
टीवी की दुनिया में कई ऐसे कलाकार हैं, जिन्होंने बहुत कम उम्र में एक्टिंग शुरू कर दी थी. जिस उम्र में ज्यादातर बच्चे स्कूल और खेल-कूद में व्यस्त रहते हैं, उस उम्र में इन कलाकारों ने कैमरे के सामने काम करना शुरू कर दिया था. बाल कलाकार के तौर पर मिली पहचान ने उनके करियर की नींव रखी और आगे चलकर उन्होंने अपनी मेहनत से टीवी की दुनिया में खास जगह बनाई. आज इनमें से कई कलाकार टीवी के साथ फिल्मों, ओटीटी, म्यूजिक वीडियो और सोशल मीडिया पर भी एक्टिव हैं. आए जानते हैं उन कलाकारों के बारे में, जिन्होंने बचपन से ही एक्टिंग का सफर शुरू कर दिया था.
Jannat Zubair: छोटी उम्र में मिली पहली पहचान
जन्नत जुबैर ने काफी कम उम्र में एक्टिंग की दुनिया में कदम रखा था. उन्हें टीवी शो ‘फुलवा’ से खास पहचान मिली. इस शो में उन्होंने छोटी फुलवा का किरदार निभाया था. उनकी मासूमियत और अभिनय को दर्शकों ने काफी पसंद किया. इसके बाद जन्नत ने ‘भारत का वीर पुत्र-महाराणा प्रताप’ और ‘तू आशिकी’ जैसे सीरियल में भी काम किया. धीरे-धीरे उन्होंने टीवी के साथ सोशल मीडिया पर भी अपनी मजबूत पहचान बनाई. आज वह युवा दर्शकों के बीच काफी लोकप्रिय हैं.
Avika Gor: आनंदी बनकर घर-घर में छाईं
अविका गौर का नाम टीवी की लोकप्रिय बाल कलाकारों में लिया जाता है. ‘बालिका वधू’ में छोटी आनंदी का किरदार निभाकर उन्होंने बहुत कम उम्र में बड़ी पहचान हासिल की थी. उनके अभिनय को दर्शकों ने खूब पसंद किया और आनंदी का किरदार उनकी पहचान बन गया. इसके बाद अविका ने ‘ससुराल सिमर का’ सहित कई टीवी सीरियल में काम किया. समय के साथ उन्होंने फिल्मों में भी काम किया और खुद को एक अभिनेत्री के रूप में स्थापित किया.
Ashnoor Kaur: बचपन से ही एक्टिंग का शौक
आश्नूर कौर ने भी छोटी उम्र में ही टीवी पर काम करना शुरू कर दिया था. वह ‘झांसी की रानी’ और ‘ना बोले तुम ना मैंने कुछ कहा’ जैसे सीरियल्स का हिस्सा रह चुकी हैं. बाल कलाकार के तौर पर काम करते हुए उन्होंने दर्शकों के बीच अपनी पहचान बनाई. बाद में ‘ये रिश्ता क्या कहलाता है’ में नायरा के बचपन का किरदार और ‘पटियाला बेब्स’ में मिनी की भूमिका ने उन्हें और लोकप्रिय बनाया. एक्टिंग के साथ उन्होंने अपनी पढ़ाई पर भी ध्यान दिया और बाद में म्यूजिक वीडियो और दूसरे प्रोजेक्ट्स में भी काम किया.
Anushka Sen: ‘बालवीर’ से मिली पहचान
अनुष्का सेन ने भी बहुत छोटी उम्र में अभिनय शुरू कर दिया था. टीवी के लोकप्रिय शो ‘बालवीर’ में मेहर का किरदार निभाकर वह बच्चों और परिवारों के बीच काफी लोकप्रिय हो गई थीं. इसके बाद उन्होंने ‘खूब लड़ी मर्दानी-झांसी की रानी’ में रानी लक्ष्मीबाई के बचपन का किरदार निभाया. टीवी के अलावा अनुष्का सोशल मीडिया पर भी काफी लोकप्रिय हैं और उनके बड़ी संख्या में प्रशंसक हैं.
Siddharth Nigam: फिल्मों से टीवी तक बनाया नाम
सिद्धार्थ निगम ने भी बचपन में ही एक्टिंग की शुरुआत कर दी थी. उन्होंने फिल्म ‘धूम 3’ में आमिर खान के बचपन का किरदार निभाया था. इसके बाद टीवी शो ‘चक्रवर्ती अशोक सम्राट’ में युवा अशोक की भूमिका ने उन्हें घर-घर में पहचान दिलाई. इसके बाद ‘अलादीन: नाम तो सुना होगा’ में अलादीन का किरदार निभाकर सिद्धार्थ ने युवा दर्शकों के बीच अपनी खास जगह बनाई. आज वह टीवी के चर्चित युवा कलाकारों में शामिल हैं.
Kinshuk Vaidya: ‘संजू’ के किरदार से बने मशहूर
किंशुक वैद्य को आज भी कई लोग ‘शाका लाका बूम बूम’ के संजू के नाम से याद करते हैं. इस शो में जादुई पेंसिल वाले संजू का किरदार निभाकर वह बच्चों के बीच काफी लोकप्रिय हुए थे. कुछ समय तक एक्टिंग से दूर रहने के बाद किंशुक ने टीवी पर वापसी की. उन्होंने ‘एक रिश्ता साझेदारी का’, ‘जात ना पूछो प्रेम की’ और ‘राधाकृष्ण’ जैसे सीरियल में काम किया.
Aditya Kapadia: बचपन से ही एक्टिंग में सक्रिय
आदित्य कपाड़िया ने भी बहुत छोटी उम्र में अभिनय शुरू कर दिया था. उन्होंने ‘जस्ट मोहब्बत’ और ‘शाका लाका बूम बूम’ जैसे टीवी शोज में बाल कलाकार के तौर पर काम किया. इसके अलावा वह फिल्मों में भी नजर आए. बड़े होने के बाद भी आदित्य ने एक्टिंग नहीं छोड़ी. उन्होंने ‘अदालत’, ‘बड़े अच्छे लगते हैं’ समेत कई टीवी प्रोजेक्ट्स में काम किया और अपनी पहचान बनाए रखी.
ये भी पढ़ें: JPSC-JSSC Protest: छात्रों पर लाठीचार्ज के खिलाफ भड़के प्रकाश राज, बोले- ‘अहंकारी सत्ता का पतन तय’
The post बचपन में शुरू किया एक्टिंग का सफर, आज घर-घर में मशहूर हैं ये 7 टीवी स्टार्स appeared first on Prabhat Khabar.


