पश्चिम बंगाल पुलिस ने कोलकाता और उसके आस-पास के तीन पुलिस कमिश्नरेट में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन की निगरानी के लिए 18 आईपीएस अधिकारियों को तैनात किया है। एक वरिष्ठ अधिकारी ने बुधवार को बताया कि चोरबागान पंडाल में हुई भगदड़ (जिसमें 19 लोगों की जान चली गई थी) के बाद यह कदम उठाया गया है। उन्होंने बताया कि इन 18 अधिकारियों में से 12 को कोलकाता में तैनात किया गया है, जबकि बाकी छह अधिकारी हावड़ा, बैरकपुर और चंदननगर कमिश्नरेट में विसर्जन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।
ये भी पढ़ें: हादसे से सबक?: भगदड़ के बाद शुभेंदु सरकार का बड़ा फैसला, कोलकाता में पांच प्रमुख पूजा पंडालों में डॉक्टर तैनात
अधिकारी ने कहा, ‘ये आईपीएस अधिकारी बुधवार से 24 अक्तूबर तक विसर्जन गतिविधियों की निगरानी करेंगे। सभी अधिकारियों के लिए अलग-अलग ड्यूटी शेड्यूल तैयार किए गए हैं।’ उन्होंने बताया कि कोलकाता पुलिस क्षेत्र में, आईपीएस अधिकारी गौरव शर्मा, सोमा दास मित्रा, राशिद मुनीर खान, आकाश मघारिया, सुरेश कुमार चदिवे और धृतिमान सरकार 21 और 23 अक्तूबर को विसर्जन की निगरानी करेंगे।
ये भी पढ़ें: कोलकाता भगदड़: पूर्व वर्धमान जिले में पीड़ित परिवार से सीएम शुभेंदु ने की मुलाकात, सौंपा 25 लाख रुपए का मुआवजा
अधिकारी प्रवीण कुमार त्रिपाठी, इमरान वहाब, शिश राम झाझरिया, सौम्या रॉय, पारिजात विश्वास और सिद्धार्थ धपोला 22 और 24 अक्तूबर को शहर में विसर्जन ड्यूटी पर रहेंगे। हावड़ा पुलिस जिले में, इंद्र चक्रवर्ती 21 और 23 अक्तूबर को विसर्जन की निगरानी करेंगे, जबकि अवुरू रवींद्रनाथ 22 और 24 अक्तूबर को ड्यूटी पर रहेंगे। पलाश चंद्र ढाली और द्युतिमान भट्टाचार्य को बैरकपुर में तैनात किया गया है, जबकि अभिजीत बनर्जी और संदीप मंडल चंदननगर में विसर्जन प्रक्रिया की निगरानी करेंगे।