![]()
आगरा-मुंबई नेशनल हाईवे पर नयागांव के पास हुए सड़क हादसे में पांच दिन के भीतर दो दोस्तों की मौत हो गई। हादसे में घायल तीसरे दोस्त का इलाज जारी है। तीनों दोस्त 6 अक्टूबर को बरई-पनिहार की वादियों में पिकनिक मनाकर एक्टिवा से घर लौट रहे थे, तभी तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी को टक्कर मार दी थी। हादसे में नमकीन कारोबारी गौरव जैन की मौके के कुछ देर बाद अस्पताल में मौत हो गई थी, जबकि घायल मनीष राजौरिया ने पांच दिन बाद रविवार को इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। इस हादसे ने तीनों दोस्तों के परिवारों को गहरे सदमे में डाल दिया है। हादसे से करीब 10 मिनट पहले मनीष ने पिकनिक स्पॉट पर दोस्तों के साथ एक सेल्फी खींचकर फेसबुक पर अपलोड की थी। तस्वीर में तीनों दोस्त खुश नजर आ रहे हैं। अब यही तस्वीर उनके परिजनों की आंखें नम कर रही है। कारोबार संभाल रहे थे गौरव, शादी की चल रही थी बात शहर के भाऊ साहब का बाजार निवासी 38 वर्षीय गौरव जैन नमकीन कारोबारी थे। कारोबार जमने के बाद वह परिवार की जिम्मेदारियां संभाल रहे थे। बताया जा रहा है कि कारोबारी जिम्मेदारियों के चलते गौरव ने अभी शादी नहीं की थी और घर में उनकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। 6 अक्टूबर को छुट्टी होने के कारण गौरव अपने दोस्तों मनीष राजौरिया, निवासी ढोली बुआ का पुल, और कुशल कुमार के साथ बरई-पनिहार क्षेत्र में पिकनिक मनाने गए थे। तीनों को घूमने-फिरने और पिकनिक का शौक था। शाम को एक्टिवा से लौटते समय नयागांव के पास रेलवे पुल पर तेज रफ्तार कार ने उनकी गाड़ी में टक्कर मार दी। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। अस्पताल में गौरव के बाद मनीष ने भी तोड़ा दम हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और राहगीरों की मदद से तीनों घायलों को ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया। इलाज के दौरान गौरव जैन की मौत हो गई, जबकि मनीष और कुशल का उपचार जारी रहा। परिजन और परिचित दोनों घायलों के ठीक होने की उम्मीद कर रहे थे, लेकिन पांच दिन बाद मनीष राजौरिया की भी इलाज के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया। हादसे में घायल तीसरे दोस्त कुशल का इलाज चल रहा है। उज्जैन नंबर की ब्रेजा कार से टक्कर का आरोप जांच में सामने आया है कि एक्टिवा को टक्कर मारने वाली कार मारुति ब्रेजा थी, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर उज्जैन की MP-13 सीरीज का बताया जा रहा है। कार में तीन युवक और तीन युवतियां सवार थे। बताया गया है कि हादसे के बाद कार सवार घटनास्थल से करीब 100 मीटर दूर एक पेट्रोल पंप पर रुके थे। वहां से एक युवक पैदल घटनास्थल की ओर आया और घायलों को देखने के बाद वापस कार में पहुंचा। इसके बाद कार सवार वहां से चले गए। आरोप है कि हादसे के समय कार सवार युवक नशे में थे। कार शिवपुरी निवासी व्यक्ति से जुड़ी बताई जा रही है, जिसने इसे उज्जैन मेले से खरीदा था। पेट्रोल पंप और टोल प्लाजा के CCTV फुटेज से जांच हादसे के बाद पेट्रोल पंप पर कार रुकने और एक युवक के घटनास्थल की ओर जाने की गतिविधियां CCTV कैमरे में कैद हुई हैं। इसके अलावा पनिहार टोल प्लाजा के कैमरों में भी कार के फुटेज मिलने की बात सामने आई है। पुलिस इन फुटेज के आधार पर मामले की जांच कर रही है। परिजनों का सवाल: छह दिन बाद भी आरोपी गिरफ्तार क्यों नहीं? मृतक गौरव जैन के भाई दीपक ने पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाए हैं। उनका कहना है कि CCTV फुटेज उपलब्ध हैं और कार के साथ आरोपियों की पहचान भी हो चुकी है। इसके बावजूद घटना के छह दिन बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं हुई है। दो दोस्तों की मौत के बाद परिजन न्याय की मांग कर रहे हैं। वहीं, हादसे से कुछ मिनट पहले खींची गई तीनों दोस्तों की सेल्फी अब उनके परिवारों के लिए एक ऐसी याद बन गई है, जो खुशी के पल को जीवन भर के दर्द में बदल गई।
Source link
#गवलयर #सडक #हदस…पच #दन #म #द #दसत #क #मत #हदस #स #मनट #पहल #खच #थ #सलफ #टककर #मरन #क #बद #आरप #रक #तडपत #दख #भग #Gwalior #News

