फर्जी ट्रेडिंग एप से शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का झांसा, इंदौर में 13 साइबर ठग गिरफ्तार

HighLights
- ललितपुर साइबर पुलिस के साथ विजयनगर पुलिस की संयुक्त कार्रवाई
- नोकिया सिक्यूरिटीज एप के जरिए निवेश कराने का आरोप
- 70 हजार रुपये की ठगी के मामले में आरोपित यूपी पुलिस को सौंपे
नईदुनिया प्रतिनिधि, इंदौर : शेयर बाजार में मोटे मुनाफे का सपना दिखाकर फर्जी ट्रेडिंग एप डाउनलोड करवाया और फिर निवेश के नाम पर रकम जमा करा ली। ललितपुर(उप्र) में सामने आए साइबर ठगी के इस मामले में विजय नगर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए 13 आरोपितों को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपितों को ललितपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है।
एसीपी पराग सैनी के अनुसार ललितपुर साइबर क्राइम थाने में दर्ज मामले में शिकायतकर्ता को शेयर बाजार में निवेश और ट्रेडिंग के जरिए अधिक मुनाफा दिलाने का झांसा दिया गया था। आरोपितों ने खुद को एक ब्रोकरेज फर्म का प्रतिनिधि बताया और पीड़ित से संपर्क किया। इसके बाद उसे ‘नोकिया सिक्यूरिटीज ’ नाम के फर्जी एप के माध्यम से निवेश और ट्रेडिंग करने के लिए तैयार किया गया।
ब्रोकरेज फर्म का प्रतिनिधि बनकर करते थे संपर्क
साइबर ठगों ने पीड़ित को भरोसा दिलाया कि एप के जरिए शेयर बाजार में निवेश करने पर कम समय में ज्यादा मुनाफा कमाया जा सकता है। झांसे में आने के बाद पीड़ित ने रकम जमा कर दी। मामले में 70 हजार रुपये की आनलाइन आर्थिक धोखाधड़ी का उल्लेख है।
ललितपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस की टीम को आरोपितों के इंदौर में होने की जानकारी मिली थी। सूचना मिलने के बाद विजयनगर पुलिस ने आरोपितों की तलाश और पहचान में सहयोग किया। दोनों राज्यों की पुलिस टीमों ने संयुक्त रूप से कार्रवाई करते हुए 13 आरोपितों को गिरफ्तार कर लिया।
इंदौर में बैठकर दूसरे राज्य के व्यक्ति से ठगी
इस कार्रवाई ने एक बार फिर यह दिखाया है कि साइबर ठग एक राज्य में बैठकर दूसरे राज्य के लोगों को निशाना बना रहे हैं। फर्जी ट्रेडिंग एप, निवेश योजनाओं और ब्रोकरेज फर्म के नाम का इस्तेमाल कर पीड़ितों को भरोसे में लिया जाता है। मामले में गिरफ्तार सभी 13 आरोपितों को ललितपुर साइबर क्राइम थाना पुलिस के सुपुर्द कर दिया गया है। अब यूपी पुलिस उनसे पूछताछ कर ठगी के नेटवर्क और अन्य मामलों की जानकारी जुटाएगी।
गिरफ्तार आरोपी
राजगिरी कमलेश गोस्वामी निवासी शुजालपुर, दीपक जगदीशसिंह राजपूत निवासी कालापीपल शाजापुर, रविंद्र पुत्र जगदीश पाल निवासी सारंगपुर, दीपक राजपूत उर्फ दीपक ठाकुर निवासी जावदिया घरवास शाजापुर, राज अवधेश प्रताप यादव निवासी सेंधरी, लक्ष्मी रणधीरसिंह राजपूत कालापीपल शाजापुर, सूरज नरेंद्र धाकड़ निवासी बैरागढ़, सुरेंद्र गुरबक्श निवासी शुजालपुर सिटी, प्रदीप रामस्वरुप धाकड़ निवासी शिवपुरी, विष्णु प्रसाद, अरुण लोधी, छाया साकले, आकाश धाकड़।
यह भी पढ़ें- इंदौर से फर्जी ई-मेल जबलपुर भेजा, असली कंपनी ने कहा नहीं मिले 27 लाख रुपये
Source link
#फरज #टरडग #एप #स #शयर #बजर #म #मट #मनफ #क #झस #इदर #म #सइबर #ठग #गरफतर

