![]()
विदिशा में कालीदास बांध के पास बेतवा नदी में नहाते समय डूबे इंदौर निवासी 22 वर्षीय युवक लकी का शव शनिवार को बरामद कर लिया गया। तीन दिनों से होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम उसकी तलाश में जुटी थी। लकी इंदौर का रहने वाला था और कैटरिंग का काम करता था। काम के सिलसिले में वह अपने साथियों के साथ विदिशा आया था। तीन दिन पहले काम से फुर्सत मिलने पर वह दोस्तों के साथ कालीदास बांध के पास नहाने पहुंचा था। नहाते समय लकी गहरे पानी में चला गया और तेज बहाव में डूब गया। उसके साथियों ने उसे बचाने की कोशिश की, लेकिन वह पानी में लापता हो गया था। घटना की सूचना मिलने के बाद होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम ने लगातार सर्च ऑपरेशन चलाया। शुक्रवार को गोताखोरों ने नदी में तलाश की, लेकिन सफलता नहीं मिली। शनिवार को शव डूबने वाले स्थान से काफी दूर बड़ वाले घाट के पास पानी में उतराता दिखाई दिया। सूचना मिलते ही गोताखोर मौके पर पहुंचे और शव को बाहर निकालकर कोतवाली पुलिस के सुपुर्द किया। कोतवाली पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। घटना की जानकारी मिलते ही मृतक के परिजन भी इंदौर से विदिशा पहुंच गए थे। जिला अस्पताल में पोस्टमार्टम के बाद पुलिस ने शव परिजनों को सौंप दिया।
Source link
#बतव #म #डब #इदर #क #यवक #तसर #दन #मल #शव #कलदस #बध #पर #नहत #समय #बह #थ #तन #दन #चल #सरच #ऑपरशन #Vidisha #News


