तिग्मांशु धूलिया ने हाल ही में एक इवेंट में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान को गिरफ्तार करने वाले समीर वानखेड़े को लेकर बात की। उन्होंने बताया कि समीर वानखेड़े एक बार उन्हें भी परेशान कर चुके हैं।
साल 2021 में शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी ड्रग्स मामले में हुई थी। आर्यन खान की गिरफ्तारी से सोशल मीडिया पर हलचल मच गई थी। आर्यन खान को नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो के पूर्व निदेशक समीर वानखेड़े ने गिरफ्तार किया था। अब शाहरुख खान के बेटे की गिरफ्तारी और समीर वानखेड़े को लेकर अब डायरेक्टर तिग्मांशु धूलिया ने बात की। उन्होंने बताया कि समीर वानखेड़े उन्हें भी एक बार परेशान कर चुके हैं।
तिग्मांशु धूलिया से क्या हुआ सवाल?
Editors Guild of Indiaके यूट्यूब चैनल पर तिग्मांशु का एक वीडियो शेयर किया गया है। इस वीडियो में एक शख्स तिग्मांशु से सवाल करता है कि- आप क्या समझते हैं इंडस्ट्री में पिछले 10-12 साल में मुंबई फिल्म इंडस्ट्री में इस्लामोफोबिया आ गया है? और क्या जो कुछ दिन पहले शाहरुख खान के बेटे को गिरफ्तार किया गया था, क्या ये एक दूसरे से जुड़े हैं?
क्या फिल्म इंडस्ट्री में आ गया है इस्लामोफोबिया?
तिग्मांशु ने साफ किया कि आर्यन की गरिफ्तारी का इस्लामोफोबिया से कुछ लेना-देना नहीं है। उन्होंने कहा कि इस्लामोफोबिया तो पूरे समाज में हैं। फिल्म इंडस्ट्री भी इसी समाज का हिस्सा है। उन्होंने कहा कि इंडस्ट्री में आने के लिए कोई एग्जाम तो होता नहीं है, इस वजह से इंडस्ट्री में ऐसे लोग आ गए हैं जिनके पास स्किल नहीं है, जिनकी जरूरत नहीं है। बहुत सारे लोग आ गए हैं जिनका आर्ट से कोई लेना-देना नहीं है। इसलिए जो इस्लामोफोबिया समाज में फैला हुआ है, वो इंडस्ट्री में भी हो गया।
जब तिग्मांशु धूलिया के ऑफिस पर पड़ी रेड
इसके बाद शाहरुख खान के बेटे आर्यन खान की गिरफ्तारी पर तिग्मांशु ने कहा कि समीर वानखेड़े ऐसे ही हैं। एक बार वो उन्हें भी परेशान कर चुके हैं। उन्होंने कहा, “वो जो वानखेड़े साहब हैं, उनकी प्रवृत्ति ही कुछ इस प्रकार की है। एक बार मुझको भी फंसाया था। सर्विस टैक्स जब आया था, तो ये वानखेड़े साहब ने ही बुलाया था मुझको…तो सर्विस टैक्स का इंडस्ट्री में किसी को पता नहीं था। राइटर्स शायद सर्विस टैक्स में आते नहीं थे। मैंने कई राइटर्स से पूछा, उन्होंने कहा हम तो नहीं दे रहे सर्विस टैक्स, तो हमने कहा हम भी नहीं दे रहे। और अचानक मेरे ऑफिस में रेड पड़ गई। मैं बुलेट राजा की डबिंग कर रहा था।”
तिग्मांशु का आरोप, हिरोइनों को टॉर्चर करते थे समीर वानखेड़े
तिग्मांशु ने बताया कि उन्हें समीर वानखेड़े के ऑफिस में बुलाया गया। उन्हें दो-चार घंटा बिठाया गया। उन्होंने कहा, “वो फटाफट भी कर सकता था, लेकिन वो आपको टॉर्चर करेगा, परेशान करेगा और एक साथ मझे 75-80 लाख रुपये सर्विस टैक्स देने पड़े। मैं एकदम लुट गया था इनकी वजह से। ये कस्टम में भी थे। बाहर से फ्लाइट्स रात में आती थीं, तो ये बहुत सी हिरोइनों और एक्टर्स को टॉर्चर करते थे। बैठा लिया 5-5 घंटा, ये करते थे वो। ये उनका नेचर है।
क्यों गिरफ्तार हुए थे आर्यन खान?
आर्यन खान को 3 अक्टूबर 2021 को मुंबई के पास एक क्रूज पार्टी में हुई छापेमारी के बाद ड्रग्स मामले में गिरफ्तार किया गया था। आर्यन खान की बात करें तो उन्होंने डायरेक्टर के तौर पर अपने करियर की शुरुआत कर ली है। नेटफ्लिक्स पर उनकी सीरीज बैड्स ऑफ बॉलीवुड रिलीज हुई थी। सीरीज को काफी पसंद किया गया था। सीरीज में राघव जुयाल, लक्ष्य, बॉबी देओल और मोना सिंह जैसे कलाकार नजर आए थे।

