‘दुनिया में युद्ध के बीच भारत का सभ्यता संवाद’:पीएम मोदी बोले- वैश्विक शांति की गारंटी है सांस्कृतिक जुड़ाव – Pm Modi First Sco Civilisational Dialogue Forum Open Shanghai Cooperation Organisation Purana Qila New Delhi

‘दुनिया में युद्ध के बीच भारत का सभ्यता संवाद’:पीएम मोदी बोले- वैश्विक शांति की गारंटी है सांस्कृतिक जुड़ाव – Pm Modi First Sco Civilisational Dialogue Forum Open Shanghai Cooperation Organisation Purana Qila New Delhi

राजधानी के ऐतिहासिक पुराना किला में पहले शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) सभ्यता संवाद का भव्य आयोजन किया गया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम का उद्घाटन किया और वहां लगाई गई विशेष प्रदर्शनी का अवलोकन किया। इस दौरान उन्होंने महाभारत काल से लेकर 1200 ईस्वी तक के (लगभग 2,100 वर्ष पुराने) ऐतिहासिक, पुरातात्विक साक्ष्यों और भारतीय संस्कृति व विरासत से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेजों को देखा। इस अंतरराष्ट्रीय मंच पर 15 देशों की सभ्यताओं के प्रतिनिधि शामिल हुए। उल्लेखनीय है कि ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद यह पहला अवसर है, जब पाकिस्तान के मंत्री भी किसी एससीओ कार्यक्रम में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचे हैं।

शांति की सबसे मजबूत गारंटी है सांस्कृतिक जुड़ाव: पीएम मोदी

कार्यक्रम में शामिल विदेशी अतिथियों का स्वागत करते हुए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि आज जब दुनिया भर में युद्ध और अशांति की चर्चा हो रही है, ऐसे समय में भारत में सभ्यताओं के बीच संवाद हो रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि वैश्विक शांति की सबसे मजबूत गारंटी सभ्यताओं के बीच संवाद और सांस्कृतिक जुड़ाव ही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि कुछ महीने पहले ही एससीओ ने अपनी स्थापना के 25 वर्ष पूरे किए हैं। बीते ढाई दशकों में इस संगठन ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था और कनेक्टिविटी के क्षेत्र में आपसी सहयोग को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाया है। उन्होंने विश्वास जताया कि अब सदस्य देशों के बीच सांस्कृतिक संवाद इन संबंधों को और अधिक प्रगाढ़ बनाएगा, जिससे नए विचार और अवसर पैदा होंगे तथा दुनिया को एकजुट करने में मदद मिलेगी। आयोजन स्थल की महत्ता बताते हुए उन्होंने कहा कि पुराना किला भारत की अद्भुत सांस्कृतिक धरोहर है, जिसकी ऐतिहासिक गाथाएं हजारों वर्ष पूर्व महाभारत काल तक जाती हैं।

‘दुनिया में युद्ध के बीच भारत का सभ्यता संवाद’:पीएम मोदी बोले- वैश्विक शांति की गारंटी है सांस्कृतिक जुड़ाव – Pm Modi First Sco Civilisational Dialogue Forum Open Shanghai Cooperation Organisation Purana Qila New Delhi


साम्राज्यों ने बदले दुनिया के नक्शे, सभ्यताओं के संवाद ने विचारों को समृद्ध किया: पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आगे कहा कि साम्राज्यों ने दुनिया के नक्शे जरूर बदले हैं, लेकिन सभ्यताओं के बीच संवाद ने दुनिया के विचारों को बदला और उन्हें समृद्ध किया है। इसलिए एससीओ सभ्यता संवाद केवल एक औपचारिक मंच नहीं है, बल्कि यह दुनिया को नई दिशा देने का माध्यम बन सकता है। आज दुनिया में अंतरराष्ट्रीय सहयोग और लोगों के बीच आपसी जुड़ाव की काफी चर्चा होती है, लेकिन यह ऐसी सोच है, जिसे हमारे पूर्वजों ने सदियों पहले ही समृद्ध किया था।


सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे: पीएम मोदी

पीएम मोदी ने प्राचीन व्यापारिक संबंधों का उदाहरण देते हुए कहा कि करीब पांच हजार साल पहले सिंधु घाटी की सभ्यता और मेसोपोटामिया के बीच व्यापारिक संबंध थे। बाद में दूसरे व्यापार मार्गों ने इस संपर्क को और विस्तार दिया। भारत, चीन, मध्य एशिया और यूरेशिया के कई क्षेत्र इन प्राचीन व्यापारिक नेटवर्क से जुड़े थे। इन रास्तों से केवल व्यापारी ही नहीं, बल्कि विद्वान और बौद्ध भिक्षु भी एक जगह से दूसरी जगह जाते थे। इन यात्राओं के माध्यम से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का आदान-प्रदान हुआ।

‘तकनीक ने दुनिया में सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं’

पीएम मोदी ने कहा कि 21वीं सदी की तकनीक ने दुनिया में सांस्कृतिक जुड़ाव की नई संभावनाएं पैदा की हैं। जिन रास्तों पर कभी हमारे पूर्वजों को महीनों यात्रा करनी पड़ती थी, आज उन्हीं देशों के लोग कुछ ही सेकंड में एक-दूसरे से जुड़ सकते हैं। डिजिटल प्लेटफॉर्म ने ज्ञान साझाकरण, सांस्कृतिक आदान-प्रदान और अंतर्राष्ट्रीय सहयोग को पहले से आसान बना दिया है। एससीओ के देशों को इन नई संभावनाओं का पूरा लाभ उठाना चाहिए।


पीएम मोदी ने कहा कि हमारे देशों के संग्रहालयों, पुस्तकालयों और अभिलेखागारों में हज़ारों वर्षों की अमूल्य विरासत सुरक्षित है। प्राचीन पांडुलिपियां, दुर्लभ पुस्तकें, ऐतिहासिक दस्तावेज और कलाकृतियां हमारे आपसी संबंधों के कई पहलुओं को उजागर करती हैं।


पीएम मोदी ने आगे कहा कि आज, तकनीक का उपयोग करके इस विरासत को नई पीढ़ियों तक पहुंचाने के बेहतरीन अवसर मौजूद हैं। हम प्राचीन ग्रंथों के डिजिटलीकरण और अनुवाद के लिए मिलकर काम कर सकते हैं। संयुक्त शोध परियोजनाओं के ज़रिए, हम अपने साझा इतिहास के नए पहलुओं को सामने ला सकते हैं। इससे दुनिया के किसी भी कोने में बैठा युवा किसी दूसरे देश की सांस्कृतिक विरासत को बेहतर ढंग से समझ सकेगा।


यह भी पढ़ें: ‘जख्मों पर नमक छिड़कने जैसा’: पाकिस्तानी मंत्री के भारत दौरे पर भड़की कांग्रेस; सरकार से पूछे सवाल

भारत ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना में विश्वास रखता है: गजेंद्र सिंह शेखावत

समारोह को संबोधित करते हुए केंद्रीय संस्कृति मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2025 में एससीओ सभ्यता संवाद का प्रस्ताव रखा था। उन्होंने कहा कि भारत विश्व की सबसे प्राचीन सभ्यताओं में से एक है और ‘वसुधैव कुटुंबकम’ की भावना में विश्वास रखता है। पीएम मोदी के नेतृत्व में देश ने आधुनिक विकास के साथ-साथ अपनी समृद्ध विरासत को भी संजोने का कार्य किया है। ‘रिकॉल द जर्नी ऑफ लिगेसी’ पहल का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि कला के माध्यम से इस साझा विरासत को संरक्षित करने का प्रयास किया गया है।

एससीओ की भूमिका और उद्देश्य

गौरतलब है कि शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) में 10 पूर्ण सदस्य देश शामिल हैं, जो विश्व की लगभग 42 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करते हैं। इस संगठन का मुख्य उद्देश्य आतंकवाद, अलगाववाद और उग्रवाद जैसी चुनौतियों का मिलकर मुकाबला करना है। इसी कड़ी में, सदस्य देशों की परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को साझा कर आपसी समझ को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस सभ्यता संवाद का आयोजन किया गया है।

Source link
#दनय #म #यदध #क #बच #भरत #क #सभयत #सवदपएम #मद #बल #वशवक #शत #क #गरट #ह #ससकतक #जडव #Modi #Sco #Civilisational #Dialogue #Forum #Open #Shanghai #Cooperation #Organisation #Purana #Qila #Delhi

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *