बॉलीवुड के दिग्गज अभिनेता नाना पाटेकर के 75 साल की उम्र में निधन के बाद सोशल मीडिया पर एक नया विवाद छिड़ गया है. जहां एक तरफ फिल्म जगत और फैंस उनके काम को याद कर श्रद्धांजलि दे रहे हैं, वहीं सालों पहले उनके खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाने वाली अभिनेत्री तनुश्री दत्ता के एक बयान ने नई बहस छेड़ दी है. तनुश्री के बाद अब म्यूजिक इंडस्ट्री की जानी-मानी सिंगर – सोना महापात्रा और चिन्मयी श्रीपदा ने भी इस मुद्दे पर अपनी बात रखी है.
‘सिर्फ एक बार की बात नहीं थी’
चिन्मयी श्रीपदा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर सिंगर सोना मोहापात्रा की पोस्ट को री-शेयर करते हुए लिखा:
“जो लोग लगातार नाना पाटेकर की तारीफों के पुल बांध रहे हैं, उन्हें यह भी स्वीकार करने की जरूरत है कि उन्होंने शोषण किया था और यह कोई एक बार का बर्ताव नहीं था” – चिन्मयी श्रीपदा

असिस्टेंट डायरेक्टर का खुलासा और सोना महापात्रा का वार
दरअसल, यह पूरा मामला तब दोबारा गरमाया जब सोना महापात्रा ने एक असिस्टेंट डायरेक्टर (AD) के कमेंट का स्क्रीनशॉट साझा किया. उस असिस्टेंट डायरेक्टर ने दावा किया था कि उसने ‘हॉर्न ओके प्लीज’ के अलावा दो अन्य फिल्मों के सेट पर भी नाना पाटेकर द्वारा इस तरह का अनुचित व्यवहार देखा था, जिसे अक्सर एक्टिंग की आड़ में छिपा दिया जाता था.
सोना महापात्रा ने उस पोस्ट के साथ लिखते हुए कहा:
“टैलेंट का मतलब मासूमियत नहीं होता. दान-पुण्य करने से चरित्र तय नहीं होता और किसी की मौत उसे संत नहीं बना देती.” – सोना महापात्रा
तनुश्री के वीडियो पर मचा था बवाल
नाना पाटेकर के निधन की खबर सामने आने के बाद तनुश्री दत्ता ने लखनऊ के लिए फ्लाइट लेते वक्त एक वीडियो शेयर किया था. उस वीडियो में उन्होंने इसे ‘ईविल डेड’ (बुराई का अंत) जैसा संदर्भ देते हुए कहा था कि वे बाद में अपनी पूरी प्रतिक्रिया देंगी. उनके इस बयान पर सोशल मीडिया पर काफी लोगों ने नाराजगी जताई थी, लेकिन अब सिंगर्स के इस समर्थन ने साफ कर दिया है कि पुराने विवादों और आरोपों की गूंज अभी भी थमी नहीं है.
ये भी पढ़ें: खुद 2 करोड़ के कर्ज में फंसे हैं राजपाल यादव, फिर भी दोस्त की बीमार पत्नी के लिए जनता से मांगी मदद


