट्र निर्माण में योगदान और उनके आदर्शों का स्मरण कर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
कार्यक्रम रविवार शाम करीब पौने पांच बजे शुरू हुआ। मुख्यमंत्री ने अटल बिहारी वाजपेयी को याद करते हुए कहा कि उनका इंदौर से गहरा संबंध रहा है। वे उत्कृष्ट राजनेता, लेखक, कवि और कुशल वक्ता होने के साथ लोकतंत्र की गरिमा को स्थापित करने वाले अजातशत्रु राजनेता थे।
उन्होंने सत्तापक्ष और विपक्ष दोनों की भूमिका को गरिमा के साथ निभाने का आदर्श प्रस्तुत किया। उनके जीवन से आज के राजनेताओं को सीखना चाहिए कि नेता प्रतिपक्ष की भूमिका, उसका आचरण और व्यवहार कैसा होना चाहिए। मुख्यमंत्री ने मंच से आश्वासन दिया कि चंदन नगर सड़क की बाधाएं जल्द ही दूर कर दी जाएंगी।
इन विकास कार्यों का भी हुआ भूमिपूजन
- 18.09 करोड़ रुपये की लागत से टिगरिया बादशाह मेनरोड से कुशवाह नगर होते हुए उज्जैन नाका-बाणगंगा तक बनने वाले लिंक रोड। यह 1.38 किमी लंबा और 18 मीटर चौड़ा मार्ग होगा।
- सिरपुर तालाब, अहिल्या उद्यान से सिरपुर तालाब वाच टावर गेट-2 तक सड़क निर्माण
- संत सेवालाल महाराज ब्रिज सर्विस रोड का विकास कार्य। मुख्यमंत्री ने सर्विस रोड का नामकरण स्व. वासुदेव चितांबरे के नाम पर करने की घोषणा भी की।
- गांधी नगर मुख्य मार्ग का विकास कार्य।
वाजपेयी की विचारधारा हमारा मार्गदर्शन करती रहेगी
इस अवसर पर नगरीय प्रशासन एवं आवास मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने कहा कि अटल पथ का निर्माण और उसका भूमिपूजन करना गौरव की बात है। अटल पथ पर चलना तो आसान है, लेकिन अटल बिहारी वाजपेयी के बताए मार्ग पर चलना बहुत कठिन है। वाजपेयी ने अपने सार्वजनिक जीवन में राष्ट्रहित, सिद्धांतों और मूल्यों को सर्वोच्च प्राथमिकता दी।
इंदौर से विशेष और आत्मीय नाता रहा
महापौर पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर दशहरा मैदान स्थित उद्यान में उनकी प्रतिमा स्थापित करने का संकल्प लिया है। आगामी 25 दिसंबर को उनकी जयंती के अवसर पर प्रतिमा के लोकार्पण का प्रयास किया जाएगा। यह इंदौरवासियों की ओर से अटल बिहारी वाजपेयी को सच्ची श्रद्धांजलि होगी। महापौर ने कहा कि इंदौर से वाजपेयी का विशेष और आत्मीय नाता रहा है।
गौरव का क्षण है
विधायक मालिनी गौड़ ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर विकास कार्यों का उपहार गौरव का क्षण है। अटल पथ का निर्माण अनेक विशेषताओं से भरा हुआ है। यह विकास का बेहतर उदाहरण भी है।
यह है अटल पथ
‘अटल पथ’ से पश्चिमी इंदौर के सुदामा नगर, विश्वकर्मा नगर, अन्नपूर्णा रोड एवं आसपास के क्षेत्रों के नागरिकों को आवागमन की बेहतर सुविधा मिलेगी। यह मार्ग क्षेत्र में यातायात को सुगम बनाने के साथ ही प्रमुख मार्गों पर यातायात के दबाव को कम करने में भी सहायक होगा।
नगर निगम द्वारा 16 करोड़ 61 लाख रुपये की लागत से विकसित इस मार्ग पर सड़क निर्माण के साथ सर्विस रोड, फुटपाथ, स्टार्म वाटर लाइन, ग्रीन बेल्ट एवं प्रकाश व्यवस्था सहित आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विकास किया गया है।
खुली जीप में कार्यक्रम स्थल पहुंचे मुख्यमंत्री
अटल पथ पर मुख्यमंत्री खुली जीप में सवार होकर जनता का अभिवादन करते हुए मुख्य मंच तक पहुंचे। क्षेत्रीय नागरिकों ने पुष्प वर्षा कर उनका स्वागत किया। मुख्यमंत्री ने चार दोपहिया अग्निशमन वाहनों का लोकार्पण भी किया।
ये भी हुए शामिल
