![]()
मऊगंज जिले के नईगढ़ी थाना क्षेत्र के शिवराजपुर गांव में एक शातिर युवक ने खुद को पटवारी बताकर कोरोना सहायता राशि दिलाने का झांसा दिया और एक बुजुर्ग दंपती से सोने के जेवर ठगकर रफूचक्कर हो गया। पुलिस ने मंगलवार को केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। शिवराजपुर के रहने वाले 72 साल के भैयालाल द्विवेदी अपनी पत्नी सावित्री देवी के साथ गांव में रहते हैं। उनका बेटा रमेश द्विवेदी दिल्ली में नौकरी करता है। शनिवार दोपहर करीब 3 बजे एक युवक हेलमेट पहने हुए बुलेट से उनके घर आया। उसने खुद को इलाके का पटवारी बताया और कहा कि वह 70 साल से ज्यादा उम्र के उन बुजुर्गों का सर्वे कर रहा है, जिन्होंने कोरोना की वैक्सीन लगवाई है। आरोपी ने झांसा दिया कि सरकार ऐसे बुजुर्गों को 56 हजार रुपए की मदद दे रही है। जेवरों का नंबर नोट करने के बहाने की ठगी आरोपी ने अपनी मीठी-मीठी बातों से बुजुर्ग दंपती का भरोसा जीत लिया। उसने उनके दस्तावेज जैसे बैंक पासबुक और अन्य कागजात देखे। इसके बाद उसने एक नई कहानी गढ़ी कि सरकारी रिकॉर्ड में जेवरों का नंबर भी दर्ज करना पड़ता है। उसकी बातों में आकर सावित्री देवी ने अपने सोने के टॉप्स, मंगलसूत्र और अंगूठी उतारकर उसे दे दिए। पानी और पेन मांगने के बहाने हुआ फरार पीड़ित बुजुर्गों ने बताया कि इसके बाद शातिर ठग ने उनसे पेन मांगा। सावित्री देवी जैसे ही पेन लेने कमरे के अंदर गईं और भैयालाल द्विवेदी पानी लेने गए, वैसे ही युवक सारे जेवर समेटकर बाइक से भाग निकला। बुजुर्ग दंपती अपनी उम्र और कमजोरी की वजह से उसे पकड़ नहीं सके। बेटे ने थाने में की शिकायत घटना की खबर दिल्ली में रह रहे बेटे रमेश द्विवेदी को दी गई, जिसके बाद वे सोमवार रात गांव पहुंचे। रात को कोई साधन न मिलने की वजह से मंगलवार को नईगढ़ी थाने में मामले की रिपोर्ट दर्ज कराई गई। पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाल रही है। पुलिस ने लोगों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति को अपने जेवर या दस्तावेज न सौंपें।
www.bhaskar.com
#करन #वकसन #लगवन #वल #क #हजर #दलन #क #झस #पटवर #बनकर #बजरग #दपत #क #घर #पहच #जवर #क #नबर #दरज #करन #क #बहन #लकर #भग #Mauganj #News


