Rise And Fall 2 : हरियाणा की रहने वाली अभिनेत्री सोनम मलिक जल्द ही रियलिटी शो ‘राइज एंड फॉल सीजन 2’ में नजर आने वाली हैं. सोनम शो में वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के तौर पर एंट्री लेंगी. उनकी एंट्री की खबर सामने आने के बाद फैंस के बीच भी उन्हें लेकर उत्सुकता बढ़ गई है. सोनम मलिक भोजपुरी म्यूजिक इंडस्ट्री में पहले से काम कर रही हैं. उन्होंने कई म्यूजिक प्रोजेक्ट्स में अपनी पहचान बनाई है. खास तौर पर भोजपुरी स्टार पवन सिंह के साथ काम करने के बाद सोनम को काफी चर्चा मिली. दोनों ‘आरा के ओठलाली’ गाने में साथ नजर आए थे. गाने को दर्शकों ने पसंद किया था और सोनम-पवन की जोड़ी भी चर्चा में रही थी.
पवन सिंह के सपोर्ट में बोली थीं सोनम
सोनम मलिक का नाम उस समय भी काफी सुर्खियों में आया था, जब उन्होंने पवन सिंह का खुलकर समर्थन किया था. सोशल मीडिया पर उनके बयान को लेकर काफी बातें हुई थीं. इसके साथ ही पवन सिंह के साथ उनके काम को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ी. हालांकि, इंडस्ट्री में यह चर्चा जरूर रही है कि पवन सिंह ने सोनम के करियर को आगे बढ़ाने में मदद की. लेकिन इस बारे में अभी तक कोई पक्की या आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है. इसलिए इसे फिलहाल सिर्फ इंडस्ट्री में चल रही चर्चा ही माना जा रहा है.

भोजपुरी के बाद हरियाणवी प्रोजेक्ट में भी किया काम
सोनम ने भोजपुरी म्यूजिक के अलावा हरियाणवी प्रोजेक्ट में भी काम किया है. वह Chaupal Original के ‘डाक खाना’ में नजर आ चुकी हैं. इस प्रोजेक्ट में उनके साथ Ndee Kundu भी दिखाई दिए थे. अब सोनम हिंदी फिल्मों में भी कदम रखने की तैयारी कर रही हैं. उनकी आने वाली फिल्म का नाम ‘महक’ बताया जा रहा है. इस फिल्म को लेकर भी उनके फैंस काफी उत्साहित हैं.
अब रियलिटी शो में दिखेगा सोनम का नया अंदाज
भोजपुरी गानों से शुरुआत करने के बाद सोनम मलिक ने हरियाणवी प्रोजेक्ट में काम किया और अब हिंदी सिनेमा की ओर बढ़ रही हैं. इसी बीच ‘राइज एंड फॉल 2’ में उनकी वाइल्ड कार्ड एंट्री उनके करियर का एक नया मौका मानी जा रही है. अब सबकी नजर इस बात पर होगी कि सोनम शो में किस तरह का गेम खेलती हैं. क्या वह अपनी रणनीति से बाकी कंटेस्टेंट्स को टक्कर दे पाएंगी और क्या उनकी एंट्री शो के पूरे माहौल को बदल पाएगी, यह देखना काफी दिलचस्प होगा.
ये भी पढ़ें: नाना पाटेकर के वो अनसुने किस्से, एक्टिंग के साथ खेल के मैदान में भी थे माहिर, SRK ने बताई ये खास बात
The post पवन सिंह के साथ काम करने वाली सोनम मलिक की ‘राइज एंड फॉल 2’ में एंट्री, जानें क्या है कनेक्शन appeared first on Prabhat Khabar.