कार्यक्रम में जल संसाधन मंत्री तुलसीराम सिलावट, सांसद शंकर लालवानी, विधायक रमेश मेंदोला, गोलू शुक्ला, मालिनी गौड़, मधु वर्मा, भाजपा नगराध्यक्ष सुमित मिश्रा, वरिष्ठ भाजपा नेता मेघराज जैन, बाबूसिंह रघुवंशी, प्रदेश मंत्री गौरव रणदिवे सहित महापौर परिषद सदस्यण आदि उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री ने लिया वर्चुअल जंगल सफारी का अनुभव
कमला नेहरू प्राणी संग्रहालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने मंकी गेट से लाल पर्दा हटाकर थिएटर को लोकार्पित किया। उन्होंने थिएटर में वन्यजीवों पर आधारित शार्ट फिल्में भी देखीं। इस दौरान उन्होंने थिएटर में मौजूद इफेक्ट्स का अनुभव लिया। मुख्यमंत्री ने बच्चों के साथ 14-डी सिनेमा थिएटर में बैठकर फिल्म का आनंद लिया। अधिकारियों ने बताया कि आम दर्शकों के लिए मंगलवार से थिएटर खोल दिया जाएगा।
थिएटर में फिल्म देखने के बाद मुख्यमंत्री ने कहा कि 14डी थिएटर के माध्यम से शहर ने देश में एक नए तरह का वर्चुअल चिड़ियाघर शुरू किया है। यह थिएटर बच्चों के लिए लर्निंग सेंटर की तरह काम करेगा। यहां उन्हें वन्यजीवों और प्रकृति के बारे में रोचक तरीके से जानकारी मिलेगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि फिल्म देखने के दौरान ऐसा महसूस हुआ, जैसे पर्दे पर दिखाई दे रहा दृश्य हमारे आसपास ही घट रहा हो। यह अनुभव बहुत शानदार रहा।
25 फीट ऊंची प्रतिमा वाजपेयी के आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाएगी
मुख्यमंत्री ने रविवार को दशहरा मैदान स्थित उद्यान में भारत रत्न एवं पूर्व प्रधानमंत्री स्व. अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमा स्थापना के लिए विधि-विधान से पूजन-अर्चन कर भूमिपूजन किया। यहां वाजपेयी की 25 फीट ऊंची प्रतिमा एवं पेडस्टल का निर्माण किया जाना है। लगभग 197.13 लाख रुपये की लागत से बनने वाली प्रतिमा वाजपेयी की स्मृतियों, उनके व्यक्तित्व और राष्ट्रसेवा के आदर्शों को चिरस्थायी स्वरूप प्रदान करेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि दशहरा मैदान जैसे प्रमुख सार्वजनिक स्थल पर प्रतिमा की स्थापना केवल एक स्मारक का निर्माण नहीं, बल्कि उनके विचारों और आदर्शों को आने वाली पीढ़ियों तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम है। वाजपेयी की प्रतिमा का निर्माण गनमेटल धातु से किया जाएगा।
प्रतिमा स्थापना एवं पेडस्टल निर्माण का कार्य लगभग चार माह की अवधि में पूर्ण किया जाना प्रस्तावित है। यह प्रतिमा स्थल वाजपेयी के राष्ट्रसेवा, सुशासन, लोकतांत्रिक मूल्यों एवं राष्ट्रीय एकता के आदर्शों का स्थायी स्मारक बनेगा। यहां आने वाले नागरिकों और युवाओं को उनके जीवन एवं विचारों से प्रेरणा प्राप्त होगी।
झलकियां
- अटल पथ पर आयोजित कार्यक्रम में महापौर भार्गव मंत्री तुलसीराम सिलावट का नाम लेना ही भूल गए। उन्होंने नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को जल संसाधन मंत्री बता दिया।
- प्राणी संग्रहालय में थिएटर के उद्घाटन से पहले दो युवकों को घंटों धूप में खड़े रहना पड़ा। एक युवक ने रस्सी पकड़ रखी थी, दूसरे के हाथ में गुब्बारे थे। पर्दा हटते ही गुब्बारों को आसमान में छोड़ा जाना था।
यह भी पढ़ें- Road Accidents Indore: सड़क दुर्घटनाओं में मरने वाले 70 फीसदी युवा, तेजगति और लापरवाही हादसे का कारण
Source link
#इदर #म #सएम #ड #महन #यदव #न #कय #अटल #पथ #क #लकरपण #अननपरण #रड #क #रग #रड #स #जडत #ह #य #सडक


