प्रदेश के एकमात्र रेलवे हेरिटेज ट्रैक पातालपानी-कालाकुंड पर सफर करने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। यात्रियों की बढ़ती मांग को देखते हुए रेलवे ने हेरिटेज ट्रेन के फेरे बढ़ा दिए हैं। अब यह ट्रेन सप्ताह में तीन दिन के बजाय पांच दिन चलेगी। पश्चिम रेलवे रतलाम मंडल ने 30 सितंबर से ट्रेन को मंगलवार, बुधवार, शुक्रवार, शनिवार और रविवार को संचालित करने का फैसला लिया है।
रतलाम मंडल के जनसंपर्क अधिकारी मुकेश कुमार ने बताया कि हेरिटेज ट्रेन की सेवा अब सप्ताह में पांच दिन उपलब्ध रहेगी। ट्रेन के आगमन-प्रस्थान के समय, ठहराव और कोच कंपोजीशन में कोई बदलाव नहीं किया गया है। बढ़े हुए दिनों के लिए यात्री 29 सितंबर से बुकिंग करा सकेंगे।
पिछले माह शुरू हुई थी सेवा
हेरिटेज ट्रेन को पिछले माह शुरू किया गया था। शुरुआत से पहले इसके ट्रायल रन किए गए थे, जिसके बाद यात्रियों के लिए बुकिंग शुरू की गई। कालाकुंड जाने वाले यात्रियों की संख्या लगातार बढ़ रही है। वर्षाकाल में पातालपानी और कालाकुंड की हरी-भरी वादियों को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक भी पहुंच रहे हैं। यात्रियों की इसी बढ़ती रुचि को देखते हुए रेलवे ने ट्रेन के संचालन के दिन तीन से बढ़ाकर पांच कर दिए हैं।
10 किलोमीटर का रोमांचक सफर
पातालपानी से कालाकुंड के बीच करीब 10 किलोमीटर का यह हेरिटेज ट्रैक प्राकृतिक खूबसूरती के साथ रेलवे की विरासत का भी अहसास कराता है। ट्रेन पातालपानी झरने और पहाड़ियों के बीच से गुजरते हुए कालाकुंड स्टेशन पहुंचती है। रास्ते में यात्रियों को झरने, पहाड़, नदी, सुरम्य वादियां और करीब 100 साल पुराना रेलवे ब्रिज देखने को मिलता है। ट्रेन तीन सुरंगों से होकर भी गुजरती है।
पातालपानी स्टेशन चारों ओर से पहाड़ियों से घिरा है, जिससे यहां का नजारा किसी हिल स्टेशन से कम नहीं लगता। कालाकुंड पहुंचने के बाद शाम को ट्रेन यात्रियों को लेकर वापस महू स्टेशन के लिए रवाना होती है। अब पांच दिन ट्रेन चलने से ज्यादा पर्यटकों को इस खूबसूरत रेल सफर का आनंद लेने का मौका मिलेगा।
Source link
#इदर #वदय #क #सफर #हग #सहन #पतलपनकलकड #हरटज #टरन #अब #सपतह #म #पच #दन #चलग


