भारत के पैरा एथलीट प्रणव सूरमा ने एशियन पैरा गेम्स में शानदार प्रदर्शन करते हुए डिस्कस थ्रो में गोल्ड मेडल जीत लिया। मंगलवार को आयोजित स्पर्धा में उन्होंने 11.66 मीटर की दूरी तक चक्का फेंककर नया एशियाई रिकॉर्ड बनाया। इस स्पर्धा में भारत के राम रतन सिंह ने भी सिल्वर मेडल अपने नाम किया। गोल्ड जीतने के बाद सूरमा ने अपनी उपलब्धि के बारे में बात करते हुए भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली का भी जिक्र किया।
पहली बड़ी प्रतियोगिता में ही बनाया एशियाई रिकॉर्ड
32 वर्षीय प्रणव सूरमा ने संयुक्त एफ51/52/53 वर्ग की डिस्कस थ्रो स्पर्धा में अपने चौथे प्रयास में 11.66 मीटर की दूरी हासिल की। इस प्रदर्शन के साथ उन्होंने गोल्ड मेडल जीतने के अलावा नया एशियाई रिकॉर्ड भी कायम किया। भारत के ही 31 वर्षीय राम रतन सिंह ने अपने दूसरे प्रयास में 10.35 मीटर की दूरी तक चक्का फेंककर सिल्वर मेडल जीता। इस तरह भारत ने स्पर्धा में गोल्ड और सिल्वर दोनों पदक अपने नाम किए।
गोल्ड जीतने के बाद विराट कोहली का किया जिक्र
प्रणव सूरमा ने अपनी जीत के बाद क्रिकेट का उदाहरण देते हुए विराट कोहली का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि क्रिकेट में कई बार बल्लेबाज भी गेंदबाजी करते हैं और कभी-कभी विकेट हासिल कर लेते हैं। सूरमा ने कहा, ‘जब हम क्रिकेट खेलते हैं, तो कभी-कभी कोई बल्लेबाज भी गेंदबाजी करता है। विराट कोहली बहुत अच्छी बल्लेबाजी करते हैं, लेकिन लंबे समय बाद जब वह एक ओवर डालते हैं, तो उसमें विकेट भी ले लेते हैं।’