दिवंगत एक्टर ओम पुरी के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए, उन्होंने बताया कि कैसे शादी से ठीक एक दिन पहले उन्होंने घर की नौकरानी के साथ अपने अफेयर के बारे में उन्हें बताया था।
बॉलीवुड एक्टर ओम पुरी प्रोफेशनल लाइफ से कहीं ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में रहे हैं। ऐसे में ओम पुरी के निधन के बाद उनकी पहली पत्नी सीमा कपूर इन दिनों अपने हालिया इंटरव्यू को लेकर खबरों में बनी हैं। सीमा ने एक इंटरव्यू में अपनी शादी और दर्दनाक अलगाव के बारे में बात की। दिवंगत एक्टर के साथ अपने रिश्ते को याद करते हुए, उन्होंने बताया कि कैसे शादी से ठीक एक दिन पहले उन्होंने घर की नौकरानी के साथ अपने अफेयर के बारे में उन्हें बताया था। सीमा ने यह भी आरोप लगाया कि बाद में ओम पुरी ने अपनी दूसरी पत्नी नंदिता के साथ उन्हें धोखा दिया और तब उन्हें ये सब बताया कि जब वह प्रेग्नेंट थीं। इसके बाद उनका तलाक हो गया था।
बच्चा भी खो दिया
दरअसल, सीमा कपूर ने सिद्धार्थ कन्नन को अपना इंटरव्यू दिया था। इस दौरान सीमा ने ओम पुरी संग शादी से लेकर उनके साथ तलाक होने तक सारी बातें शेयर की थीं। सीमा ने ये भी बताया था कि प्रेग्नेंसी के दौरान जब उन्होंने ओम पुरी का घर छोड़ा, उसके बाद उनका बच्चा भी नहीं बच पाया। बात दें की सीमा कपूर बॉलीवुड एक्टर अन्नू कपूर की सगी बहन हैं। शादी से पहले की घटनाओं को याद करते हुए, सीमा ने कहा था, ‘हमारी सगाई 1989 में हुई थी और पता नहीं क्यों, लेकिन दोनों परिवारों ने हमें शादी के लिए जल्दबाजी में डाल दिया। अन्नू भैया शूटिंग के लिए बाहर गए हुए थे और वह इस बात से बहुत नाराज थे कि उन्हें अपनी चहेती बहन की सगाई के बारे में किसी और से पता चला।’
नौकरानी संग अफेयर के बारे में बताया
सीमा ने आगे कहा, ‘उन दिनों फोन आम नहीं थे। शादी से ठीक पहले, उन्होंने मुझे घर की नौकरानी के साथ अपने रिश्ते के बारे में बताया।’ इस खुलासे के बावजूद, सीमा ने कहा कि वह शादी के लिए फिर भी तैयार हुईं, क्योंकि बहुत देर हो चुकी थी और वो आखिरी वक्त में शादी नहीं तोड़ सकती थीं। सारे मेहमानों को इनवाइट किया जा चुका था, हम एक रिसेप्शन भी करने वाले थे। हम झालावाड़ नाम के एक छोटे से शहर में थे, जहां मेरे माता-पिता बहुत सम्मानित लोग थे। वह मुझे नदी के किनारे एक तरफ ले गए और कहा कि उन्हें मुझे कुछ बताना है।’
6 लाख रुपये की एलिमनी दी थी
सीमा ने आगे कहा था, ‘शादी से एक दिन पहले उसे कैंसिल करने की हिम्मत मुझमें नहीं थी। आजकल की औरतें कहीं ज्यादा हिम्मत वाली होती हैं। उनमें से कुछ तो शादी के दिन भी पीछे हट जाती हैं।’ सीमा ने ओम पुरी से अपने तलाक के समय के मुश्किल दौर को भी याद किया। उन्होंने आरोप लगाया कि नंदिता के साथ उनके रिश्ते ने उन्हें बुरी तरह सदमे में डाल दिया था। इसके बाद उन्होंने अपने होने वाले बच्चे तक को खो दिया था। सीमा के अनुसार, तलाक के समय ओम पुरी ने उन्हें 6 लाख रुपये की एलिमनी दी थी। हालांकि, बच्चा खोने के बाद, उन्होंने कहा कि ओम पुरी ने मुझे दिलासा देना तो दूर, मिलने आने के बजाय उन्होंने अपने सेक्रेटरी के जरिए 25,000 रुपये भेजे थे, लेकिन जब मैंने लेने से इनकार कर दिया तब उनके सेक्रेटरी ने मुझसे कहा, ‘यही ईगो तुम्हें बर्बाद कर रहा है। वो मेरा ईगो नहीं मेरा आत्म-सम्मान था। ‘
सीमा के बाद नंदिता से भी हुआ तलाक
बता दें कि ओम पुरी और सीमा कपूर ने 1990 में शादी की थी और कुछ साल बाद अलग हो गए थे। बाद में एक्टर ने 1993 में नंदिता से शादी की, हालांकि उनकी शादी भी 2013 में तलाक पर खत्म हुई। ओम पुरी का जनवरी 2017 में 66 साल की उम्र में हार्ट अटैक से निधन हो गया।



