भारत छोड़ने के नोटिस के बीच 'इमरान खान' की फिल्म पर संकट, क्या अधूरी रह जाएगी वापसी?

भारत छोड़ने के नोटिस के बीच 'इमरान खान' की फिल्म पर संकट, क्या अधूरी रह जाएगी वापसी?



भारत छोड़ने के नोटिस के बीच 'इमरान खान' की फिल्म पर संकट, क्या अधूरी रह जाएगी वापसी?

बॉलीवुड अभिनेता इमरान खान (Imran Khan) लंबे समय बाद फिल्मों में वापसी करने जा रहे हैं. उनकी आने वाली फिल्म 'अधूरे हम अधूरे तुम' ('Adhure Hum Adhure Tum') का दर्शकों को इंतजार है. लेकिन अब इस फिल्म की रिलीज को लेकर सस्पेंस बढ़ गया है. मिड-डे की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इमरान खान को भारत छोड़ने का नोटिस मिलने के बाद फिल्म के मेकर्स इसकी रिलीज की तारीख आगे बढ़ाने पर विचार कर रहे हैं. फिल्म को 18 दिसंबर 2026 को नेटफ्लिक्स पर रिलीज किए जाने की उम्मीद थी. हालांकि, अभी तक नेटफ्लिक्स या फिल्म की टीम ने रिलीज टलने की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है.

इमरान खान की फिल्म का प्रमोशन क्यों रुका?

आपको बता दें कि मिड-डे की रिपोर्ट के मुताबिक, फिल्म का प्रमोशन दिवाली के बाद शुरू होने वाला था, लेकिन फिलहाल इसे रोक दिया गया है. मेकर्स इमरान खान से जुड़े मामले में स्थिति साफ होने का इंतजार कर रहे हैं. रिपोर्ट में कहा गया है कि टीम मौजूदा हालात को समझने के बाद ही फिल्म के प्रचार को लेकर आगे का फैसला लेना चाहती है. हालांकि, इसका मतलब यह नहीं है कि फिल्म की रिलीज आधिकारिक तौर पर टाल दी गई है. फिलहाल मेकर्स की ओर से इस बारे में कोई बयान सामने नहीं आया है.

करीब 10 साल बाद बड़े पर्दे पर वापसी करेंगे इमरान

'अधूरे हम अधूरे तुम' एक रोमांटिक कॉमेडी फिल्म है. इसमें इमरान खान के साथ भूमि पेडनेकर और गुरफतेह पीरजादा भी नजर आएंगे. फिल्म का निर्देशन दानिश असलम ने किया है.

इमरान खान साल 2015 में आई फिल्म 'कट्टी बट्टी' में मुख्य भूमिका में नजर आए थे. इसके बाद से उन्होंने किसी फिल्म में लीड एक्टर के तौर पर वापसी नहीं की है. ऐसे में 'अधूरे हम अधूरे तुम' उनके प्रशंसकों के लिए खास फिल्म मानी जा रही है. इमरान ने भी इस फिल्म को अपनी जिंदगी के मौजूदा दौर से जुड़ी एक रोमांटिक कॉमेडी बताया है.

इस फिल्म की रिलीज को लेकर पहले भी सवाल उठ चुके हैं. इस साल आई कुछ रिपोर्ट्स में कहा गया था कि शेड्यूल और प्रोडक्शन से जुड़ी वजहों के चलते फिल्म नेटफ्लिक्स इंडिया की घोषित रिलीज लिस्ट में शामिल नहीं थी. बाद में इमरान ने बताया था कि फिल्म का पोस्ट-प्रोडक्शन का काम चल रहा है और इसे 2026 के आखिर तक रिलीज किए जाने की उम्मीद है.

इमरान खान को क्यों मिला भारत छोड़ने का नोटिस?

इमरान खान को 15 अक्टूबर 2026 को विदेशी क्षेत्रीय पंजीकरण कार्यालय (FRRO) की ओर से भारत छोड़ने का नोटिस मिलने की खबर सामने आई थी. रिपोर्ट के मुताबिक, उन्हें 28 अक्टूबर तक देश छोड़ने का निर्देश दिया गया है. इस मामले में विदेशी नागरिकों से जुड़े कानून के कथित उल्लंघन का आरोप है. नोटिस में इमिग्रेशन एंड फॉरेनर्स एक्ट, 2025 के प्रावधानों का हवाला दिया गया है.

यह मामला 10 अक्टूबर को मुंबई के अगस्त क्रांति मैदान में हुए विरोध प्रदर्शन से जुड़ा है. इस प्रदर्शन में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग की गई थी. मतदाता सूची में संशोधन को लेकर चिंता जताने के लिए आयोजित इस प्रदर्शन में इमरान अपनी साथी लेखा वॉशिंगटन और अपनी कजिन जैन मैरी खान के साथ पहुंचे थे. पुलिस ने प्रदर्शन के दौरान उन्हें हिरासत में लिया था. बाद में उसी शाम उन्हें रिहा कर दिया गया.

नोटिस को अदालत में चुनौती देने की तैयारी

इमरान खान अमेरिकी नागरिक हैं और उनके पास ओवरसीज सिटिजन ऑफ इंडिया (OCI) कार्ड है. रिपोर्ट्स के मुताबिक, वह भारत छोड़ने के नोटिस को अदालत में चुनौती देने की तैयारी कर रहे हैं.

फिलहाल इस मामले में आगे क्या फैसला होता है, इस पर सबकी नजर है. वहीं, उनकी फिल्म की रिलीज को लेकर भी आधिकारिक घोषणा का इंतजार है. जब तक नेटफ्लिक्स या फिल्म के मेकर्स कोई जानकारी नहीं देते, तब तक फिल्म की रिलीज टलने की खबर को संभावित बदलाव के तौर पर ही देखा जाना चाहिए.

The post भारत छोड़ने के नोटिस के बीच 'इमरान खान' की फिल्म पर संकट, क्या अधूरी रह जाएगी वापसी? appeared first on Prabhat Khabar.



Source link

Comments

No comments yet. Why don’t you start the discussion?

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *