इमेज स्रोत, Avik
असम के जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन पर शनिवार को भारतीय वायु सेना का एक एएन-32 ट्रांसपोर्ट एयरक्राफ़्ट दुर्घटनाग्रस्त हो गया.
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर इस दुर्घटना में मारे गए जवानों की जानकारी दी है.
वायु सेना ने बताया है कि इस घटना में पांच वायु सेना कर्मियों की मौत हुई है.
इनमें स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम शामिल हैं.
इससे पहले दुर्घटना के बाद इसको लेकर वायु सेना के प्रवक्ता विंग कमांडर जयदीप ने बीबीसी न्यूज़ हिंदी को जोरहाट एयर फ़ोर्स स्टेशन में एएन-32 के दुर्घटनाग्रस्त होने की पुष्टि की थी.
हादसे को लेकर भारतीय वायु सेना ने एक्स पर बताया था, “भारतीय वायु सेना का एएन-32 एयरक्राफ़्ट आज जोरहाट में लैंडिंग के समय दुर्घटनाग्रस्त हो गया. इस हादसे के कारण का पता लगाने के लिए कोर्ट ऑफ़ इन्क्वायरी बिठाई जा रही है.”
वायु सेना ने क्या कहा?
इमेज स्रोत, @IAF_MCC
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर एक पोस्ट कर बताया, “असम के जोरहाट में हुए एएन-32 विमान हादसे में पांच जवानों की जान गंवाने पर गहरा शोक व्यक्त करती है.”
“स्क्वाड्रन लीडर प्रशांत सिंह, फ़्लाइट लेफ़्टिनेंट शुभम कुमार, सार्जेंट जितेंद्र शर्मा, अग्निवीरवायु खेमाराम कुमावत और अग्निवीरवायु दानिश आलम ने कर्तव्य निभाते हुए सर्वोच्च बलिदान दिया.”
“भारतीय वायु सेना शोक संतप्त परिवारों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए इस दुख की घड़ी में उनके साथ मज़बूती से खड़ी है.”
इमेज स्रोत, Avik
इस हादसे को लेकर शुरुआती जानकारी में कहा जा रहा था कि एएन-32 विमान एयर फ़ोर्स स्टेशन परिसर में लैंडिंग के दौरान दुर्घटनाग्रस्त हुआ और क्रैश के बाद उसमें आग लग गई.
हालांकि क्रैश की प्रमुख वजह का अभी पता नहीं चल पाया है. साथ ही वायु सेना ने कहा है कि इस घटना को लेकर किसी भी अटकलों से बचा जाए.
भारतीय वायु सेना ने एक्स पर पोस्ट कर बताया, “दुर्घटनास्थल पर राहत एवं प्रबंधन कार्य तथा प्रारंभिक जांच जारी है. भारतीय वायु सेना सभी से अनुरोध करती है कि प्रारंभिक जांच के नतीजे सामने आने तक किसी भी प्रकार की अटकलें लगाने से बचें.”
“भारतीय वायु सेना इस दुर्घटना में हुई जनहानि पर गहरा दुख व्यक्त करती है और इस शोक की घड़ी में शोक-संतप्त परिवारों के साथ दृढ़ता से खड़ी है.”
आईएएफ़ ने कहा कि जैसे-जैसे अधिक जानकारी उपलब्ध होगी, भारतीय वायु सेना उसे साझा करेगी.
क्या है एएन-32
एएन-32 मूल रूप से सोवियत संघ (अब यूक्रेन के एंटोनोव डिज़ाइन ब्यूरो) की ओर से निर्मित दो-इंजन वाला टर्बोप्रॉप सैन्य परिवहन विमान है.
यह मुख्य रूप से भारतीय वायु सेना के बेड़े का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है, जिसका उपयोग सैनिकों को एक जगह से दूसरी जगह ले जाने, राहत सामग्री पहुंचाने और पैराट्रूपर्स को आसमान से उतारने के लिए किया जाता है.
बीबीसी के लिए कलेक्टिव न्यूज़रूम की ओर से प्रकाशित.
Source link
#जरहट #म #वय #सन #वमन #करश #म #द #अफसर #और #द #अगनवरवय #समत #पच #जवन #क #मत

