![]()
जिले में खरीफ सीजन की बोवनी से ठीक पहले रासायनिक खाद की भारी किल्लत, ई-टोकन की अव्यवस्था और प्रशासनिक अनदेखी से नाराज किसानों ने शुक्रवार को उग्र रुख अख्तियार कर लिया। भारतीय किसान संघ द्वारा हनुमान चौराहे पर धरना देकर प्रदर्शन किया। तत्पश्चात संगठन द्वारा पैदल कलेक्टोरेट पहुंचकर मुख्यमंत्री के नाम जिला प्र्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसान संघ ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि किसानों की इन सभी गंभीर समस्याओं का निराकरण आगामी 20 जून से पहले नहीं किया गया, तो किसान सही समय पर खरीफ फसल की बोवनी नहीं कर पाएंगे, जिससे जिले की कानून-व्यवस्था और शांति प्रभावित हो सकती है। ज्ञापन में कहा गया इस समय संपूर्ण गुना जिले में रासायनिक खाद का भारी संकट बना हुआ है, जिसके कारण किसानों को ई-टोकन जारी नहीं हो पा रहे हैं। इस अव्यवस्था को सुधारने के लिए जिले में खाद विक्रय केंद्रों की संख्या तत्काल बढ़ाई जानी चाहिए और केंद्रों पर ही किसानों को तुरंत ई-टोकन जारी करने की व्यवस्था की जानी चाहिए। इसके साथ ही जिन किसानों की अभी तक फार्मर आईडी नहीं बन पाई है, उन्हें खाद से वंचित न करते हुए उनकी जमीन के वैध दस्तावेज देखकर तत्काल खाद उपलब्ध कराया जाना चाहिए। किसान नेताओं ने बताया कि जिले में अभी तक आधे किसानों को भी खाद नहीं मिल सका है, इसलिए संकट की गंभीरता को देखते हुए रासायनिक खाद का वितरण ग्राम पंचायतों के माध्यम से कराया जाना चाहिए और किसान जिस तहसील के मूल निवासी हैं, उन्हें उसी तहसील में खाद की उपलब्धता सुनिश्चित की जानी चाहिए। इसके अलावा, केंद्र सरकार के महत्वाकांक्षी कार्यक्रम खेत बचाओ अभियान को पंचायत स्तर पर आयोजित करवाकर किसानों को खाद, उन्नत बीज और बोवनी से जुड़ी वैज्ञानिक व सही सलाह 20 जून से पहले अनिवार्य रूप से दी जानी चाहिए।
www.bhaskar.com
#ईटकन #क #समसयओ #क #खलफ #सप #जञपन #कसन #सघ #न #हनमन #चरह #स #कलकटरट #तक #रल #नकल #वयवसथए #ठक #करन #क #मग #Guna #News


