कहानी शुरू होती है बॉलीवुड की उस सुपरहिट जोड़ी से, जिसने पर्दे पर हमेशा दर्शकों को हंसने पर मजबूर कर दिया है. जी हाँ, हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड के 'खिलाड़ी' अक्षय कुमार और लीजेंड्री डायरेक्टर प्रियदर्शन की. एक बार फिर सिनेमा के ये दोनों दिग्गज साथ मिलकर पर्दे पर कॉमेडी का ऐसा तड़का लगाने आ रहे हैं, जिसे देखकर पुरानी यादें ताजा हो जाएंगी. यह फिल्म किसी आम प्रोजेक्ट से बढ़कर है, क्योंकि यह प्रियदर्शन के करियर की 99वीं फिल्म होने जा रही है.
1970 के दशक की दुनिया और अक्षय का अनोखा अवतार
इस नई कॉमेडी फिल्म की कहानी बहुत ही दिलचस्प और अनोखे दौर पर आधारित होगी. बताया जा रहा है कि फिल्म की पूरी पृष्ठभूमि 1970 के दशक के इर्द-गिर्द बुनी गई है.
सबसे मजेदार बात यह है कि इस फिल्म में अक्षय कुमार एकदम हटके अंदाज में नजर आने वाले हैं. खिलाड़ी कुमार फिल्म में एक 'टाइगर हंटर' का किरदार निभाएंगे. सोचिए, जब एक टाइगर हंटर पर्दे पर अपनी हरकतों से कॉमेडी का तड़का लगाएगा, तो सिनेमाघरों में क्या हाल होगा. इस धमाकेदार फिल्म को जाने-माने प्रोड्यूसर रमेश तौरानी प्रोड्यूस कर रहे हैं, जबकि इसकी कहानी खुद प्रियदर्शन और रोहन शंकर ने मिलकर लिखी है.

कब शुरू होगा शूटिंग
फिल्म की कागजी तैयारियां पूरी हो चुकी हैं और बस कैमरे के सामने एक्शन बोलने की देर है. इस फिल्म की शूटिंग नवंबर महीने के आखिरी हफ्ते से शुरू होने वाली है.
मेकर्स इस फिल्म को बहुत ही शानदार तरीके से शूट करना चाहते हैं, इसलिए शूटिंग का यह दौर करीब तीन महीने तक चलेगा. इसके लिए राजस्थान के सुनसान और खूबसूरत जंगलों के अलावा मुंबई में एक बड़ा सेट तैयार किया जा रहा है. इसके अलावा, प्रोडक्शन टीम भोपाल की वादियों में भी बेहतरीन लोकेशन्स की तलाश में जुटी हुई है.
अन्नू कपूर और राजपाल यादव का साथ, लीड एक्ट्रेस की तलाश जारी
इस मजेदार सफर में अक्षय कुमार अकेले नहीं होंगे, बल्कि उनका साथ देने के लिए इंडस्ट्री के दो दिग्गज हास्य कलाकार अन्नू कपूर और राजपाल यादव भी मैदान में उतरेंगे. इन तीनों की तिकड़ी पर्दे पर क्या गदर मचाएगी, इसका अंदाजा अभी से लगाया जा सकता है. हालांकि, फिल्म की लीड एक्ट्रेस कौन होगी, इसको लेकर अभी तलाश जारी है. जब डायरेक्टर प्रियदर्शन से इस बारे में सवाल किया गया, तो वे थोड़ा बचते हुए नजर आए और बोले
"पहले प्रोजेक्ट पूरी तरह फाइनल हो जाने दीजिए, फिर मैं खुलकर बात करूंगा."
पुरानी यादें और नया धमाल
अक्षय और प्रियदर्शन की जोड़ी का इतिहास किसी जादू से कम नहीं है. साल 2000 में कल्ट कॉमेडी फिल्म 'हेरा फेरी' से शुरू हुआ यह सफर 'गरम मसाला', 'भागम भाग', 'भूल भुलैया', 'दे दना दन' और 'खट्टा मीठा' जैसी ब्लॉकबस्टर फिल्मों तक गया. बीच में एक लंबा गैप जरूर आया, लेकिन अब यह जोड़ी साल 2026 में 'भूत बंगला' और 'हैवान' के बाद इस नई फिल्म के जरिए एक बार फिर बॉक्स ऑफिस पर राज करने के लिए पूरी तरह तैयार है!
ये भी पढ़ें: गणेश आचार्य की बायोग्राफी फिल्म का ट्रेलर आउट, अक्षय कुमार ने किया सपोर्ट, बोले-'ये है मेरे दोस्त की अपनी कहानी'
ये भी पढ़ें: सब ठीक तो है…?: आई क्लिनिक के बाहर स्पॉट हुए अक्षय कुमार, वीडियो सामने आते ही फैंस हुए परेशान
The post टाइगर हंटर बनकर बड़े पर्दे पर लौटेंगे अक्षय कुमार, प्रियदर्शन की 99वीं फिल्म में क्या होगा खास? appeared first on Prabhat Khabar.


